देहरादून, 14 मार्च। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने मीडिया को लोकतंत्र का प्रमुख स्तम्भ बताते हुए जन समस्याओं के समाधान के लिए पत्रकारों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने मीडिया से समाज को नई दिशा देने का भी आह्वान किया। आईजेयू के इस सम्मेलन में बैठक के दौरान सरकार से जितनी भी मांगे रखी गई सरकार की ओर से मुख्यमंत्री ने अधिकांश मांगों पर अपनी सहमति देते हुए उसे तत्काल लागू करने की घोषणा की।
नगर निगम प्रेक्षागृह में जर्नलिस्ट यूनियन आफ उत्तराखण्ड के सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में पत्रकारिता के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। समाज हित में उनके सुझावों का स्वागत है। मुख्यमंत्री ने कहा पत्रकारों की सुविधा के लिए परिवहन निगम की बसों में आवागमन हेतु दी जा रही सुविधा प्रदेश के अंदर निजी परिवहन कम्पनी की बसों में भी उपलब्ध करायी जायेगी। इसके लिए कूपन व्यवस्था लागू की जायेगी।
उन्होंने कहा कि सूचना अधिकारी के पद के लिए स्नातक स्तर पर अनिवार्य हिन्दी विषय की वाध्यता के स्थान पर हिन्दी के कार्यसाधक ज्ञान की व्यवस्था किये जाने पर विचार किया जायेगा, ताकि इस पद के लिए अधिक से अधिक लोग आवेदन कर सके। उन्होंने अन्य राज्यों की विज्ञापन नीतियों का अध्ययन कर उसे राज्य में लागू करने व वेज बोर्ड के लिए समिति के गठन पर भी विचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्षेत्रीय भाषा में प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों के विकास के लिए भी नीति बनायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों का आह्वान किया कि सकारात्मक सोच के साथ अपनी बात रखे। कोई भी घटना तिल का ताड़ न बने इस पर भी ध्यान दे। मुख्यमंत्री ने समाचार पत्रों को पेड न्यूज व पीत पत्रकारिता से बचने की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकारों से अपेक्षा की, कि वे युवा पत्रकारों को पत्रकारिता का सद्मार्ग दिखायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मजदूरी दरों में 22 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उत्तराखण्ड की विकास दर अच्छी है। मजदूर व मालिकों के सम्बन्ध अच्छे है। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण है। प्रदेश के युवाओं की क्षमता विकास के लिए इंजीनियरिंग व पॉलिटेक्निक कालेजों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा प्रदेश आंदोलनों का प्रदेश न बने, इस पर सभी को सोचना होगा। इससे पूर्व जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएन सिन्हा, फेडरेशन ऑफ इण्टरनेशनल जर्नलिस्ट यूनियन की सदस्य सवीना, पर्वतीय पत्रकार परिषद दिल्ली के देवेन्द्र उपाध्याय व अवतार नेगी सहित उत्तराखण्ड के सभी जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर संगठन के आम चुनाव में एक बार फिर जय सिंह रावत को अध्यक्ष और गिरीश पंत को महामंत्री तथा कोषाध्यक्ष पद पर कुकरेती को चुना गया। बैठक में आए तमाम प्रतिनिधियों ने पूर्व कार्यकारिणी के अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष को एक कार्यकाल और देने की बात कही, क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष व महामंत्री के कार्यकाल में संगठन ने कई महत्वपूर्ण पत्रकार हितों के लिए किए हैं। जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड के द्विवार्षिक सम्मेलन को नगर निगम के मेयर विनोद चमोली, कृषि एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. हरक सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट आदि ने भी संबोधित किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएन सिन्हा एवं प्रान्तीय अध्यक्ष जय सिंह रावत द्वारा मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं सम्मेलन के समापन में जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष राजेन्द्र जोशी ने सम्मेलन में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए समस्त संगठन प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी समय में संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड को मजबूती प्रदान करनी होगी।
(राजेन्द्र जोशी)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें