दो प्रतिष्ठानों से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग रोकने के लिए कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी श्री ओ.पी. पांडे द्वारा आज बालाघाट एवं सरेखा में होटलों एवं भोजनालयों का आकस्किम निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाये जाने पर वहां से सिलेंडर को जब्त कर प्रतिष्ठान के मालिकों के विरूध्द प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा होटलों एवं भोजनालयों की जांच करने पर पार्श्वनाथ भोजनालय काली पुतली चौक बालाघाट एवं बम्लेश्वरी होटल सरेखा में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करना पाया गया। इस पर इन दोनों प्रतिष्ठानों से गैस सिलेंडर जब्त कर उनके संचालकों के विरूध्द अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
3 से 7 मई तक डी.एल.एङ कार्यक्रम की सम्पर्क कक्षाओं का आयोजन
ईग्नू के अंतर्गत डी.एल.एङ कार्यक्रम में जिन छात्रों ने क्षेत्रीय केन्द्र जबलपुर एवं भोपाल में राज्य शिक्षा केन्द्र के माध्यम से पंजीकरण कराया है उनके लिए 3 से 7 मई तक 5 दिवसीय गहन सम्पर्क कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। यह कक्षायें निर्धारित दिनांक को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट में लगाई जायेगी। डी.एल.एङ के छात्रों से कहा गया है कि वे डाईट में ईग्नू प्रभारी से सम्पर्क कर सम्पर्क कक्षाओं में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने 30 अप्रैल 2013 की शाम को अचानक जिला चिकित्सालय पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को देखा और वार्डों में जाकर स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अशोक लिल्हारे भी मौजूद थे।
- अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस
जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान ओ.पी.डी. में मात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं बाल रोग विशेषज्ञ उपस्थित पाये गये। इस पर कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि ओ.पी.डी. में अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करें। उन्होंने अस्पताल के गायनिक वार्ड में जूता-चप्पल पहनकर प्रवेश को प्रतिबंधित करने एवं सभी कक्षों के सामनपे जूता-चप्पल रखने के लिए एक रेक रखवाने के निर्देश दिये।
- मरीज से मिलने का समय निर्धारित करें
कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि वे सभी वार्डों के सामने, डयूटी नर्स का नाम, डयूटी का समय आदि की जानकारी देने वाली पटिटका लगायें। बच्चों के लिए बेड पर मेट लगाने एवं मरीज के आने पर बेडशीट बदलें एवं बदली गई बेडशीट को तुरंत धुलवाया जाये। वार्ड में मरीज के साथ एक से अधिक व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाये। मरीज से मिलने का समय भी निर्धारित किया जाये और निर्धारित समय के बाद किसी व्यक्ति को वार्ड में प्रवेश न दिया जाये। मरीज के पास बेड पर ही प्रिस्क्रिप्शन रिपोर्ट रखी जाये और उसे किसी भी स्थिति में मरीज से अलग न की जाये।
- प्रत्येक वार्ड में 24 घंटे रहे नर्स की डयूटी
कलेक्टर द्वारा सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक वार्ड में एक-एक नर्स की डयूटी निर्धारित की जाये जो 24 घंटे पालियों में संचालित हो।नर्स की जिम्मेदारी होगी कि वह अस्पताल प्रशासन के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करे। जिला चिकित्सालय के पेरामेडीकल स्टाफ पर ड्रेस कोड लागू करने और उसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये गये। अस्पताल परिसर में नवजात शिशुओं के घुमाने पर प्रतिबंध लगाने कहा गया। प्रत्येक वार्ड से टयूबलाईट के स्थान पर सी.एफ.एल. लगाने तथा जहां आवश्यक हो वहां पर एक्सास्ट फेन लगाने के निर्देश दिये गये। जिला चिकित्सालय का मात्र सामने वाला गेट ही आवागमन के लिए खुला रखने एवं शेष सभी गेट को बंद करने कहा गया है। अस्पताल परिसर में जानवरों के विचरण पर प्रतिबंध लगाने एवं अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा गया है।
- पोषण पुनर्वास केन्द्र में मात्र तीन बच्चे मिले
कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने जिला चिकित्सालय के पोषण पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण किया तो पाया कि वहां पर मात्र तीन कुपोषित बच्चे ही भर्ती है। उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और महिला एवं बाल विकास अधिकारी से इस संबंध में स्पश्टीकरण पेश करने कहा गया है।
- दंत चिकित्सा कक्ष का निर्माण शीघ्र पूण करने के निर्देश
कलेक्टर द्वारा जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां पर दंत चिकित्सा कक्ष का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने इस कार्य को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिये । इसके साथ ही दंत चिकित्सा कक्ष तक पहुंचने के लिए शेड का निर्माण कराने भी कहा गया।
- रक्तदान करने वालों की डायरेक्ट्री बनाने के निर्देश
कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने इस दौरान सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि वे रक्त दान के लिए शिविर आयोजित करें और रक्त दान करने वालों का नाम, पता, मोबाईल नम्बर आदि की जानकारी वाली एक डायरेक्ट्री तैयार करें और इस डायरेक्ट्री को बालाघाट जिले की वेवसाईट पर आनलाईन करायें। उन्होंने ब्लड बैंक कक्ष में पुराने ए.सी. के स्थान पर नया ए.सी. लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्रीष्म काल में सभी कक्षों में कूलर लगवाने के निर्देश भी दिये। अस्पताल के निरीक्षण के दौरानजिला चिकित्सालय एवं कलेक्ट्रेट के मध्य के मैदान में फेंसिंग लगाकर वहां पर प्लांटेशन करने कहा गया।
स्कूलों के पास स्वास्थ्य के लिए हानिकारक, खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों को हटाने के निर्देश
कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने बालाघाट, वारासिवनी, बैहर, लांजी एवं कटंगी के एस.डी.एम. एवं सभी तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे जिले में स्कूलों के आस-पास संचालित विभिन्न किस्मों की दुकानों जिनमें तंबाकू युक्त पदार्थ एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थ का विक्रय किया जा रहा है, को सख्ती से हटाने की कार्यवाही करें। स्कूलों के आसपास बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डालने वाली सामग्री को बेचने वाली कोई भी दुकान संचालित नहीं करने दी जायेगी।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, 10 मई को कटंगी में शिविर का आयोजन
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत युवाओं को स्वयं का व्यवसाय करने के लिए प्रदेश शासन द्वारा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को लाभांवित करने के मकसद से आगामी 10 मई को जनपद पंचायत कटंगी में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनपद पंचायत कटंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्ही.एस. ठकराव ने बताया कि कटंगी क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को 10 मई को कटंगी में आयोजित इस शिविर में परियोजना प्रतिवेदन, राशन कार्ड, स्थाई निवास प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, ड्राईविंग लायसेंस, शौक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र, नि:शक्त होने पर सक्षम अधिकारी का प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, भूमि या भवन किराये पर हो तो किरायानामा तथा मशीनरी, उपकरण, साज-सज्जा के लिए वर्तमान दरों के कोटेशन आदि लेकर उपस्थित होने कहा गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ठकराव ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत महकेपार के खिनेश कुमार सोनवाने का चार पहिया वाहन के लिए 5 लाख 60 हजार रु. का तथा श्रीमती मंजू काठेकर का बिल्डिंग मटेरियल व्यवसाय के लिए 9 लाख 90 हजार रु. का प्रकरण सेन्ट्रल बैंक महकेपार को भेज दिया गया है। इसी प्रकार ग्राम आंनजबिहरी के हुसेन पुष्पतोड़े का कृषि केन्द्र व कृषि उपकरण का 10 लाख रु. का, ग्राम देवरी के मनीष तिवारी का चार पहिया वाहन का 7 लाख 60 हजार रु. का, ग्राम बासी के गिरधारी हनवत का वस्त्र व्यापार का 5 लाख रु. का, ग्राम सीताखोह के ईश्वरी रहांगडाले का मुर्गी पालन के लिए 6 लाख 27 हजार रु. का का प्रकरण बैंक को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। ग्राम नवेगांव के यशपाल राउत का ट्रेक्टर के लिए 15 लाख रु. का, तिरोड़ी की कुमारी रीता कौरे का स्टेशनरी व्यवसाय के लिए 5 लाख रु. का तथा ग्राम कटेदरा के महेन्द्र कुमार ठाकरे का बकरी पालन का 2 लाख 75 हजार रु. का प्रकरण स्वीकृति के लिए बैंक को भेज दिया गया है।
डाकघर के खाताधारकों से आधार कार्ड नंबर अंकित कराने की अपील
भारतीय डाक विभाग ने डाकघरों के सभी खाताधारकों से अपने खाते में अपना 12 अंक का आधार कार्ड नंबर शीघ्र अंकित कराने की अपील की है। प्रवर अधीक्षक डाकधर बालाघाट ने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के अंतर्गत आधार कार्ड नम्बर के आधार पर बचत खातों में राशि जमा जमा की जा सकेगी और राशि की निकासी भी की जा सकेगी। इस योजना के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मनरेगा, छात्रवृत्ति एवं अन्य योजनाओं का लाभ सीधे खाताधारकों को हो सकेगा। 12 अंकों का आधार कार्ड नम्बर उपलब्ध कराने पर डाकघर के सभी खाताधारकों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रासफर योजना का लाभ मिलने लगेगा।
आंगनवाड़ी कार्र्यकत्ता के लिए 10 मई तक आवेदन पत्र आमंत्रित
एकीकृत बाल विकास परियोजना बिरसा के अंतर्गत ग्राम गुदमा के आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्र्यकत्ता के रिक्त पद की पूर्ति के लिए इचदुक महिला उम्मीदवारों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र आगामी 10 मई तक बाल विकास परियोजना कार्यालय बिरसा में प्रस्तुत किये जा सकते है। चयनित कार्र्यकत्ता को 3 हजार रु. मानदेय दिया जायेगा।
उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेने किसानों का आनलाईन पंजीयन
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग म.प्र. शासन द्वारा विभाग की योजनाओं के लाभ के लिए हितग्राहियों का आन लाईन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण की योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाने के लिए किसानों का पंजीयन अनिवार्य किया गया है। पंजीयन का कार्य एम.पी. आनलाईन पर नागरिक सुविधा केन्द्र या कियोस्क सेंटर पर किया जायेगा। जिले के किसानों से भी अपील की गई कि वे उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना आनलाईन पंजीयन करायें। पंजीयन के लिए किसानों को भूमि स्वामी के दस्तावेज, बैंक खाता क्रमांक, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं मोबाईल नम्बर की जानकारी देना होगा। एम.पी.आनलाईन कियोस्क के माध्यम से पंजीयन का शुल्क 10 रु. रखा गया है।
मतदाताओं के बेस लाइन सर्वे के लिए प्रगणकों को दिया गया प्रशिक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाताओं के बेस लाइन सर्वे के लिए आज 01 मई को कलेक्ट्रेट में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संतोष कुमार वर्मा एवं जिला योजना अधिकारी श्री मलय चक्रवर्ती ने प्रगणकों को बेस लाईन सर्वे के बारे में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रगणक इस प्रकार 6 विधानसभा क्षेत्र के 60 प्रगणक उपस्थित थे । प्रशिक्षण में प्रगणकों को बताया गया कि प्रत्येक प्रगणक 10 मतदाता से संपर्क करेंगे । प्रगणकों को न्यादर्श पध्दति से चयनित मतदाता की सूची उपलब्ध कराई गई । प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों के प्रश्नों शंकाओं का समाधान किया गया । चुनाव पूर्व मतदाताओं को निर्वाचन के संबंध में ज्ञान, दृष्टिकोण, व्यवहार, धारणायें एवं वास्तविकता ज्ञात करने हेतु भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बेसलाइन सर्वे किया जा रहा है । बेसलाईन सर्वे के लिए सभी विधानसभा क्षेत्र के दस-दस मतदान केन्द्रों का चयन किया गया है। इनमें 5 ग्रामीण क्षेत्र एवं 5 शहरी क्षेत्र के होंगे । सर्वे के लिए दस मतदाताओं में से 5 पुरूष 5 महिला जिसमें से दो-दो युवा तथा शेष तीन-तीन 30 से अधिक सिटीजन मतदाता होंगे ।
कक्षा पहली एवं दूसरी पढ़ाने वाले, शिक्षकों का 25 मई से 3 जून तक होगा प्रशिक्षण
राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार शासकीय प्राथमिक शालाओं के कक्षा पहली एवं दूसरी के बच्चों में मूल दक्षताओं के विकास के मकसद से कक्षा 01 एवं 2 पढ़ाने वाले शिक्षकों को आगामी 25 मई से 3 जून 2013 तक विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री विनय रहांगडाले ने बताया कि डाईट के प्राचार्य के निर्देशानुसार प्रशिक्षण के लिए जिले के लालबर्रा एवं वारासिवनी विकासखंड का चयन किया गया है। इन दोनों विकासखंड के फरवरी 2013 में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों को छोड़कर शेष शिक्षकों को प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। ग्रीष्म कालीन अवकाश में ऐसे शिक्षको से अपना मुख्यालय न छोड़ने कहा गया है। जिससे वे प्रशिक्षण में समय पर उपस्थित हो सके।
परिवहन कार्यालय में वाहन के लिए निविदा आमंत्रित
जिला परिवहन कार्यालय में किराये पर वाहन लेने के लिए वाहन मालिकों से आगामी 10 मई 2013 तक निविदा आमंत्रित की गई है। सील बंद निविदा 10 मई को दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत की जा सकती है। निविदा उसी दिन शाम 4 बजे खोली जायेगी। वाहन टेक्सी कोटे का होना चाहिए।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें