बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा उपमंडल के में सोमवार को पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में छह लोगों की मौत की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पटना के कारगिल चौक पर धरना दिया। धरना में शामिल कार्यकर्ताओं को पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने संबोधित किया। मोदी ने कहा कि बिहार में प्रशासन पंगु हो गई है। बगहा गोलीकांड के लिए मुख्यमंत्री थारू समाज से माफी मांगें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि अगर प्रशासन थोड़ी सी भी सावधानी और धैर्य बरतता तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि इस गोलीकांड में मरने वाले सभी लोग थारू जनजाति के थे। इन लोगों को सीधेपन के लिए जाना जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर ग्रामीणों के उग्र होने का कोई प्रमाण नहीं है, परंतु प्रशासन ने अपनी गलती छुपाने के लिए 700 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आज स्थिति यह है कि गांव के सभी लोग अपने घर छोड़कर फरार हैं। मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री को पूरे थारू समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा और प्रत्येक पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो और जोरदार आंदेालन किया जाएगा।
धरना में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सिंह, पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, राकेश सिंह सहित कई नेता उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि नौरंगिया थाना क्षेत्र के अमवा कटहरवा गांव के पास सोमवार को पुलिस और नागरिक की बीच हुई झड़प के दौरान पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें