सरबजीत पर तुच्छ राजनीति बंद हो : राजीव शुक्ला - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 29 अप्रैल 2013

सरबजीत पर तुच्छ राजनीति बंद हो : राजीव शुक्ला


केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा कि राजनीतिक दलों को पाकिस्तान में मौत की सजा का सामना कर रहे भारतीय कैदी सरबजीत सिंह को लेकर तुच्छ राजनीति नहीं करनी चाहिए। शुक्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा, "कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें साथ मिलकर काम करना चाहिए और इस मामले को लेकर तुच्छ राजनीति में शामिल होने के बजाय सरबजीत तथा उनके परिवार को राहत मुहैया कराने की कोशिश करनी चाहिए।"

कांग्रेस नेता शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में हरसंभव कदम उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के अधिकारी पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और नियमित तौर पर अस्पताल जा रहे हैं, जहां सरबजीत भर्ती हैं।" केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने भी कहा कि सरबजीत पर लाहौर की कोट लखपत जेल में हुए जानलेवा हमले को लेकर सावधानीपूर्वक राजनीतिक प्रतिक्रिया देने की जरूरत है।

तिवारी ने कहा, "जो कुछ भी हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय है। लेकिन बेहतर यही होगा कि इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय या पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग की ओर से प्रतिक्रिया आए।" दोनों केंद्रीय मंत्रियों की यह प्रतिक्रिया एक दिन पहले विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रकाश जावड़ेकर के इस आरोप के बाद आई है कि केंद्र सरकार सरबजीत को सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रही और उन्हें जेल में खतरे की आशंकाओं के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सरबजीत वर्ष 1990 से जेल में बंद हैं। पाकिस्तान की अदालत ने उन्हें लाहौर व मुल्तान में बम विस्फोट के लिए दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई है। इन विस्फोटों में 14 लोगों की मौत हो गई थी। सरबजीत के परिवार का हालांकि दावा है कि वह निर्दोष हैं और गलती से पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश कर गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: