बिहार के बोधगया में उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति और फंसे लोगों की सलामती के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न देशों के सैकड़ों बौद्घ भिक्षुओं ने हिस्सा लिया। इंटरनेशनल बुद्घिस्ट काउंसिल के बैनर तले गुरुवार शाम विश्वदाय धरोहर महाबोधि मंदिर परिसर में स्थित पवित्र महाबोधि वृक्ष के नीचे आयोजित प्रार्थना सभा में देश के विभिन्न हिस्सों से प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए लोगों को श्रद्घांजलि दी गई। वहीं विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों की सलामती के लिए प्रार्थना की गई।
भंते प्रियपाल ने शुक्रवार को बताया कि डॉ़ वरा संबोधि थेरा के नेतृत्व में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग ले रहे बौद्घ भिक्षुओं ने सुत्त पाठ किया और फंसे लोगों की सलामती की दुआ मांगी गई। इस प्रार्थना सभा में स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया। प्रियपाल ने बौद्घ संप्रदाय के लोगों से पीड़ित परिवारों को मदद करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि उतराखंड के केदारनाथ और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सैकड़ों लोगों की जानें चली गई हैं तथा अभी भी हजारों लोग उस इलाके में फंसे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें