शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए रथ रवाना
पन्ना 27 अपै्रल 13/शासन की विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के विशेष प्रचार-प्रसार अभियान में पन्ना जिले को भी शामिल किया गया है। इसके तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों तथा गांव में दो प्रचार रथों द्वारा शासन की योजनाओं का आगामी दो माह तक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इन रथांे को कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने झण्डी दिखा कर जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया। प्रचार वाहनों को विकासखण्डवार ग्राम पंचायतों के रूट चार्ट निर्धारित किए गए हैं। प्रचार वाहन में विभिन्न योजनाओं से संबंधित पम्पलेट वितरित किए जाएंगे। इनमें प्लाजमा टी.व्ही. के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की लघु फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि प्रचार रथ प्रत्येक ग्राम पंचायत का भ्रमण करें। गांव के सरपंच, सचिव तथा अन्य मैदानी कर्मचारियों के सहयोग से आमजनता तक शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। विभिन्न गांव में भ्रमण की प्रतिदिन जानकारी जिला जनसम्पर्क कार्यालय में प्रस्तुत करें। जनसम्पर्क संचालनालय द्वारा पन्ना जिले में योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए दो प्रचार रथ तैनात किए गए हैं। इन रथों को शासन की विभिन्न योजनाओं के फ्लेक्स से सुसज्जित किया गया है। वाहन में आडियो तथा वीडियो के माध्यम से प्रचार की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर सभी एसडीएम तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रचार रथों द्वारा प्रचार-प्रसार कार्य की निगरानी के निर्देश दिए हैं।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण एक मई से
पन्ना 27 अपै्रल 13/जिले के सभी विकासखण्डों तथा जिला मुख्यालय में खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा एक मई से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। ग्रामीण विकास विभाग की पायका योजना के तहत आयोजित प्रशिक्षण में 8 से 19 आयु वर्ग के खिलाडी भाग ले सकते हैं। इसमें सभी प्रमुख खेलों का चुने हुए खेल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी एन.एन. शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक खिलाडी 25 अप्रैल तक अपना पंजीयन जिला खेल एवं युवक कल्याण कार्यालय अथवा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में करा सकते हैं।
सिविल सेवा परीक्षा की मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
पन्ना 27 अप्रैल 13/अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की निःशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। कोचिंग प्रतिष्ठित संस्थाओं के माध्यम से दी जाएगी। इस संबंध में अन्य विवरण कार्यालयीन समय में जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
युवा स्वरोजगार योजना के लिए तत्काल करें आवेदन-कलेक्टर
पन्ना 27 अप्रैल 13/मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एक अप्रैल से जिले के सभी शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लागू कर दी गई है। इसमें 50 हजार रूपये तक का ऋण बिना गारंटी के दिया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने बताया है कि इस योजना से युवाओं को 50 हजार से लेकर 25 लाख रूपये तक का ऋण एवं अनुदान दिया जा रहा है। योजना के क्रियान्वयन के लिए उद्योग विभाग को नोडल बनाया गया है। इस योजना का लाभ प्रदेश के मूल निवासी 18 से 35 आयु वर्ग के कक्षा 10वीं तक उत्र्तीण युवाओं को दिया जा रहा है। योजना में आई.टी.आई. डिप्लोमा, इन्जीनियरिंग तथा अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इस योजना में ऋण गारंटी निधि योजना के तहत गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति उद्योग तथा सेवा क्षेत्र के लिए शासन द्वारा दी जा रही है। इनके लिए आवेदक को किसी तरह की बैंक गारंटी नही देनी होगी। पात्र युवा ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर परिषद में अपने आवेदन तत्काल जमा करें। जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र में भी आवेदन पत्र जमा किए जा सकते हैं।
वन रक्षक भर्ती की शारीरिक योग्यता परीक्षा 1 से 3 मई तक
पन्ना 27 अप्रैल 13/वन विभाग में रिक्त वन रक्षक के पदों के चयन के लिए मध्य प्रदेश व्यवसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा तीन मार्च को आयोजित लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें पन्ना जिले के लिए रिक्त 65 पदों के लिए 200 उम्मीदवार साक्षात्कार एवं शारीरिक योग्यता परीक्षा के योग्य पाए गए हैं। इनकी शारीरिक योग्यता परीक्षा तथा साक्षात्कार एक से 3 मई तक होगा। इस संबंध में वन मण्डलाधिकारी उत्तर वन मण्डल एस.के. गुप्ता ने बताया कि एक मई को प्रातः 9.30 बजे से शाम 3.50 बजे तक अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। इसी दिन रोल नम्बर एक से 100 तक के उम्मीदवारों का साक्षात्कार होगा। इन उम्मीदवारों का पैदल चाल जांच, दो मई को प्रातः 6.30 से 10.30 बजे तक स्मृति वन तथा हिनौता मोड में आयोजित होंगी। पुरूष उम्मीदवारों को 25 किलो मीटर तथा महिला उम्मीदवारों को 14 किलो मीटर पैदल चलना होगा। रोल नम्बर 101 से 200 तक के उम्मीदवारों के अभिलेखों का परीक्षण 2 मई को प्रातः 9.30 बजे से होगा। इसी दिन इनका साक्षात्कार भी होगा। इन उम्मीदवारों का पैदल चाल परीक्षण 3 मई को प्रातः 6.30 बजे से तथा शारीरिक माप परीक्षा दोपहर 2 बजे से आयोजित की जा रही है। पैदल चाल प्रतियोगिता उम्मीदवारों को 4 घण्टे में पूरी करनी होगी। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से प्रवेश पत्र के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अनुरोध किया है।
सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक 4 मई को
पन्ना 27 अप्रैल 13/ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की निगरानी के लिए गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक 4 मई को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत सभागार में आयोजित की जा रही है। इसकी अध्यक्षता सांसद श्री जितेन्द्र सिंह बुन्देला करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना, जल प्रदाय योजना, सामाजिक सहायता कार्यक्रम, समग्र स्वच्छता अभियान, इंदिरा आवास योजना, वाटर शेड योजना, मनरेगा तथा स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना की समीक्षा की जाएगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात
पन्ना 27 अप्रैल 13/पंचायत राज संस्थाओं के रिक्त पदों के लिए मतदाता सूची तैयार की जा रही है। इसके लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए हैं। उन्होंने पन्ना जनपद के लिए एसडीएम पन्ना को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार पन्ना एवं देवेन्द्रनगर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाया है। अजयगढ जनपद पंचायत के लिए एसडीएम अजयगढ़, पवई के लिए एसडीएम पवई तथा शाहनगर के लिए एसडीएम शाहनगर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाए गए हैं। तहसीलदार अजयगढ, पवई, शाहनगर एवं रैपुरा को उनके क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के लिए सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाया गया है।
पहाडीखेरा में विधिक साक्षरता शिविर 29 को
पन्ना 27 अप्रैल 13/आमजनता को निःशुल्क कानूनी सलाह प्राप्त करने की सुविधा तथा प्रमुख वैधानिक अधिकारों की जानकारी देने के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला विधिक सहायता प्राधिकरण द्वारा 29 अप्रैल को ग्राम पंचायत भवन पहाडीखेरा में विधिक साक्षरता शिविर दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जा रहा है। जिला विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा ने आमजनता से शिविर से लाभ उठाने की अपील की है।
चयन परीक्षा 28 एवं 29 को
पन्ना 27 अप्रैल 13/स्वास्थ्य विभाग के तहत मलेरिया कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय विक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ एल.के. तिवारी ने बताया कि मलेरिया टेक्नीकल सुपरवाईजर पद के लिए लिखित परीक्षा 28 अप्रैल को तथा प्रयोगशाला तकनीशियन के लिए लिखित परीक्षा 29 अप्रैल को आयोजित की जा रही है। दोनों परीक्षाएं प्रातः 9.45 बजे से शासकीय पालीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में आयोजित की जा रही है। आवेदन में पात्र पाए गए उम्मीदवार इन परीक्षाओं में शामिल हो सकते है।
तीर्थ यात्री 29 को जाएंगे तिरूपति
पन्ना 27 अप्रैल 13/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 29 अप्रैल को तीर्थ दर्शन ट्रेन तिरूपति बाला जी की यात्रा पर जाएगी। इसमें पन्ना जिले के 108 तीर्थ यात्रियों को तीर्थ दर्शन का अवसर दिया जा रहा है। तीर्थ दर्शन के लिए यात्री विशेष वाहनों से सतना के लिए प्रस्थान करेंगे। सतना से तीर्थ यात्रा विशेष ट्रेन से तिरूपति के लिए प्रस्थान करेंगे।
पवई में टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता की गांव-गांव धूम
- राज्यमंत्री की पहल ने खिलाडियों को दिए नये अवसर
पन्ना 27 अप्रैल 13/राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, पर्यटन तथा खेल श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की पहल पर पवई में टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजन किया जा रहा है। युवाओं की खेल प्रतिभा को आगे बढने का अवसर देने के लिए क्षेत्र की 169 ग्राम पंचायतों 12 सेक्टरों में विभक्त करके प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन सेक्टरों से चुनी गई विजेता दलों की टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता 24 अप्रैल से छत्रसाल स्टेडियम पवई में शुरू हो गई है। प्रतियोगिता के सभी मैच कृत्रिम रोशनी में खेले जा रहे हैं। सभी सेक्टर के विजेता टीम के सदस्यों को खेल सामग्री तथा टी शर्ट का वितरण किया जा रहा है। गत दिवस आयोजित मैच में सुनवानी ने रैपुरा को 5 विकेट से हराया। ग्राम पंचायत शाहनगर ने कृष्णगढ को तथा ग्राम पंचायत बोरी ने पवई को पराजित किया। इसी तरह मोहन्द्रा ने बिसानी को पराजित किया। विजेताओं को कृषि राज्यमंत्री ने पुरस्कार प्रदान किए।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें