पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दो भारतीय जवानों की नृशंस हत्या किए जाने के मात्र एक दिन बाद अमेरिका ने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता स्थापित करने की दिशा में मिलकर काम करेंगे। पेंटागन प्रेस सचिव जोर्ज लिटिल ने कहा कि हम और हमारे भारतीय और पाकिस्तान साझीदार यह उम्मीद करते हैं कि दक्षिण एशिया में हम मिलकर शांति और स्थिरता स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा भारत और पाकिस्तान के बीच ऐतिहासिक विवाद से भली भांति परिचित हैं।
पेनेटा ने कहा कि आतंकवाद के मसले पर हम इसके खिलाफ सख्ती से लड़ने वाले भारत और पाकिस्तान समेत विश्व में सभी देशों के साथ है। आतंकवादी आम आदमी को मारना चाहते हैं। भले ही वह पाकिस्तानी हो, भारतीय हो या फिर अमेरिका का नागरिक हो।
लिटिल ने कहा कि हम सभी आतंकवाद का शिकार हुए हैं। हमारा मानना है कि हमें दुनिया भर के विभिन्न देशों में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के खिलाफ मिलकर खड़ा होने ही जरूरत है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी भारतीय अधिकारियों से नियमित बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं, हमने भारतीय सरकार के साथ प्रभावशाली बातचीत और अच्छे संबंध बनाने की जिम्मेदारी रक्षा उपमंत्री एश्टन कार्टर को सौंपी है।
अमेरिका का बयान ऐसे समय आया है जब मात्र एक दिन पूर्व मंगलवार को पाकिस्तानी सैनिको ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के अंदर घुसकर दो भारतीय जवानों की हत्या कर दी थी जिसकी भारत ने कड़ी निंदा की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें