पाकिस्तानी सेना का हमले से इंकार. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 9 जनवरी 2013

पाकिस्तानी सेना का हमले से इंकार.


 पाकिस्तान की सेना ने आज भारत के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें उसने कहा था कि पाक सैनिकों ने भारत के एक गश्ती दल पर हमला कर दो सैनिकों की हत्या कर दी। साथ ही उसने दावा किया कि उसने जमीनी पुष्टि की है और पाया है कि कुछ भी इस तरह का नहीं हुआ था। पाकिस्तानी पक्ष ने यह बात दोनों पक्षों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच टेलीफोन पर बातचीत के दौरान कही। 
    
पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ मेजर जनरल अशफाक नदीम ने अपने भारतीय समकक्ष विनोद भाटिया से हॉटलाइन पर बातचीत की और नियंत्रण रेखा को पारकर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा किसी भारतीय जवान के हत्या के भारतीय सेना के आरोप को, खारिज कर दिया। 
     
सैन्य अधिकारी ने कहा कि भारतीय अधिकारियों को सूचित किया गया है कि पाकिस्तान ने जमीनी पुष्टि की, जांच की और पाया कि इस तरह का कुछ भी नहीं हुआ जैसाकि भारत ने आरोप लगाया है। अधिकारी ने दावा किया, यह केवल भारतीय सेना का दुष्प्रचार है। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने कल भारतीय सेना के उस दावे को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने कहा था कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पारकर दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी। 
     
पाकिस्तानी सेना ने कहा कि इस आरोप का उद्देश्य कुछ समय पहले हुई एक अन्य घटना से ध्यान भटकाने के लिये है। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा अपने दो सैनिकों की हत्या को उकसाने वाली कार्रवाई करार दिया है और कहा है कि नई दिल्ली, इस्लामाबाद के समक्ष इस मुद्दे को उठायेगा। 
     
पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में भारतीय सीमा को पारकर एक भारतीय गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया और दो सैनिकों की हत्या कर दी थी। इनमें से एक सैनिक का सिर काट दिया गया था। इस हमले में दो अन्य सैनिक घायल हो गये थे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 से नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम लागू है।

कोई टिप्पणी नहीं: