भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइईटी) की प्रवेश परीक्षा में चर्चित संस्था सुपर 30 ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। इसके 30 में से 28 छात्र सफल हुए हैं। पटना के चर्चित सुपर 30 के संस्थापक कुमार आनंद ने बताया कि इस वर्ष 30 में से 28 छात्र ही सफल हुए हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के हैं। वे कहते हैं कि आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले छात्रों में फेरी करने वाला, जूते की दुकान में काम करने वाला, मैगजिन बेचने वाला तो कोई दिहाड़ी मजदूरी करने वाले जैसे पिता के पुत्र और पुत्रियां शामिल हैं।
करीब-करीब सभी छात्र शुक्रवार को परिणाम जानने के लिए कुमार आनंद के आवास पर एकत्रित थे। परिणाम निकलने के बाद सफल छात्रों के खुशी का ठिकाना नहीं है। सभी छात्र एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं तो कोई आंनद को कंधे पर उठाकर खुशी जता रहा है। प्रवेश परीक्षा में सफल हुआ छात्र अमन कुमार की आज खुशी का ठिकाना नहीं हैं। उसके पिता अशोक कुमार प्राइवेट नर्सिंग होम में 1000 रुपये की नौकरी करते हैं। अमन इस सफलता का सारा श्रेय कुमार आनंद को देता है। वह कहता है कि उन्हीं के कारण आज उसका सपना साकार हुआ है। वे कहते हैं, "आनंद सर ने ना केवल पढ़ाया बल्कि आत्मबल को भी मजबूत किया।"
इधर, कुमार आनंद इस सफलता का सारा श्रेय अपने बच्चों को देते हैं, जिसने कठिन परिश्रम और समर्पण की भावना से पढ़ाई की और अपनी मंजिल पाई। उल्लेखनीय है कि पिछले 10 वर्षो से पटना में स्थापित सुपर 30 से अब तक 291 छात्रों आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में सफल हो चुके हैं। गौरतलब है कि सुपर 30 में नि:शुल्क बच्चों को आईआईटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाई जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें