मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का विधिवत् शुभारंभ
- हितग्राहियों को राजस्व और वित्त मंत्री ने सौंपी वाहनो की चाबियां
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ आज जिले में राजस्व एवं पुर्नवास और जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री राघवजी के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सोनकर, विदिशा नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योतिशाह, काॅ-आपरेटिव बैंक के अध्यक्ष श्री बाबूलाल ताम्रकार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री तोरन सिंह दांगी, जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वय श्री अरविन्द सिंह बघेल और श्री छत्रपाल शर्मा के अलावा कलेक्टर श्री आनंद कुमार शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री शशिभूषण सिंह, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार त्रिवेदी समेत अन्य विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे। एसएटीआई के पाॅलिटेक्निक सभागार कक्ष में सम्पन्न हुए उक्त कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने तमाम वर्गो को ध्यानगत् रखते हुए योजनाएं बनाई है उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना का सृजन किया है। योजना के पीछे शासन की मंशा है कि गांव में ही युवाओं को स्वरोजगारमुखी बनाया जाएं।
प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि ग्र्रामीण क्षेत्र के युवाओं को मनरेगा के तहत रोजगार मुहैया कराया जा रहा है वही अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए इस योजना के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गांव-गांव में लघु उद्योग शुरू हो सकेें इसके लिए पृथक से प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे है। वित्त मंत्री श्री राघवजी ने कहा कि युवा बेरोजगारी के दाग से ग्रस्त ना हो का विशेष ध्यान राज्य सरकार द्वारा दिया जा रहा है। शासकीय एवं निजी कंपनियों में नौकरियां सीमित है किन्तु शिक्षित युवाओं की अपेक्षित संख्या अधिक है अतः ऐसे युवा जो स्वंय का रोजगार स्थापित करना चाहते है उन्हें इधर-उधर न भटकना पडे़ और उद्योग सेवा क्षेत्र के माध्यम से समाज की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि मई माह के अंत तक प्रदेश के सभी जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति प्रारंभ कर दी जायेगी। सतत बिजली मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के लघु उद्योगों को फायदा होगा।
कलेक्टर श्री आनंद कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत अब तक सम्पादित हुए कार्यो, लक्ष्यों की पूर्ति के क्रियान्वयन पर संक्षिप्त जानकारी दी। इसी प्रकार जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र के महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार जैन ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
टेंकर प्रदाय
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा जनपद पंचायत ग्यारसपुर के ग्राम सोजना में पेयजल आपूर्ति की समस्या के निदान हेतु मुख्यमंत्री स्वेच्छानिधि से स्वीकृत किए गए पानी टेंकर का आज कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री और वित्त मंत्री द्वारा संयुक्त रूप से विधिवत् लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर ग्यारसपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री छत्रपाल शर्मा उपस्थित थे। चाबियां सौंपी मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत आज शुभारंभ अवसर पर हितग्राहियों को आटो, मिनी ट्रक की चाबियां मंत्री द्वय द्वारा प्रदाय की गई। जिसमें विदिशा शहर के निःशक्त श्री जीवन लाल और श्री इलियास शाह को आटो तथा श्री प्रवेश जैन को मिनी ट्रक की और श्री रवि कुमार को लघु व्यवसाय के संचालन हेतु तीन लाख रूपए की राशि का चेक भी प्रदाय किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें