केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 3600 करोड़ के वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदे में रिश्वतखोरी के आरोपों की शुरुआती जांच में सोमवार को पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी का नाम शामिल किया। इस प्रकार, त्यागी किसी सेना के ऐसे दूसरे पूर्व प्रमुख हो गए जिनका नाम किसी घोटाले की जांच से शामिल किया गया हो।
सीबीआई सूत्रों ने कहा कि इस जांच में त्यागी के अलावा उनके तीन रिश्तेदार जूली, डोकसा और संदीप त्यागी सहित 10 अन्य लोगों तथा चार कंपनियों के नामों को शामिल किया गया है। यह दूसरा मौका है जब किसी सेना के पूर्व प्रमुख का नाम सीबीआई की जांच में शामिल किया गया है। इससे पहले वर्ष 2000 में बराक मिसाइलों की खरीद में कथित रिश्वतखोरी की जांच के सीबीआई मामले में पूर्व एडमिरल सुशील कुमार का नाम शामिल किया गया था।
सूत्रों ने कहा कि जांच में संदिग्ध यूरोपीय बिचौलिये कालरे गारोसा, क्रिस्टियन मिशेल और गुइदो हाशके, एरोमेट्रिक से जुड़े रहे अधिवक्ता गौतम खैतान, इस कंपनी के सीईओ प्रवीण बख्शी, फिनमेकानिका के पूर्व प्रमुख जी ओरसी, अगस्तावेस्टलैंड के पूर्व सीईओ ब्रूनो स्पेगनोलिनी का नाम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में इतालवी कंपनियों फिनमेकानिका और अगस्तावेस्टलैंड, आईडीएस इंफोटेक और ऐरोमेट्रिक का नाम भी शामिल है।
अगस्तावेस्टलैंड सौदे के तहत 12 एडब्ल्यू 101 वीवीआईपी हेलीकाप्टर खरीदने में रिश्वतखोरी की जांच को लेकर शुरूआती जांच में सीबीआई इन आरोपों की जांच करेगी कि कुछ बिचौलियों ने इतालवी कंपनी के पक्ष में सौदे को प्रभावित किया। जांच में कहा गया कि पता चला है कि इतालवी कंपनी फिनमेकानिका ने बिचौलियों को करीब 50 करोड़ रुपये दिए गए जिसमें से बड़ी रकम ट्यूनीशिया और मारिशस के रास्ते सात भारतीयों के पास पहुंची। इसमें कहा गया कि यह धन दो भारतीय कंपनियों आईडीएस इंफोटेक और ऐरोमेट्रिक्स से इंजीनियरिंग अनुबंधों के नाम पर भेजी गई। उन्होंने कहा कि फिनमेकानिका और जन अभियोजक से कुछ दस्तावेज लेकर लौटे सीबीआई अधिकारियों के दल को हेलीकाप्टर सौदे में 362 करोड़ रुपये की कथित रिश्वतखोरी की जांच शुरू करने के लिए पर्याप्त सामग्री मिली है।
सीबीआई की शुरुआती जांच में शामिल सभी संदिग्धों ने रिश्वतखोरी के आरोपों को खारिज किया है। सूत्रों ने कहा कि इस मामले के संबंध में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाये जाने की संभावना है। इतावली एजेंसियों ने अगस्तावेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकानिका के पूर्व अध्यक्ष ओरसी को 15 फरवरी को अनुबंध के लिए रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें