छत्तीसगढ़ में परिवर्तन रैली से लौट रहे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर सुकमा जिले में शनिवार को हुए हमले के बाद इलाके के वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों का खोज अभियान जारी है। अर्धसैनिक बलों के जवान इस काम में जुटे हुए हैं। जवानों ने सबसे पहले उस क्षेत्र का जायजा लिया, जहां बारूदी सुरंग में विस्फोट किया गया था। उन्होंने उन कारों का भी निरीक्षण किया, जिनपर नक्सलियों ने हमला किया था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अर्धसैनिक बलों के जवान वन क्षेत्र में कितनी दूर तक खोजी अभियान चलाएंगे, यह इलाका आंध्र प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है।
इलाके का घना वन क्षेत्र सुरक्षाकर्मियों के लिए समस्याएं खड़ी कर रहा है, खासतौर पर ऐसे में जबकि सुबह के समय लगातार बारिश भी हो रही है। सुकमा से मिली सूचना के मुताबिक, खोजी अभियान में जुटे जवानों को इस्तेमाल की हुई बंदूक की गोलियां मिली हैं, जिससे यह पता चल सकता है कि हमले में किस तरह के हथियारों का इस्तेमाल हुआ। सुबह करीब छह शवों को दरभा घाटी से जगदलपुर ले जाया गया, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें