बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (16 अप्रैल) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 16 अप्रैल 2013

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (16 अप्रैल)



प्रभारी मंत्री श्री मोहोड़ का 17 अप्रैल को बालाघाट आगमन
म.प्र. शासन के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री नानाभाउ मोहोड़ का 17 अप्रैल को बालाघाट आगमन हो रहा है। श्री मोहोड़ 17 अप्रैल को प्रात: 6 बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से गोंदिया पहुंचेंगें तथा वहां से प्रात: 7 बजे बालाघाट पहुंचेंगें। श्री मोहोड़ प्रात: 11 बजे सर्किट हाउस में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों से भेंट करेंगें तथा दोपहर 12 बजे वे जिला योजना समिति की बैठक में शामिल होंगें। श्री मोहोड़ शाम 4 बजे बालाघाट से सौंसर जिला छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगें। 

समस्या के निदान का भरोसा लेकर हाईटेक जनसुवाई में बड़ी संख्या में आ रहे हैं लोग
कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने जनसुनवाई में सुनी जनता की समस्यायें
प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 16 अप्रैल को कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने अपनी शिकायतें एवं समस्यायें लेकर आये जोगों की बातों को ध्यान से सुना और निराकरण योग्य प्रकरणों में समय सीमा में तय कर दी । इस हाईटेक जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से भी लोग अपनी समस्याओं के निदान का भरोसा लेकर आ रहे है। समस्यायें लेकर आने वाले लोग भी इस बात से संतुष्ट हो जाते है कि कलेक्टर ने उनकी बातों को सुना है और उस पर गौर भी किया है। सरपंच नहीं दे रहा है राशन कार्ड जन सुनवाई में वन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी अब्दुल कलाम कुरैशी शिकायत लेकर आये थे कि उनके पेंशन प्रकरण का सही निराकरण नहीं किया जा रहा है। वन विभाग के निलंबित कर्मचारी बी.एल. भौतेकर भी शिकायत लेकर आये थे कि उन्हें पदोन्नती एवं वेतनवृध्दि का लाभ नहीं दिया गया है। ग्राम डोंगरबोड़ी के हरिशंकर चौहान शिकायत लेकर आये थे कि उनकी नाम बी.पी.एल. सूची में होने के बाद भी सरपंच पुनवलाल रहांगडाले राशन कार्ड नहीं बनने दे रहा है। एक व्यक्ति शिकायत लेकर आया था कि नाहरवानी की सरपंच एवं सचिव द्वारा निराश्रित व्यक्तियों की पेंशन राशि में गबन किया गया है। छात्रा श्वेता कनोजिया छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत लेकर आई थी। ग्राम खिर्री की प्रीतिबाला बिसेन अनुकम्पा नियुक्ति नहीं मिलने की शिकायत लेकर आई थी। उच्च शिक्षा के लिए नहीं मिला ऋण जनसुनवाई में कटंगी की निवासी सुलोचना उके शिकायत लेकर आई थी कि उसके द्वारा अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए बैंक से ऋण लेने आवेदन दिया गया था, लेकिन किसी भी बैंक ने ऋण नहीं दिया। उसे 5 लाख रु. के ऋण की आवश्यकता थी। यदि बैंक उसे 3 लाख रु. भी ऋण देते तो वह अपना काम चला लेती। बैंक से ऋण नहीं मिलने पर उसकी बेटी की उच्च शिक्षा में व्यवधान हुआ है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने मौके पर अग्रणी बैंक के अधिकारी को निर्देशित किया कि वे तीन दिनों के भीतर सुलोचना की बेटी को उच्च शिक्षा के लिए ऋण दिलायें। 

बहुविकलांग पेंशन की मांग
जनसुनवाई में ग्राम सेरवी के रवि मेश्राम एवं सुनीता उईके बहुविकलांग पेंशन देने की मांग लेकर आये थे। इसी ग्राम के धरम सिंह आवास योजना का  लाभ दिलाने की फरियाद लेकर आये थे। बालाघाट कोसमी की निवासी शालिनी बघेल अपनी नानी के साथ जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र बनवाने की मांग लेकर आई थी। शालिनी के माता-पिता बचपन में गुजर गये है। वह अपनी नानी के साथ रहकर पढ़ाई करती है। अब आगे की पढ़ाई के लिए उसे जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। ग्राम निलजी की एक महिला अपनी बेटी ज्ञानवंती को बहुविकलांग पेंशन दिलाने एवं आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आई थी। 

दबंग व्यक्तियों पर प्रताड़ित करने का आरोप
ग्राम चरेगांव के संतोष मेश्राम अपनी पत्नी एवं दो बच्चों को लेकर जनसुनवाई में आये थे। उनकी शिकायत थी कि उसके परिवार को धनसिंह पारधी द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक से कहा है कि वे इस प्रकरण की जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरूध्द एस.सी.एस.टी. एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही करें। 

कर्ज लेकर खरीदे गये ट्रेक्टर को किसी और ने बेच दिया
जनसुनवाई में रामपायली कस्बीटोला की सुलोचना खांब्रागढ़े शिकायत लेकर आई थी कि उसके द्वारा वर्ष 2005 में बैंक से कर्ज लेकर ट्रेक्टर खरीदा गया था। तत्कालीन जनपद अध्यक्ष किशोर अमूले द्वारा उससे यह कह कर ट्रेक्टर मांगा गया कि वह ट्रेक्टर काम में लगायेगा और बैंक ऋण की किश्त वह अदा करेगा। लेकिन उनके द्वारा ऋण की कोई किश्त जमा नहीं की गई है और उसके ट्रेक्टर क्रमांक एम.पी.-50 ए.डी. 0442 को बेच दिया गया है। बैंक वाले अब उसे ऋण की किश्त जमा करने कहते है। अब वह कैसे ऋण की किश्त जमा करेगी। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को इस प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिये है। जांच में शिकायत सही पाये जाने पर दोषी व्यक्ति के विरूध्द धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराने कहा गया है। 

पूरी पेंशन नहीं मिल रही है
जनसुनवाई में मोना सोनी शिकायत लेकर आई थी कि उसके पति किरनापुर जनपद में सहायक विकास विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। उनकी मृत्यु हो जाने के बाद उन्हें पूरी पेंशन नहीं दी जा रही है। जी.पी.एफ. का पैसा भी नहीं दिया जा रहा है। बिसेन बाबू धमकी देता है कि शिकायत करोगी तो जी.पी.एफ. का एक भी पैसा नहीं मिलेगा। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने मोना सोनी के प्रकरण का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये है। 

पंचायत सचिव की नियुक्ति में रोस्टर का पालन नहीं
जनसुनवाई में पत्रकार श्री शोकत बिसाने शिकायत लेकर पहुंचें थे कि जिला पंचायत द्वारा पंचायत सचिवों की नियुक्ति में आरक्षण के रोस्टर का पालन नहीं किया गया है। ग्राम बरखो का बैगा युवक शिव कुमार मंडावी भृत्य के पद पर नियुक्ति करने की मांग लेकर आया था। लालबर्रा अस्पताल में वार्ड बाय का काम कर चुका विजय सनोरिया कलेक्टर दर पर नियुक्ति की मांग लेकर आया था। उसकी शिकायत थी कि डॉ. नकरा द्वारा नियुक्ति के लिए 50 हजार रु. की मांग की गई है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभागों को समय सीमा में कार्यवाही के लिए भेज दिया है। अधिकारी द्वारा समय सीमा में कार्यवाही नहीं किये जाने पर उनके विरूध्द कार्यवाही की जायेगी। 

प्रेरक चयन भर्ती की अनंतिम सूची जारी, 22 अप्रैल मे दावे आपत्ति आमंत्रित
जनपद पंचायत कटंगी द्वारा प्ररेक भर्ती के लिए आवेदकों की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्ही.एस. ठकराव ने बताया कि प्रेरक चयन सूची पर जिस किसी को भी आपत्ति हो तो वे अपने दावे-आपत्ति आगामी 22 अप्रैल तक विकासखंड शिक्षा केन्द्र कटंगी में प्रस्तुत कर सकते है। 22 अप्रैल के बाद प्राप्त होने वाले दावे आपत्ति पर विचार नहीं किया जायेगा। 

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामूहिक विवाह आयोजन के लिए 50.10 लाख रु. आबंटित

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह सम्पन्न कराने के लिए सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जनपद पंचायतों को 50 लाख 10 हजार रु. की राशि आबंटित की गई है। उप संचालक सामाजिक न्याय श्री धनंजय मिश्रा ने बताया कि ऐसे गरीब परिवार जो गरीबी के कारण अपने कन्या का विवाह कराने में समर्थ नहीं है, उनकी कन्या का विवाह कराने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने ली है। इसके लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में गरीब परिवार की कन्या का विवाह सम्पन्न कराया जाता है। कन्या को अपनी गृहस्थी बसाने के लिए 13 हजार रु. की सामग्री भी उपहार के रूप में प्रदान की जाती है। जबकि सामूहिक विवाह के आयोजन को प्रति कन्या 2 हजार रु. की राशि प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन के लिए जनपद पंचायत लालबर्रा को एक लाख 35 हजार रु., किरनापुर को एक लाख 50 हजार रु., नगर पालिका बालाघाट को 25 लाख 20 हजार रु., जनपद पंचायत परसवाड़ा को 5 लाख 25 हजार रु., खैरलांजी को 7 लाख 50 हजार रु. तथा जनपद पंचायत लांजी को 7 लाख 50 हजार रु. की राशि आबंटित की गई है। उप संचालक श्री धनंजय मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक जनपद पंचायत को इस योजना के अंतर्गत 100-100 विवाह कराने का लक्ष्य दिया गया है। नगर पंचायत बैहर में आगामी 19 अप्रैल को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बैहर क्षेत्र के जो भी गरीब परिवार में इस कार्यक्रम में अपनी कन्या का विवाह कराने चाहते हैं वे नगर पंचायत बैहर या जनपद पंचायत कार्यालय बैहर से सम्पर्क कर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। 

निराश्रित वृध्दों के लिए भटेरा चौकी बालाघाट में वृध्दाश्रम की सुविधा
ऐसे निराश्रित वृध्द जिनका कोई पालने वाला नहीं है, जो अकेले रहते हैं या जिनके बच्चे देखभाल नहीं करते हैं या उन्हें खाना नहीं देते हैं, उनके लिए सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से बालाघाट में भटेरा चौकी रेल्वे क्रासिंग के पास सहारा निरात्रित वृध्दाश्रम संचालित किया जा रहा है। इस वृध्दाश्रम में 25 वृध्दों के रहने का इंतजाम है। उप संचालक सामाजिक न्याय श्री धनंजय मिश्रा ने इस संबंध में बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुरूप बालाघाट जिले में भी वृध्दाश्रम खोला गया है। यह वृध्दाश्रम बालाघाट में भटेरा चौकी रेल्वे क्रासिंक के पास में स्वयं सेवी संस्था के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसमें 25  निराश्रित वृध्दों के रहने की व्यवस्था है। वृध्दाश्रम में रहने वाले वृध्द जनों को भोजन आदि नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाता है। इसमें वृध्दजनों के मनोरंजन के लिए ताश, केरम आदि की भी सुविधा सुलभ है। बीमार वृध्दजनों के लिए डाक्टर एवं नर्स की सुविधा भी सुलभ है। जिले में निवासरत ऐसे वृध्द जिनके बेटा या बेटी उन्हें भोजन नहीं दे रहे हैं या उनकी देखभाल नहीं कर रहें है वे इस वृध्दाश्रम में रहने के लिए आ सकते है। जो वृध्द निराश्रित है या अकेले रहते हें वे भी इस वृध्दाश्रम में रहने आ सकते है। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वृध्दाश्रम का संचालन करने वाली स्वयं सेवी संस्था को वृध्दजनों की देखभाल के लिए अनुदान दिया जाता है। नशा मुक्ति संगठन के श्री धनेन्द्र हनवत की संस्था द्वारा इस वृध्दाश्रम का संचालन किया जा रहा है। जन सामान्य से भी अपील की गई है कि यदि उनके आस-पास कोई निराश्रित वृध्दजन रहता हो तो उसे भटेरा चौकी में संचालित वृध्दाश्रम में पहुंचायें। जिससे ऐसे वृध्दजनों की उचित देखभाल हो सके और उन्हें जीने के लिए एक सहारा मिल सके। 

ग्राम रोजगार सहायकों की अनंतिम चयन सूची जारी

जनपद पंचायत कटंगी द्वारा ग्राम पंचाश्यत कोडबी, बोलडोंगरी, नवेगांव, सुकली, लखनवाड़ा के अंतर्गत ग्राम रोजगार सहायक की भर्ती के लिए आवेदकों की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्ही.एस. ठकराव ने बताया कि अनंतिम सूची पर  दावे आपत्ति 23 अप्रैल तक कार्यालय मनरेगा जनपद पंचायत कटंगी में प्रस्तुत किये जा सकते है। 23 अप्रैल के बाद दावे आपत्ति स्वीकार नहीं किये जायेंगें। 


कोई टिप्पणी नहीं: