मॉरीशस के राष्ट्रपति राजकेश्वर पुरयाग ने मंगलवार को कहा कि भारत उनके देश का करीबी मित्र है। पुरयाग ने 11वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) के मौके पर कहा, "मॉरिशस और भारत के लम्बे समय से घनिष्ठ सम्बंध रहे हैं और हमारे बीच सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग है।" उन्होंने कहा, "मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट के लिए भारत के प्रयासों का समर्थन करेंगे।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का मंगलवार को औपचारिक उद्घाटन किया। पुरयाग ने कहा कि जब भारतीय मूल के लोग भारत की तरक्की देखते हैं, तो गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने बीते वर्ष मॉरिशस में हुए छठे क्षेत्रीय पीबीडी के दौरान भारत से मिले सहयोग के लिए भी शुक्रिया अदा किया।
पुरयाग ने कहा कि पीबीडी ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, "मैं अगले दो दिन में होने वाले विचार-विमर्श का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं, क्योंकि यहां जुटने वाले लोग अपने साथ बहुमूल्य विचार लेकर आते हैं।"
मॉरिशस के राष्ट्रपति के अनुसार पीबीडी ने लम्बा सफर तय किया है, और भारतीय मूल के लोगों को संगठित करने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत अप्रवासी भारतीयों से जुड़ा रहता है और ये अनिवासी भारतीय भारत और जिस देश में रहते हैं, दोनों के बीच एक सेतु का काम करते हैं।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें