किरनापुर में मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगें 41 हजार 566
- हितग्राहियों को 40 करोड़ रु. की ऋण एवं अनुदान राशि का वितरण
30 मार्च को उत्कृष्ट विद्यालय किरनापुर के प्रांगण में अंत्योदय मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 41 हजार 566 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण एवं अनुदान सहायता राशि का वितरण किया जायेगा। किरनापुर में आयोजित इस अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री श्री चौहान आई.ए.पी. योजना के अंतर्गत 99 लाख 29 हजार रु. की लागत से बनने वाले 5 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन एवं महिला सशक्तिकरण भवन के लिए भूमिपूजन करेंगें तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 7 करोड़ 72 लाख रु. की लागत से बनी 24 किलोमीटर लंबाई की 6 सड़कों का लोकार्पण करेंगें। इस कार्यक्रम में 8 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 28 हजार रु. की बीमा राशि का वितरण किया जायेगा तथा 21 वन सुरक्षा समितियों को 72 लाख 14 हजार रु. की लाभांश राशि का वितरण किया जायेगा।
अंत्योदय मेला में म.प्र. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की परिवार मूलक ईकाई योजना के अंतर्गत 60 हितग्राहियों को 13 लाख 50 हजार रु., माटीकला बोर्ड द्वारा 16 हितग्राहियों को 4 लाख रु., तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 16 हितग्राहियों को 46 लाख 72 हजार रु. की सहायता राशि का वितरण किया जायेगा। जनपद पंचायत लांजी क्षेत्र के 1063 हितग्राहियों को आवास, रोजगार, परिवार सहायता, प्रसूती सहायता, मेढ बंधान के लिए 4 करोड़ 41 लाख रु. की सहायता प्रदान की जायेगी। नगर पंचायत क्षेत्र लांजी के 12 हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए 9 लाख 50 हजार रु. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी। किरनापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत वारासिवनी के 3811 हितग्राहियों को 5 करोड़ 34 लाख रु., किरनापुर के 1162 हितग्राहियों को 2 करोड़ 48 लाख 87 हजार रु. तथा जनपद पंचायत खैरलांजी के 9321 हितग्राहियों को 11 करोड़ 4 लाख 83 हजार रु. की सहायता राशि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की जायेगी। मत्स्य पालन विभाग द्वारा 37 हितग्राहियों को मत्स्य पालन के लिए 4 लाख 14 हजार रु. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी। कृषि विभाग द्वारा 225 हितग्राही किसानों को 22 लाख 96 हजार रु. की सहायता राशि का वितरण किया जायेगा। श्रम विभाग द्वारा 5594 श्रमिकों को 2 करोड़ 74 लाख 73 हजार रु. की सहायता राशि का वितरण किया जायेगा।
किरनापुर अंत्योदय मेला में रेशम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को 2 लाख रु. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी। उद्यान विभाग द्वारा 17 हजार 227 हितग्राहियों को 86 लाख 70 हजार रु. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा 40 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 27 लाख 66 हजार रु. की ऋण एवं अनुदान सहायता प्रदान की जायेगी। आदिवासी विकास विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को 4 लाख 64 हजार रु. की सहायता राशि प्रदान की जायेगी।
खमरिया में खुलेगा जिले का 50 वां आयुर्वेद औषधालय
- 31 मार्च को पी.एच.ई. मंत्री श्री बिसेन करेंगें शुभारंभ
म.प्र. शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन आगामी 31 मार्च को लालबर्रा विकासखंड के ग्राम खमरिया में आयुर्वेद औषधालय का शुभारंभ करेंगें। यह बालाघाट जिले का 50 वां आयुर्वेद औषधालय होगा। आयुर्वेद औषधालय की इस सौगात से लालबर्रा क्षेत्र के ग्रामों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण जनता को गांव के करीब ही उपचार की सुविधा मिलेगी। मंत्री श्री बिसेन 31 मार्च को प्रात: 10 बजे ग्राम पाथरी में शासकीय उचित मूल्य दुकान का शुभारंभ करेंगें। इसके पश्चात वे ग्राम खमरिया में आयुष योजना के अंतर्गत खुलने वाले आयुर्वेद औषधालय का शुभारंभ करेंगें। खमरिया में आयुर्वेद औषधालय का शुभारंभ करने के बाद वे ग्राम पिपरिया(बड़.) में प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण करेंगें तथा ग्राम नैतरा में शासकीय उचित मूल्य दुकान का शुभारंभ करेंगें।
उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन के प्रयासों से बालाघाट जिले को इस वर्ष आयुष योजना के अंतर्गत तीन ओषधालयों की सौगात मिली है। इसमे से एक होमियोपैथिक औषधालय बालाघाट विकासखंड के ग्राम कुम्हारी में 15 फरवरी 2013 से प्रारंभ किया जा चुका है। यह बालाघाट जिले का 6 वां होमियोपैथिक औषधालय है। लालबर्रा विकासखंड के ग्राम कंजई में जिले का पहला यूनानी चिकित्सा पध्दति का औषधालय प्रारंभ कर दिया गया है। इसके बाद अब ग्राम खमरिया में बालाघाट जिले का 50 वां आयुर्वेद औषधालय खुलने जा रहा है।
उचित मूल्य दुकान खोलने मापदंड तय
मंत्री श्री बिसेन ने बताया कि प्रदेश सरकार ने गावों में नई उचित मूल्य दुकान खोलने के लिए मापदंड तय कर दिये है। अब पुरानी दुकान से 3 किलोमीटर की दूरी होने तथा गांव में बी.पी.एल. व अंत्योदय के 200 राशन कार्ड होने पर ग्राम पंचायत व सोसायटी के प्रस्ताव पर गांव में नई दुकान खोल दी जायेगी। प्रदेश शासन की इस नीति के अनुसार ग्राम पाथरी एवं नैतरा में 31 मार्च को शासकीय उचित मूल्य की दुकान प्रारंभ की जा रही है। जिले में इस मापदंड के अनुसार जहां पर नई दुकान खोलने के प्रस्ताव आयेंगें उन सभी को मंजूर किया जायेगा।
21 वन सुरक्षा समितियों को मिलेगा काष्ठ विदोहन का 72.14 रु. का लाभांश
- मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगें लाभांश राशि का वितरण
वन विभाग के लामता परियोजना मंडल के अंतर्गत आने वाली 21 वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ विदोहन के वर्ष 2011-12 के लाभांश के रूप में 72 लाख 14 हजार 400 रु. की राशि प्राप्त होने जा रही है। किरनापुर में 30 मार्च को आयोजित अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ विदोहन के लाभांश की राशि का वितरण किया जायेगा। लामता परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक श्री एच.पी. झारिया ने बताया कि संयुक्त वन प्रबंधन के अंतर्गत वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ विदोहन से प्राप्त होने वाले लाभांश की राशि प्रदान की जाती है। लामता परियोजना मंडल की 21 वन सुरक्षा समितियों को वर्ष 2011-12 के काष्ठ विदोहन के लाभांश के रूप में 72 लाख 14 हजार 400 रु. की राशि प्राप्त होने जा रही है। वन सुरक्षा समिति धापेवाड़ा, लोटमारा, चमरवाही, बोथवा, दीनी, खड़गपुर, चाकाहेटी, जामुनटोला, कोसुम्बा, टेकाड़ी, सोनेगांव, रामजीटोला, हमेशा, चिखलाबड्डी, सोनेवानी, सेरपार, राजपुर/लगमा व समनापुर प्रत्येक समिति को 3 लाख 43 हजार 543 रु. का लाभांश दिया जाना है। इसी प्रकार वन सुरक्षा समिति खंडापार, नारंगी एवं हिर्री प्रत्येक समिति को 3 लाख 43 हजार 542 रु. का लाभांश दिया जाना है।
संयुक्त वन प्रबंधन के अंतर्गत वनों के करीब बसने वाले ग्रामीणों को काष्ठ के विदोहन से प्राप्त होने वाले लाभांश का एक बड़ा हिस्सा दिया जाता है। इसके पीछे शासन की मंशा है कि ग्रामीण जनता के लिए जब जंगल मुनाफा देने लग जायेंगें तो वे स्वयं वनों की सुरक्षा और बेहतर ढंग से कर सकेगें। वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ के लाभांश में साझेदारी देकर वनों की सुरक्षा का पक्का इंतजाम कर लिया गया है। वन सुरक्षा समितियां लाभांश की इस राशि का उपयोग अपने गांव में विकास कार्यों में कर सकती है।
म.प्र. तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष मेघराज जैन का दौरा कार्यक्रम
म.प्र. तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मेघराज जैन 30 एवं 31 मार्च को बालाघाट में रहेंगें । श्री जैन 31 मार्च को शाम 5 बजे बालाघाट से गोंदिया के लिए प्रस्थान करेंगें तथा वहां से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगें।
31 मार्च को कोषालय में समय सीमा में ई-भुगतान की कार्यवाही करने के निर्देश
वित्तीय वर्ष 2012-13 का अंतिम कार्य दिवस होने के कारण 31 मार्च को अवकाश होने के बाद भी शासकीय लेन-देन के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला कोषालय एवं उपकोषालय खुले रहेंगें और वे कार्य करते रहेंगें। 31 मार्च को कोषालय से रात्री 8 बजे के बाद ई-भुगतान के लिए कोई भी फाईल अपलोड नहीं की जायेगी। जिला कोषालय अधिकारी श्री जी.डी. बडोदिया ने इस संबंध में बताया कि संचालनालय कोष एवं लेखा के निर्देशों के अनुसार 31 मार्च को कोषालय एवं उपकोषालयों के द्वारा देयकों के भुगतान से संबंधित समस्त कार्य रात्री 8 बजे के पूर्व कर लिया जाना है। 31 मार्च को एन.ई.एफ.टी. से भुगतान वाली समस्त फाईलों को दोपहर 2 बजे के पूर्व अपलोड करने कहा गया है। दोपहर 2 बजे के बाद कोई भी एन.ई.एफ.टी. फाईल भुगतान के लिए अपलोड नहीं की जायेगी।
इन्ट्रा बैंक भुगतान के अंतर्गत ऐसे प्राप्तर् कत्ता जिनका खाता भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में है, को ई-भुगतान के लिए फाईल रात्री 8 बजे तक ही अपलोड की जायेगी। रात्री 8 बजे के बाद इन्ट्रा बैंक भुगतान की कोई भी फाईल अपलोड नहीं की जायेगी। जिला कोषालय अधिकारी ने बैहर, कटंगी, लांजी एवं वारासिवनी के उपकोषालय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे 31 मार्च को एन.ई.एफ.टी से संबंधित भुगतान की फाईल दोपहर 12 बजे तक अपलोड कर दें। इसी प्रकार भारतीय स्टेट बैंक के खाता धारकों को ई-भुगतान के लिए शाम 6 बजे तक फाईल अपलोड कर दें। जिससे 31 मार्च को ई-भुगतान का समस्त कार्य समय सीमा में पूरा किया जा सकेगा। 31 मार्च को निर्धारित समय सीमा में फाईल अपलोड करने में विलंब के लिए उपकोषालय अधिकारी एवं आहरण संवितरण अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें