अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों की
- मौजूदगी में हुई अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की समीक्षा
म.प्र. अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अनवर मो. खान की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय 15 सूत्रीय क्रियान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में अल्प संख्यक कल्याण से जुड़ी योजना पर चर्चा की गई और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आयोग के सदस्य श्री त्रीलोचन सिंह बासु डॉ. तुकडया दास वैद्य, श्री कमाल भाई, आयोग के सचिव श्री आमेश मूंदड़ा, ओ.एस.डी. श्री उमर फारूख खटानी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश लवानिया, जिला स्तरीय समिति के सदस्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अल्प संख्यक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि अल्प संख्यक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं हो पाता है। अत: ऐसी योजनाओं की जानकारी के फोल्डर एवं पर्चे तैयार कर मस्जिद में शुक्रवार के दिन तथा गुरूद्वारे आदि में वितरित किये जाने चाहिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत अल्प संख्यक वर्ग की 192 बालिकाओं को लाभांवित किया गया है। इसी प्रकार सबला योजना में व्यवसाय के लिए 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 782 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत अल्प संख्यक कल्याण वर्ग की 1348 बालिकाओं को लाभांवित किया गया है। बैठक में बताया गया कि जिले में उर्दू शिक्षक के 17 पद स्वीकृत है। इनमें से 10 पद भरे हुए हैं तथा 7 पद रिक्त है। समिति के सदस्यों ने कहा कि उर्दू शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए। बैठक में बताया गया कि मदरसों को शासन के अनुदान के लिए नियमों के अनुसार प्रस्ताव प्राप्त नहीं होने के कारण अनुदान नहीं मिल रहा है। बैठक में यह भी बताया गया कि मदरसों में अतिथि शिक्षक की नियुक्ति का प्रावधान है। इसका कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अल्प संख्यक वर्ग के युवाओं के अपेक्षा के अनुरूप बैंक से प्रकरण मंजूर नहीं हो रहे है। आयोग के सदस्यों ने इस पर कहा कि जिला प्रशासन इस समस्या का निदान करे और बैंकों को निर्देशित करें कि अल्पसंख्यक वर्ग के ऋण प्रकरणों में अनावश्यक खानापूर्ति न करायें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश लवानिया ने बताया कि बैंकों का यह रवैया केवल अल्पसंख्यक वर्ग के हितग्राही के लिए नहीं बल्कि सभी वर्गों के हितग्राहियों के लिए देखने में आ रहा है। इस समस्या का समाधान कर लिया जायेगा। समिति के सदस्यों ने स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक वर्ग के व्यक्तियों के लक्ष्य को पूर्ण नहीं किये जाने की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। आयोग के सदस्य डॉ. तुकडया दास वैद्य ने बैठक में बताया कि जिले में आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में मरम्मत के लिए 50-50 हजार रु. दिये गये थे। लेकिन इस राशि से कोई कार्य नहीं कराया गया है। इसकी जांच की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में जितने भी छात्रावास हैं, उनमें अधीक्षक निवास नहीं करते है। अधीक्षकों का छात्रावास में निवास करना सुनिश्चित किया जाया जाना चाहिए। बैठक में आई.टी.आई. के प्राचार्य ने बताया कि दुकानों में मैकेनिक का कार्य करने वाले युवाओं को आई.टी.आई. में कौशल उन्नयन का अल्प अवधि का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। जो युवक दुकानों में काम नहीं कर रहें है वे भी प्रशिक्षण के लिए आई.टी.आई. में आ सकते है। उन्होंने बताया कि कुछ कंपनियां भी युवाओं को मेकेनिक का प्रशिक्षण देती हैं और प्रशिक्षण पूर्ण करने पर रोजगार भी देती है। उन्होंने समिति के सदस्यों से कहा कि अल्प संख्यक वर्ग के दुकानों में मेकेनिक का कार्य करने वाले अप्रशिक्षित युवाओं को आई.टी.आई. में प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित करें। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश सिंह परिहार, समिति के सदस्य श्रीमती फिरोजा खान, मो. अनीस मेमन, शोएब रजा खान, वसीम खान, मो. युनूस भारती, अनिस बेग तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
21 एवं 22 जून को किया जायेगा, 10 वीं एवं 12 वीं की अंकसूचियों का वितरण
माध्यमिक शिक्षा मंडल म.प्र. भोपाल द्वारा कक्षा 10 वीं हाई स्कूल एवं कक्षा 12 वीं हायर सेकेंडरी कक्षाओं की अंकसूची वितरण के लिए उत्कृष्ट विद्यालय में उपलब्ध करा दी गई है। उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट से जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं की कक्षा 10 एवं 12 की अंकसूची का वितरण किया जायेगा। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के प्राचार्य श्री राजेन्द्र लटारे ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल से जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं की कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की अंकसूचियां प्राप्त हो चुकी है। उत्कृष्ट विद्यालय से 21 जून को शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की अंकसूची का वितरण किया जायेगा। इसी प्रकार 22 जून को अशासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी शालाओं को अंकसूची का वितरण किया जायेगा। सभी संस्था प्रमुखों से कहा गया है कि वे अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से संस्था के शिक्षक श्री रमेश भगत एवं दीपक वीरकर से अंकसूचियां प्राप्त कर लें।
हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी पूरक परीक्षा के प्रवेश पत्र आनलाईन मिलेगें
- 07 जुलाई तक किये जा सकते हैं पूरक परीक्षा के लिए आनलाईन आवेदन
माध्यमिक शिक्षा मंडल म.प्र. भोपाल द्वारा आयोजित हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट पूरक परीक्षा एवं हायर सेकेंडरी व्यवसायिक द्वितीय अवसर परीक्षाओं के प्रवेश पत्र आनलाईन प्राप्त किये जा सकते है। मंडल द्वारा इस वर्ष मुद्रित प्रवेश पत्र संस्थाओं को नहीं भेजे जा रहे है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के प्राचार्य श्री राजेन्द्र लटारे ने बताया कि इस वर्ष पूरक परीक्षाओं के प्रवेश शाला से प्राप्त नहीं होगें। पूरक परीक्षा के प्रवेश पत्र 20 जून से आनलाईन उपलब्ध करा दिये गये है। परीक्षार्थी एम.पी. आनलाईन के कियोस्क या घर बैठे एम.आनलाईन के पोर्टल से पूरक परीक्षा के प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते है। जो परीक्षार्थी पूरक परीक्षा के लिए निर्धारित तिथि तक अपना आवेदन आनलाईन कर पाये है, ऐसे परीक्षार्थी 20 जून से 7 जुलाई 2013 तक आवश्यक शुल्क एम.पी.आनलाईन कियोस्क के माध्यम से जमा करके अपना प्रवेश पत्र आनलाईन प्राप्त कर सकते है। संस्था/परीक्षार्थी प्रवेश पत्र आनलाईन ही प्राप्त करेंगें।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना, 18 जुलाई को बालाघाट से तिरूपति के लिए रवाना होगी विशेष ट्रेन
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत आगामी 18 जुलाई को बालाघाट से तिरूपति के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी। इस योजना के अंतर्गत तिरूपति की यात्रा करने के इच्छुक व्यक्ति आगामी 8 जुलाई 2013 तक अपने क्षेत्र के तहसील कार्यालय में आवेदन कर सकते है। तिरूपति यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए भोजन, ठहरने आदि की सम्पूर्ण व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। यह व्यवस्था म.प्र. शासन द्वारा की गई है। उल्लेखनीय है कि म.प्र. सरकार द्वारा 60 वर्ष या उससे अधिक की आयु के बुजुर्गों को जो आयकर दाता नहीं है और म.प्र. के निवासी है, अपने खर्च पर तीर्थयात्रा कराई जा रही है।
उत्तराखंड में फंसे म.प्र. के यात्रियों के लिए भेजा गया दल
- दल के अधिकारियों से मो. नं. पर किया जा सकता है सम्पर्क
उत्तराखंड में हाल ही के दिनों में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से भारी तबाही हुई है। इस प्राकृतिक आपदा में म.प्र. के यात्री भी फंस गये है। म.प्र. सरकार ने उत्तराखंड में फंसे म.प्र. के यात्रियों की सुरक्षित निकासी एवं उनकी एवं उनकी सुविधा के लिए एक दल भेजा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री संजय गोयल एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री प्रमोद वर्मा को इस दल का प्रभारी बनाया गया है। म.प्र. के यात्री श्री संजय गोयल से मो. नं. 09826513300 पर और श्री प्रमोद वर्मा के मो. नं. 09752271777 पर सम्पर्क कर सकते है। म.प्र. सरकार ने शांतिकुंज हरिद्वार में एक केंप भी स्थापित किया है। इस केंप आफिस के कंपनी कमांडर श्री आर.एस. राठौर से मो. नं. 09425079378 पर एवं लेखाधिकारी श्री आर.के. जैन से मो. नं. 09826527696 पर भी म.प्र. के यात्री सम्पर्क कर सकते है। इन अधिकारियों से म.प्र. के उत्तराखंड में फंसे यात्रियों के संबंध में जानकारी के लिए सम्पर्क किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें