कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यव्रत चतुर्वेदी ने यहां शुक्रवार को कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है तो उन्हें कांग्रेस से इस्तीफा देकर मोदी की पार्टी में शामिल हो जाना चाहिए। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में चतुर्वेदी से कहा गया कि रमेश ने मोदी की सराहना करते हुए कांगेस के लिए बड़ी चुनौती बताया है, तब इस पर चतुर्वेदी का कहना था कि अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो रमेश को मोदी की पार्टी में शामिल होकर गुजरात चले जाना चाहिए।
चतुर्वेदी ने मध्य प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए कहा कि पटवारी से लेकर अफसर तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा, "अफसर भ्रष्ट हैं, सरकार मस्त है। राज्य में संस्थागत भ्रष्टाचार बढ़ा है, कई मंत्रियों पर लोकायुक्त में प्रकरण दर्ज है मगर भाजपा को यह दिखाई नहीं देता। भ्रष्टाचार की बात करने वाली भाजपा का हाल हाथी के दांत जैसा है, जो दिखाने के और, खाने के कुछ और है।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें