ठण्ड का कोहराम यूपी-बिहार परेशान !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 8 जनवरी 2013

ठण्ड का कोहराम यूपी-बिहार परेशान !!


उत्तर प्रदेश में तापमान में लगातार आ रही गिरावट और बढ़ती शीतलहर लोगों की जिदंगी पर भारी पड़ रही है। कड़ाके की ठंड की वजह से सूबे में पिछले 24 घंटों के दौरान 114 लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी है। मंगलवार को राजधानी में आसमान साफ रहने का अनुमान है। लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सूबे में मुजफ्फरनगर सबसे सर्द क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान पहली बार शून्य से नीचे चला गया। यहां का तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सूबे में लखनऊ के अलावा नजीबाबाद, अलीगढ़, आगरा सहित पूरे पूर्वांचल में शीतलहर और ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है। मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राजधानी के अलावा आगरा का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, नजीबाबाद में एक डिग्री, अलीगढ में 1.4 और लखीमपुर खीरी में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 6.1, वाराणसी का 3.9, बीएचयू क्षेत्र में 4.2 और गाजीपुर में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच ठंड से प्रदेशभर में 114 लोगों ने दम तोड़ दिया है। पूर्वांचल में 48 लोग ठंड से अपनी जान गवां बैठे तो बुंदेलखंड और मध्य उप्र में 29 लोगों की जान चली गयी है। अवध क्षेत्र में 12, मेरठ और उसके आसपास के जिलों में 16 एवं इलाहाबाद के देहात क्षेत्र में नौ लोगों ने ठंड से दम तोड़ दिया है। वहीं राजधानी सहित पूरे प्रदेश में प्रशासन की ओर से गरीबों के लिए रैन बसेरे एवं अलाव की व्यवस्था की गयी है लेकिन कई जगहों पर खामियां भी दिखायी दे रही हैं। 




 बिहार की राजधानी पटना सहित राज्यभर में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में कम अंतर होने के कारण लोग कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे हैं। गया में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सोमवार को यहां 6़1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। गया में मंगलवार को सुबह का तापमान 2.9 डिग्री जबकि पूर्णिया में 6.5 डिग्री व भागलपुर में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

गया में सोमवार को अधिकतम तामपान 15.4 डिग्री, भागलपुर में 13.2 डिग्री व पटना में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी विद्यालयों को 10 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। राज्यभर में सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्यभर में 1413 स्थानों पर सरकार द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: