मॉरीशस के राष्ट्रपति पुरायाग बिहार पहुंचे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 6 जनवरी 2013

मॉरीशस के राष्ट्रपति पुरायाग बिहार पहुंचे


मॉरीशस के राष्ट्रपति राजकेश्वर पुरायाग अपनी पत्नी अनीता के साथ रविवार को बिहार पहुंचे। वह अपने पैतृक गांव का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना हवाईअड्डे पर पुरायाग दंपति की अगवानी की। एक अधिकारी ने बताया, "एक घंटा राजभवन में बिताने के बाद वे पटना जिले के वाजिदपुर गांव के लिए प्रस्थान करेंगे जो यहां से लगभग 20 किलोमीटर दूर है।"

वाजिदपुर गांव के ग्रामीण और पुरायाग के दूर के रिश्तेदार विदेशी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उत्साहित हैं। पुरायाग के पूर्वज 19वीं सदी में बिहार से विस्थापित होकर मॉरीशस चले गए थे। राष्ट्रपति अपने गांव में एक घंटा से अधिक समय बिताएंगे और इस दौरान वह अपने दूर के रिश्तेदारों एवं अन्य लोगों से मिलेंगे।

वह प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। गांव के लोगों ने उन्हें सौगात के रूप में थोड़ी मिट्टी और हाल ही में काटे गए धान की पोटली देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ग्रामीण पुरायाग को चांदी का स्मृतिचिह्न् भी देंगे।

पुरायाग के दूर के रिश्तेदार महेश महतो ने आईएएनएस को फोन पर बताया कि 'माटी के लाल' के रूप में राष्ट्रपति का सम्मान किया जाएगा। महतो ने कहा, "गांव में उत्सव जैसा माहौल है।" उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जनवरी में त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रथम महिला प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने बिहार के बक्सर जिला स्थत अपने पैतृक गांव भेलूपुर का दौरा किया था।

कोई टिप्पणी नहीं: