महाराष्ट्र दिवस के मौके पर बुधवार को मुंबई में पहली मेट्रो रेल का सफल परीक्षण किया गया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तरी मुंबई के अंधेरी उपनगर में मेट्रो को पहली बार वर्सोवा से आजाद नगर के बीच तीन किलोमीटर तक ही चलाया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा कि वर्सोवा-घाटकोपर लाइन दिसंबर तक चालू हो जाएगी। मुंबई मेट्रो का विस्तार महानगर से सटे ठाणे जिले तक किया जाएगा और शीघ्र ही अलग से मोनोरेल परियोजना पर भी काम किया जाएगा।
मुंबई मेट्रो के पहले चरण 'वर्सोवा-घाटकोपर' का निर्माण कार्य करीब 2,356 करोड़ रूपये की लागत से किया जा रहा है। इस परियोजना का निर्माण कार्य मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) की ओर से रिलायंस इंफ्रास्टक्चर कंपनी के द्वारा कराया जा रहा है। एमएमआरडीए की घाटकोपर और अंधेरी में स्थित दो रेलवे नेटवर्क पर एक इंटरचेंज सुविधा को उपलब्ध कराने की योजना है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें