बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (28 मार्च) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 29 मार्च 2013

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (28 मार्च)


मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 30 मार्च को किरनापुर आगमन
म.प्र. के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 30 मार्च को किरनापुर आगमन हो रहा है। श्री चौहान 30 मार्च को शाम 4 बजे हेलिकाप्टर से किरनापुर पहुंचेंगें तथा वहां पर आयोजित अंत्योदय मेले में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लगभग 50 करोड़ रु. की ऋण व अनुदान सहायता का वितरण करेंगें। मुख्यमंत्री श्री चौहान शाम 5.30 बजे  किरनापुर से प्रस्थान करेंगें शाम 6 बजे बिरसी जिला गोंदिया पहुंचेगें तथा वहां से वायुयान द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगें। 

अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगें कोषालय एवं पंजीयन कार्यालय
वित्तिय वर्ष की समाप्ति पर माह मार्च में पक्षकारों द्वारा दस्तावेजों के अधिकाधिक पंजीयन कराये जाने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने जिले के सभी पंजीयन कार्यालयों को अवकाश के दिनों भी खुला रखने के निर्देश दिये है। जन सामान्य की सुविधा एवं शासन  की राजस्व आय को दृष्टिगत रखते हुए जिला कोषालय अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी कोषालय एवं उपकोषालय से प्रतिदिन स्टाम्प वेंडरों को स्टाम्प प्रदाय करें। 29 मार्च के गुड फ्रायडे अवकाश एवं 31 मार्च के रविवार अवकाश को जिले के सभी पंजीयक कार्यालय दस्तावेजों के पंजीयन के लिए खुले रेंहेंगें। अवकाश के दिनों में कोषालय एवं उपकोषालयों से भी स्टाम्प वेंडरों को स्टाम्प का वितरण किया जायेगा।

बी.पी.एल. योजना में अप्रैल माह के लिए जिले को 29 हजार 90 क्विंटल खाद्यान्न आबंटित
जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र्त्रों के बी.पी.एल. कार्ड धारकों को आगामी माह अप्रैल 2013 में सरकारी उचित मूल्य दुकान से सस्ती दर पर विक्रय के लिए  21 हजार 820 क्विंटल चावल एवं 7270 क्विंटल गेहूं का आबंटन प्राप्त हुआ है। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने इस खाद्यान्न को लीड संस्थावार पुनराबंटित कर दिया है तथा 31 मार्च 2013 तक इसका अनिवार्य रूप से उठाव करने के निर्देश दिये है। नगरीय क्षेत्र के बी.पी.एल. राशन कार्ड धारकों को सस्ती दर पर विक्रय के लिए लीड संस्था बालाघाट को 754 क्विंटल चावल व 252 क्विंटल गेहूं, वारासिवनी को 294 क्विंटल चावल व 99 क्विंटल गेहूं, कटंगी को 152 क्विंटल चावल व 51 क्विंटल गेहूं, बैहर को 239 क्विंटल चावल व 80 क्विंटल गेहूं, बिरसा को 605 क्विंटल चावल व 202 क्विंटल गेहूं तथा लीड संस्था लांजी को 140 क्विंटल  चावल व 48 क्विंटल गेहूं आबंटित किया गयार्  है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों के बी.पी.एल.कार्ड धारकों को सस्ती दर पर विक्रय के लिए लीड संस्था बालाघाट को 2522 क्विंटल चावल व 839 क्विंटल गेहूं, किरनापुर को 2330 क्विंटल चावल व 776 क्विंटल गेहूं, लांजी को 2342 क्विंटल चावल व 780 क्विंटल गेहूं, वारासिवनी को 1389 क्विंटल चावल व 462 क्विंटल गेहूं, खैरलांजी को 2021 क्विंटल चावल व 673 क्विंटल गेहूं, लालबर्रा को 2031 क्विंटल चावल व 676 क्विंटल गेहूं, कटंगी को 2360 क्विंटल चावल व 786 क्विंटल गेहूं,, बैहर को 1677 क्विंटल चावल व 558 क्विंटल गेहूं, लीड संस्था बिरसा को 1703 क्विंटल चावल व 567 क्विंटल गेहूं तथा लीड संस्था परसवाड़ा को 1261 क्विंटल चावल व 421 क्विंटल गेहूं आबंटित किया गया है।
कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने बालाघाट, वारासिवनी, बैहर, लांजी एवं कटंगी के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया है कि वे प्रत्येक बी.पी.एल. राशन कार्ड धारक को प्रति कार्ड 15 किलोग्राम चावल व 5 किलोग्राम गेहूं का प्रतिमाह के आधार पर वितरण  सुनिश्चित करें।  

लेखन सामग्री क्रय करने 30 मार्च तक निविदा आमंत्रित
वर्ष 2013-14 के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में लेखन सामग्री क्रय करने स्टेशनी विक्रेताओं से सामग्री का नमूना एवं दरों की निविदा आमंत्रित की गई है। सीलबंद  निविदा आगामी 30 मार्च तक कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपरान्ह 3 बजे तक प्रस्तुत की जा सकती है। वर्ष 2013-14 में क्रय की जाने वाली लेखन सामग्री एवं स्टेशनरी सामग्री की सूची कलेक्ट्रेट कार्यालय में देखी जा सकती है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है। 

कटंगी एवं भानपुर में लगाया गया पशु जनजागरण शिविर
  • 591 पशुओं का शिविर में किया गया उपचार

पशु माता महामारी सर्तकता ईकाई बालाघाट के तत्वावधान में 22 मार्च को ग्राम कटंगी (मौदा) में तथा 25 मार्च को ग्राम भानपुर में पशु जनजनागरण शिविर का आयोजन किया गया था। इन ग्रामों में लगाये गये शिविर में ग्रामीण पशुपालकों एवं किसानों को पशुपालन के संबंध में जानकारी देने के साथ ही पशुओं का टीकाकरण किया गया तथा 592 पशुओं का नि:शुल्क उपचार किया गया। पशु माता महामारी सर्तकता ईकाई के प्रभारी श्री ओ.एस. घरसेले के मार्गदर्शन में ग्राम कटंगी में आयोजित इस शिविर में सरपंच श्रीमती दशरी कावरे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थी। इस शिविर में ग्रामीण पशुपालकों एवं किसानों को बताया गया कि वे उन्नत नस्ल के दुधारू पशु पाला करें। पशुपालन से किसानों को आय का अतिरिक्त साधन मिलता है। शिविर में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 51 पशुओं का उपचार किया गया तथा कमजोर व अन्य बीमारियों से ग्रसित 27 पशुओं के लिए नि:शुल्क दवा दी गई । शिविर में 6 माह से कम आयु के 33 बछड़ों को कृमिनाशक दवा पिलाई गई तथा 238 पशुओं को एक टांगिया रोक से बचाव के लिए प्रतिबंधात्मक टीके लगाये गये। शिविर में 5 बांझ पशुओं का उपचार कर उन्हें प्रजनन योग्य बनाया गया। 
ग्राम भानपुर में आयोजित शिविर में 33 पशुओ का उपचार कर उनके लिए नि:शुल्क दवा दी गई। 22 बछडों को कृमिनाशक दवा पिलाई गई तथा 206 पशुओ को रोग प्रतिबंधात्मक टीके लगाये गये। शिविर में 3 बांझ पशुओं का उपचार कर उन्हें प्रजनन योग्य बनाया गया तथा 23 पशुओं का खून निकालकर शिरम तैयार किया गया और जांच के लिए जिला पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला में भेजा गया। इन दोनों ग्रामों में आयोजित शिविर में पशुओं की जांच एवं उपचार में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री एन.पी. चौधरी, श्री व्ही.के. बाहेश्वर, श्री के.व्ही. गढ़पाले,श्री मुनेश चौधरी एवं परिचारक मनोज कुमार ने सहयोग प्रदान किया।

कोई टिप्पणी नहीं: