बहिष्कार के बावजूद श्रद्घालु पहुंचे भोजशाला - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 15 फ़रवरी 2013

बहिष्कार के बावजूद श्रद्घालु पहुंचे भोजशाला


मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला परिसर में वसंत पंचमी के मौके पर प्रशासन द्वारा की गई भारी पुलिस बल की तैनाती के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने पूजा के बहिष्कार का ऐलान किया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्घालु भोजशाला पहुंच रहे हैं। भोजशाला को हिंदुओं के साथ-साथ मुस्लिम समाज भी अपना आराध्य स्थल मानता है। यह स्थल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीन है। एएसआई के निर्देश के मुताबिक, शुक्रवार को वसंत पंचमी होने के कारण 14 और 15 फरवरी को यहां दोपहर 12.30 बजे तक पूजा करने की अनुमति होगी, जबकि दोपहर एक बजे से तीन बजे तक जुमे की नमाज अदा होगी।

भोजशाला आयोजन समिति व हिंदू जागरण मंच ने एएसआई के निर्देश का विरोध करते हुए वसंत पंचमी को पूरे दिन पूजा करने का ऐलान किया था, जिसके बाद प्रशासन ने भोजशाला परिसर के बाहर और भीतर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए। दोनों संगठनों ने इसका विरोध करते हुए पूजा न करने का ऐलान कर दिया। उक्त हिंदूवादी संगठनों के इस ऐलान के कारण बड़ी संख्या में लोग परिसर के बाहर जमा हैं, जबकि आसपास के इलाकों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऐसे भी हैं, जो मंदिर के भीतर जाकर पूजा कर रहे हैं।

उधर, प्रशासन ने धार की सभी सीमाएं सील कर दी है। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। काशी सुमेरुपीठ के शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने भी गुरुवार को इंदौर में ऐलान किया था कि वह भोजशाला आयोजन समिति व हिंदू जागरण मंच के समर्थन में भोजशाला पहुंचेंगे। प्रशासन ने तनाव कम करने के लिए उन्हें इंदौर में ही रोक दिया। लेकिन शुक्रवार सुबह शंकराचार्य के समर्थकों के उग्र तेवरों को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें भारी सुरक्षा के बीच भोजशाला की ओर जाने की अनुमति दे दी। धार में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती है और वह विरोध करने वालों पर नजर बनाए हुए है।

कोई टिप्पणी नहीं: