गेहूं उपार्जन कार्य की निगरानी हेतु अधिकारी नियुक्त
छतरपुर/28 अप्रैल/कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने रबी विपणन मौसम वर्ष 2013-14 के दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य की सतत् माॅनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण कार्य हेतु तत्काल प्रभाव से अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। नियुक्त अधिकारी तहसीलों के अंतर्गत स्वीकृत खरीदी केंद्रों का सतत् भ्रमण कर उपार्जन नीति के अनुसार गेहूं खरीदी कार्य में पर्याप्त निगरानी रखकर समिति प्रबंधक एवं खरीदी केंद्र प्रभारी से सम्पर्क कर समस्या का निराकरण करायेंगे। जिन अधिकारियों की ड्यूटी पर्यवेक्षण कार्य के लिये लगाई गई है, उनमें जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी निरंकार पाठक छतरपुर तहसील के अंतर्गत बनाये गये गेहूं खरीदी केंद्रों की निगरानी करेंगे। इसी प्रकार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, छतरपुर के महाप्रबंधक द्वारा बिजावर तहसील के अंतर्गत स्वीकृत खरीदी केंद्रों की निगरानी करेंगे। खनिज अधिकारी द्वारा राजनगर तहसील, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत लवकुशनगर, चंदला व गौरिहार तहसील, ईई पीएचई घुवारा तहसील, उप संचालक, कृषि, नौगांव व महाराजपुर तहसील, जिला आबकारी अधिकारी बड़ामलहरा तहसील तथा उपायुक्त सहकारिता बक्स्वाहा तहसील के अंतर्गत स्वीकृत गेहूं खरीदी केंद्रों पर निगरानी रखेंगे। इसके अलावा कलेक्टर श्री बहुगुणा ने समस्त किसानों की सुविधा हेतु गेहूं खरीदी केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित समिति प्रबंधकों को खरीदी केंद्रों पर प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक उपस्थित रहकर एसएमएस एवं पर्ची के आधार पर गेहूं उपार्जन सुनिश्चित् करने के निर्देश दिये हैं।
द्वारकाधीश एवं रामेश्वरम् की यात्रा पर जायेंगे बुजुर्ग तीर्थ यात्री
छतरपुर/28 अप्रैल/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के बुजुर्ग तीर्थ यात्री आगामी 12 मई को द्वारकाधीश एवं 12 जून को रामेश्वरम् की यात्रा पर जायेंगे। इन यात्रियों का जत्था खजुराहो एवं हरपालपुर रेल्वे स्टेशन से रवाना होगा। कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा द्वारा समस्त तहसीलदारों को द्वारकाधीश की यात्रा पर जाने के इच्छुक यात्रियों के आवेदन 6 मई तक प्राप्त कर कलेक्टर कार्यालय में भिजवाने के निर्देश दिये हैं। रामेश्वरम् की यात्रा हेतु पूर्व में प्राप्त आवेदन पत्रों के आधार पर तीर्थ यात्रियों का चयन किया जायेगा।
केश शिल्पी योजना के तहत 30 जून तक पंजीयन होंगे
छतरपुर/28 अप्रैल/राज्य शासन द्वारा प्रदेश में केश शिल्पियों के समग्र कल्याण एवं पुनर्वास के उद्देश्य से केश शिल्पी कल्याण योजना 2013 प्रारंभ की गई है। इस योजना का लाभ छतरपुर जिले के नगरीय क्षेत्रों में भी केश शिल्पियों को प्रदान किया जाना है। इसके लिये नगरीय निकायों द्वारा सर्वेक्षण एवं पंजीयन कार्य 15 जून तक पूरा करके 30 जून तक हितग्राहियों को फोटो युक्त पहचान पत्र प्रदान किये जायेंगे। कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा द्वारा नगरीय निकायों के सीएमओ को हितग्राहियों के सर्वेक्षण, पंजीयन एवं पहचान पत्र जारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सीएमओ को जानकारी संकलित कर परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण, छतरपुर कार्यालय में 5 जुलाई तक जमा करानी होगी। जिले एवं निकायों की जानकारी 10 जुलाई तक आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास को भेज दी जायेगी।
मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना लागू
छतरपुर/28 अप्रैल/प्रदेश सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2013 से मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना शुरू की गई है। योजनांतर्गत पुत्र विहीन कन्याओं के ऐसे माता-पिता, जो कि म0प्र0 के मूल निवासी होने के साथ ही आयकर अदा न करते हों, पात्र होंगे। इसके लिये कन्या की माता अथवा पिता में से किसी एक की आयु 60 वर्ष पूरी होना जरूरी है। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत जिले के पात्र दम्पत्ति आवेदन पत्र के साथ अपने पहचान एवं निवास के प्रमाण के साथ आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को जनपद पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र के हितग्राहियों को अपना आवेदन नगर पालिका अथवा नगर पंचायत में जमा कराना होगा। योजना के तहत 5 सौ रूपये प्रतिमाह पेंशन देय होगी।
रामेशवरम् तीर्थ यात्रा की तिथि परिवर्तित
छतरपुर/28 अप्रैल/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 29 अप्रैल से 4 मई तक छतरपुर जिले के तीर्थयात्रियों की तीर्थ यात्रा प्रस्तावित थी, किंतु अब इस यात्रा की तिथि परिवर्तित कर 3 मई से 8 मई के मध्य की गई है। यह यात्रा 3 मई को सागर रेल्वे स्टेशन से शुरू होगी। कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने समस्त तहसीलदारों को नई तिथि की जानकारी से तीर्थ यात्रियों को अवगत कराने के लिये कहा है।
गौण खनिज उत्खनन के संबंध में निर्देश जारी
छतरपुर/28 अप्रैल/राज्य शासन द्वारा कृषकों, ग्रामीण कारीगरों एवं श्रमिकों के निवास गृहों के सुधार, कुओं के निर्माण अथवा मरम्मत के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायतों द्वारा सार्वजनिक कार्यों के लिये ली गई शासकीय भूमि से गौण खनिज निकालने के संबंध में दिशा-निर्देश दिये गये हैं। इसके तहत सार्वजनिक कार्यों के लिये संबंधित पंचायतों द्वारा शासकीय भूमि से गौण खनिज निकालने के राॅयल्टी से छूट दी गई है। इसके लिये म0प्र0 गौण खनिज नियम 1996 के अंतर्गत उत्खनि पट्टा प्राप्त किये जाने की आवश्यकता नहीं है। म0प्र0 के असाधारण राजपत्र 23 मार्च 2013 में भी संशोधन का प्रकाशन कर दिया गया है। संशोधित नियम के अनुसार एसडीएम एवं तहसीलदार को ग्राम पंचायतों को सूचित कर कार्यवाही सुनिश्चित् करने के निर्देश कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा द्वारा दिये गये हैं।
कैरियर काउंसलिंग योजना के तहत बेरोजगार हो रहे लाभांवित
छतरपुर/28 अप्रैल/राष्ट्रीय रोजगार सेवा योजना के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय में संचालित कैरियर काउंसलिंग योजना में बेरोजगार आवेदकों की काएंसलिंग कर उन्हें चयन संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं, शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्तियों, विदेश अध्ययन यात्रा तथा निजी क्षेत्र के रोजगार एवं स्वरोजगार आदि के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाती है। जिला रोजगार अधिकारी एस के जैन ने बताया कि इस योजना के तहत मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों के पद हेतु अनुभवी उम्मीदवारों से 30 अप्रैल तक आवेदन मंगाये गये हैं।
आज सिंहपुर में लगेगा लोक कल्याण शिविर
छतरपुर/28 अप्रैल/जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देने के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तरीय एवं जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविरों का आयोजन जिले में निरंतर जारी है। इसी कड़ी में इस माह के अंतिम विकासखण्डस्तरीय लोक कल्याण शिविर का आयोजन बारीगढ़ विकासखण्ड के ग्राम सिंहपुर में 29 अप्रैल को किया गया है। कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने क्षेत्र की आम जनता से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही विकासखण्ड स्तरीय समस्त अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें