आंध्र प्रदेश में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी मंगलवार को पुलिस के निर्देश पर चिकित्सा जांच के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस यह जानना चाहती है कि पूछताछ के लिए वह स्वस्थ हैं या नहीं। पुलिस के निर्देश पर अकबर ओवैसी कड़ी सुरक्षा के बीच बंजारा हिल्स स्थित अपने घर से गांधी अस्पताल के लिए सुबह 10.30 बजे निकले। आदिलाबाद जिले में निर्मल शहर की पुलिस ने उन्हें भड़काऊ भाषण देने के सिलसिले में नोटिस भेजा था और चिकित्सा जांच कराने के लिए कहा था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि चिकित्सा जांच के बाद ही निर्णय लिया जाएगा कि इस मामले में क्या कदम उठाना है। अकबर ओवैसी जब अस्पताल के लिए निकल रहे थे तो उस वक्त उनके बड़े भाई व एमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी वहां मौजूद थे। एमआईएम के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां पहुंचे।
लंदन से सोमवार को यहां पहुंचे ओवैसी ने अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए चार दिन का वक्त मांगा था। जांच अधिकारी सोमवार रात अकबर ओवैसी के घर पहुंचे थे। पुलिस महानिरीक्षक ए. बी. वेंकटेश्वर राव ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि विधायक ने 'अंदरूनी पीड़ा' की शिकायत की है, जबकि जांच अधिकारियों ने उन्हें स्वस्थ पाया।
निजामाबाद पुलिस ने भी अकबर ओवैसी को भड़काऊ भाषण के ही मामले में मंगलवार को पेश होने का निर्देश दिया था। हालांकि एमआईएम के नेता ने व्यक्तिगत तौर पर पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। अकबर ओवैसी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने न्यायालय से पुलिस को यह निर्देश देने की अपील भी की है कि उनके खिलाफ और मामले दर्ज न किए जाएं। याचिका पर बुधवार को सुनवाई होने वाली है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें