जदयू ने 17 साल पुरानी दोस्ती तोड़ दिया लेकिन शिवसेना अभी भी बीजेपी के साथ खड़ी है. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का कहना है कि जब तक बीजेपी हिंदुत्व के मुद्दे पर चलती रहेगी तब तक वह उसके साथ रहेगी. उन्होंने यह बात पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मुंबई में कही.
माटुंगा के षण्मुखानंद हाल में शिवसेना के 47वां स्थापना दिवस के मौके पर बुधवार को दिए भाषण में कहा कि शिवसेना का भाजपा से गठबंधन हिंदुत्व के मुद्दे पर हुआ है.
उन्होंने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व के मुद्दे पर कायम रहेगी. हम भी सर्वधर्म समभाव की विचारधारा रखते हैं लेकिन हिंदुओं के अहितों को नजरअंदाज करके कुछ नहीं कर सकते हैं.
उद्धव ने उम्मीद जताई है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पहले की अपेक्षा अधिक सीटें हासिल करने में कामयाब रहेगी. वह जल्द ही राज्य की सभी संसदीय सीटों का दौरा शुरू कर अपने चुनावी अभियान की भी शुरुआत करेंगे. अपने भाषण में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद यादव को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने ने महाराष्ट्र को विदेशी सैलानियों के लिए और अधिक महत्व का बनाने पर भी जोर दिया.
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में विदेशी सैलानियों के पास मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया और सीएसटी के अलावा कोई अन्य विकल्प ही नहीं है. उन्होंने महाराष्ट्र में थीम पार्क बनाने पर जोर दिया जो राज्य की पहचान बन सके. उद्धव ने उत्तराखंड बाढ़ से हुई तबाही पर भी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि शिवसैनिक बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिन रात जुटे हुए हैं और बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी.
बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया है कि उनकी पार्टी के सबसे पुराने सहयोगी दल शिवसेना के साथ उनका गठजोड जारी रहेगा. शिवसेना के सूत्रों ने बताया कि सिंह ने ये बातें शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ मुंबई में उपनगरीय बांद्रा स्थित उनके घर मातोश्री में बीती रात मुलाकात के दौरान कहीं. सूत्र ने कहा, ‘‘हमारा गठबंधन और ज्यादा मजबूती के साथ जारी रहेगा.’’
भाजपा प्रमुख ने बुधवार को शिवसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनायें दी. गत वर्ष संस्थापक बाल ठाकरे के निधन के बाद पार्टी का यह पहला स्थापना दिवस है. उन्होंने बताया कि इस बैठक में राज्य भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र फडनवीस और युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें