खाद्य सुरक्षा विधेयक, मौजूदा राजनीतिक स्थिति तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाओं पर शुक्रवार को कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक होने वाली है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, "मौजूदा राजनीतिक स्थिति और खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित कराए जाने के तरीकों पर चर्चा के लिए शुक्रवार शाम कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक होगी।"
इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खाद्य सुरक्षा पर अध्यादेश टाल दिया था, जिसके बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित कराने के तरीकों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्रिमंडल गुरुवार को ही अध्यादेश को मंजूरी देने वाला था, लेकिन प्रधानमंत्री ने यह कहकर इसे टाल दिया कि बहुत से राजनीतिक दल विधेयक पर संसद में चर्चा चाहते हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ तथा खाद्य सुरक्षा मंत्री के. वी. थॉमस को विपक्षी दलों से इस विधेयक पर बातचीत करने और आम सहमति बनाने के लिए भी कहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें