पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 जून) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 20 जून 2013

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 जून)

मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करें-श्री गोविन्द
  • प्रदेश भर में जुडे एक करोड से अधिक नये मतदाताओं के नाम


पन्ना 20 जून 13/टेली कान्फ्रेसिंग के माध्यम से निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जयदीप गोविन्द ने विधान सभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदाताओं के नाम जोडने, स्वीप प्लान, महिला मतदाताओं का अनुपात तथा पेड न्यूज के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक मतदाता का अधिकार है। इसके लिए हर मतदाता को जागरूक करें। ग्राम सभा के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए पे्ररित करें। समाचार पत्र तथा अन्य संचार माध्यमों से मतदाता को जागरूक करने के प्रयास करें। कई बार गांव तथा मोहल्ले की छोटी-छोटी मांगों एवं समस्याओं के कारण कई मतदाता आक्रोश वश मतदान में भाग नही लेते हैं। गत विधान सभा एवं लोक सभा चुनाव में कम मतदान वाले मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन करके वहां इसके कारण का पता लगाएं। यदि किसी विकास कार्य अथवा अन्य छोटी मांग के कारण मतदान पर असर पड रहा है तो उसे समय रहते पूरा कराएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रदेश भर में मतदाताओं के पंजीकरण का सराहनीय कार्य किया गया है। पूरे प्रदेश में एक करोड से अधिक नये मतदाताओं के नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। इसमें महिला मतदाताओं की भी संख्या बढी है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी कम लिंगानुपात वाले मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन करके वहां महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं के माध्यम से छूटी हुई महिलाओं एवं युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में पेड न्यूज पर नियंत्रण के लिए तत्काल समिति का गठन कर लें। स्वीप प्लान के अनुसार स्वीप कमेटी का भी गठन करके वरिष्ठ अधिकारी को इसका मुखिया बनाएं। कलापथक दल, स्थानीय कलाकारों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें। गत चुनाव की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक मतदान कराने के प्रयास करें। कई मतदान केन्द्रों में कमजोर वर्ग, अल्प संख्यक वर्ग, महिलाओं तथा युवाओं का मतदान में प्रतिशत कम रहता है। इन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने पर विशेष ध्यान दें। कार्यक्रम में भाग लेते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने कहा कि जिले की तीनों विधान सभा क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले केन्द्रों की पहचान कर ली गई है। इनमें कम मतदान का कारण जानने के लिए सर्वेक्षण किया जा रहा है। उसके अनुसार मतदान का प्रतिशत बढाने की कार्यवाही की जाएगी। मांग एवं समस्याओं के कारण मतदान पर किसी तरह का प्रभाव न पडे इसके लिए अभी से कार्यवाही की जा रही है। जिले के कुछ क्षेत्रों में खदानों तथा कुछ गांव में मजदूरों के बाहर काम करने के लिए जाने के कारण मतदान का प्रतिशत कम रहता है। उन्होंने बताया है कि स्वीप कमेटी तथा पेड न्यूज के लिए समिति का गठन किया जा रहा है। लोक कल्याण शिविर, अन्त्योदय मेले, ग्राम सभा तथा बैठकों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदाताओं के पंजीयन एवं मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे, निर्वाचन पर्यवेक्षक राजनारायण सिंह ने भी भाग लिया। 

अभी दो दिन और जुडेंगे मतदाता सूची में नाम

पन्ना 20 जून 13/जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्रों में छूटे हुए एवं नये मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए 7 से 22 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केन्द्र में बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल करने की सुविधा दी गई है। इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया है कि सभी छूटे हुए मतदाताओं को अभी दो दिन तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर है। इस अवसर का लाभ उठाएं। मतदाता सूची में नाम शामिल न होने पर मतदान का अवसर प्राप्त नही होगा। उन्होंने कहा है कि जिले के 252 मतदान केन्द्रों में महिला मतदाताओं की संख्या जिले में जनसंख्या के अनुपात में महिलाओं की संख्या से कम है। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी छूटी हुई महिलाओं एवं युवतियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। सभी बीएलओ तथा आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के नाम इसके लिए फार्म उपलब्ध है। आंगनवाडी केन्द्र में आने वाली प्रत्येक महिला से मतदाता सूची में नाम शामिल होने के संबंध में जानकारी अवश्य लें। यदि किसी का नाम शामिल नही है तो उसका नाम शामिल कराने की कार्यवाही करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों तथा परियोजना अधिकारियों को इस संबंध में सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। 

राज्यमंत्री आज आएंगे पन्ना

पन्ना 20 जून 13/कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल एवं पर्यटन राज्यमंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह 21 जून को पन्ना आएंगे। श्री सिंह 20 जून को भोपाल से रात 10 बजे रेवांचल एक्सप्रेस ट्रेन से प्रस्थान कर 21 जून को प्रातः 6.35 बजे सतना पहुंचेंगे। सतना से कार द्वारा प्रस्थान कर वे सुबह 8.30 बजे पन्ना पहुंचेंगे। 

सुनवानी में बुन्देली उत्सव में हुए रंगारंग कार्यक्रम

पन्ना 20 जून 13/मध्य प्रदेश एवं युवक कल्याण विभाग के तत्वाधान में गत दिवस ग्राम सुनवानी में 13वां बुन्देली उत्सव आयोजित किया गया। इसमें पन्ना जिले के साथ-साथ डिंडौरी, छतरपुर, रायसेन, जबलपुर और सागर जिलों के लोक कलाकारों ने रोचक प्रस्तुतियां दी। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी एन.एन. शर्मा ने बताया कि बुन्देली उत्सव में जबलपुर की कु0 अंकिता गिनारा ने आकर्षक कथक नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह में 300 से अधिक कलाकारों ने लोक गीत, लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। रात 9 बजे से कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होकर देर रात तक जारी रहा। 

प्रमुख सचिव करेंगे स्कूल चले हम अभियान का निरीक्षण

पन्ना 20 जून 13/किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के प्रमुख सचिव श्री आर.के. स्वाई पन्ना जिले में चल रहे स्कूल चले हम अभियान का निरीक्षण करेंगे। वे 20 जून को रात 10 बजे भोपाल से रेवाचंल एक्सप्रेस ट्रेन से प्रस्थान कर 21 जून को प्रातः 6.30 बजे सतना पहुंचेंगे। सतना से कार द्वारा प्रस्थान कर पन्ना पहुंचकर प्रातः 11 बजे सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में स्कूल चले हम अभियान की समीक्षा करेंगे। वे रात्रि विश्राम पन्ना में करके 22 जून को जिले के विभिन्न शालाओं का निरीक्षण करेंगे। 

अध्यक्ष आज आएंगे पन्ना

पन्ना 20 जून 13/मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री बसंत पुरोहित राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एक दिवसीय प्रवास पर 21 जून को पन्ना आएंगे। श्री पुरोहित 21 जून को सागर से प्रस्थान कर पन्ना पहुंचकर दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष तथा प्रतिनिधियों से कर्मचारी कल्याण की जानकारी प्राप्त करेंगे। वे शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सभी कार्यालय प्रमुखों से कर्मचारी कल्याण की जानकारी प्राप्त करेंगे। बैठक के बाद वे सतना के लिए प्रस्थान करेंगे। 

विधिक साक्षरता शिविर 22 जून को

पन्ना 20 जून 13/विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना द्वारा 22 जून को शाम 4 बजे से उप जेल पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री के.के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बन्दियों को मानव अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने तथा प्रकरणों के आपसी सुलह से निराकरण की जानकारी दी जाएगी। जिला विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा ने इस संबंध में बताया कि शिविर में न्यायाधीश तथा वरिष्ठ अधिवक्तागण बन्दियों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। 

छानबीन समिति की बैठक 29 जून को

पन्ना 20 जून 13/जिले के ग्रामीण क्षेत्रों मंे स्थित शालाओं में नियुक्त संविदा शाला शिक्षक वर्ग-एक, दो एवं तीन को अध्यापक संवर्ग में नियुक्त करने की कार्यवाही की जा रही है। तीन वर्ष की अवधि पूरी करने वाले संविदा शाला शिक्षकों के अभिलेखों की जांच के लिए जिला स्तरीय छानबीन समिति गठित की गई है। इसकी बैठक में 29 जून को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई है। इसकी अध्यक्षता जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे करेंगी। बैठक में सभी जनपद पंचायतों में नियुक्त संविदा शिक्षकों को अध्यापक संवर्ग में नियुक्त किए जाने के पूर्व इनकी उपयुक्ता की जांच की जाएगी। समिति के सभी सदस्यों को समस्त अभिलेखों के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। 

वाटर स्पोर्ट के लिए चयन आज

पन्ना 20 जून 13/खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढने के लिए गई अवसर दिए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी एन.एन. शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश राज्य पुरूष वाटर स्पोर्ट के लिए खिलाडियों का चयन 21 जून को धरम सागर तालाब पन्ना में किया जाएगा। इसमें केनोईन कयाकिन रोईग तथा सेलिंग खेल शामिल किए गए हैं। इन खेलों में प्रवीणता रखने वाले खिलाडी जिला खेल एवं युवक कल्याण कार्यालय नजरबाग पन्ना से सम्पर्क कर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। 

हर शाला को नियमित संचालित करने के निर्देश

पन्ना 20 जून 13/जिला समन्वयक शिक्षा मिशन विष्णु कुमार त्रिपाठी ने सभी प्रधानाध्यापकों को शालाओं के नियमित संचालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 17 जून से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हो गया है। सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में 17 जून से स्कूल चले हम अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी के लिए तैनात अधिकारियों ने बताया है कि कई विद्यालय समय पर नही खुल रहे हैं। उसमें पदस्थ शिक्षकों की उपस्थिति कम है। पाठ्य पुस्तकों का वितरण नही किया गया है तथा बच्चे गणवेश में स्कूल नही आ रहे हैं। सभी प्रधानाध्यापक इन कमियों को दूर करने के लिए कडी कार्यवाही करें। अनुपस्थित शिक्षकों के विरूद्ध कडी कार्यवाही करें। शालाओं में पाठ्य पुस्तके उपलब्ध करा दी गई हैं इनका तत्काल वितरण कराएं। ग्राम शिक्षा पंजी में सर्वेक्षित जो बच्चे शाला में नही आ रहे हैं उनके शाला में प्रवेश तथा नियमित उपस्थिति के लिए विशेष प्रयास करें। 

कोई टिप्पणी नहीं: