सभी बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित जीवन मिले: श्रीमती चतुर्वेदी
- आयोग द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । म0प्र0 बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उषा चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश में सभी बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित जीवन मिले यह सुनिश्चित किया जाये । उन्होंने कहा हर बच्चे को पढ़ने का, पोषण का एवं विकास का पूरा अवसर मिले यह जरूरी है । आपने आज प्रातः आंगनवाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान ये विचार व्यक्त किये । इस अवसर पर म0प्र0 बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य श्रीमती विजया शुक्ला एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे । इस दौरान उन्होंने टीकमगढ़ ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगतनगर एवं तखा में आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिये । श्रीमती चतुर्वेदी ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करें । उन्होंने कहा कि जब बच्चे केन्द्र पर आयें तो उनके मुंह-हाथ साबुन से धुलवायें एवं उनकी तेल डालकर कंघी करें । आपने कहा कि बच्चों को खाने से पहले एवं खाने के बाद साबुन से हाथ जरूर धुलवायें । उन्होंने कहा साथ ही बच्चों की माताओं को भी बतायें कि वे स्वयं स्वच्छ रहें तथा अपने बच्चों को भी स्वच्छ रखें । श्रीमती चतुर्वेदी ने कहा कि केन्द्रों में आने वाले बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा भी दें । उन्होंने कहा यहाँ आने वाले बच्चों को शांत बैठना, अपना नाम बताना आदि व्यवहारिक बातें सिखाई जानी चहिए । आपने कहा बच्चों को खाना एवं नाश्ता केन्द्र के बर्तनों में ही दिया जाये। उन्होंने कहा इसी प्रकार बच्चों को खेल के माध्यम से अक्षर ज्ञान एवं सामान्य जानकारी भी दी जानी चहिए । श्रीमती चतुर्वेदी ने कहा कि हर बच्चे को स्कूल जाने के पूर्व पर्याप्त पोषण और व्यवहारिक जानकारी मिलने से उन्हें विकास में सहायता मिलती है तथा वे समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर समाज के विकास में सहायक होते हैं ।
बंद ऋतु में मत्स्याखेट निषिद्ध
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री एस.के. त्यागी ने बताया है कि मध्यप्रदेश नदीय मत्स्योद्योग नियम 1972 की धारा 3(2) के अंतर्गत 16 जून से 15 अगस्त 2013 तक मत्स्य प्रजनन अवधि में मत्स्याखेट, मत्स्यविक्रय एवं परिवहन पूर्णतः निषिद्ध रहेगा । उन्होंने बताया कि इस प्रावधान के विरूद्ध मत्स्याखेट या परिवहन में लिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों को कारावास जिसकी अवधि एक वर्ष तक की हो सकेगी या जुर्माना से जो 5 हजार रूपये तक हो सकेगा या दोनों से दंडित किया जा सकेगा ।
बाल अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा: श्रीमती चतुर्वेदी
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । म0प्र0 बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उषा चतुर्वेदी ने कहा कि बाल अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा । उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों से भिक्षा वृत्ति कराना, मजदूरी कराना या उन्हें किसी प्रकार से पढ़ाई से वंचित रखना अपराध है । आपने कहा यदि बच्चों के माता-पिता भी ऐसा कार्य करते हैं वे भी दण्ड के भागीदार हैं । उन्होंने कहा इस प्रकार के कार्यों से सख्ती से निपटा जायेगा । श्रीमती चतुर्वेदी ने आज जिले में विगत दिनों भिक्षा वृत्ति करते पाये गये बच्चों से चर्चा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिये । इस अवसर पर आयोग की सदस्य श्रीमती विजया शुक्ला, एस.पी.श्री अमित सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य महिला आयोग की संयुक्त बैंच टीकमगढ़ में 19 को
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । म0प्र0 राज्य महिला आयोग की संयुक्त बैंच 19 जून 2013 को प्रातः 11 बजे से टीकमगढ़ सर्किट हाऊस में आयोजित की जा रही है । इसमें आयोग में पंजीबद्ध प्रकरणों पर सुनवाई की जायेगी । संयुक्त बैंच में म0प्र0 राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उपमा राय (केबिनेट मंत्री दर्जा) एवं सदस्य श्रीमती स्नेहलता उपाध्याय (राज्यमंत्री दर्जा) शामिल रहेंगी ।
पूरक परीक्षा 17 जून से
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ.आर.एन.नीखरा ने बताया है कि शासन निर्देशों के अनुक्रम में टीेकमगढ़ जिले की शासकीय संस्थाओं में मुख्य परीक्षा 2013 उपरांत कक्षा 9वीं एवं कक्षा 11वीं में पूरक पात्रता प्राप्त परीक्षार्थियों की पूरक परीक्षा वोर्ड पेटर्न के आधार पर दिनांक 17 जून 2013 से प्रारंभ हो रही हैं । यह परीक्षा प्रातः 9 बजे से 12 तक जिले के विकास खंडों अन्तर्गत संस्थाओं की उसी विकासखंड के उत्कृष्ट विद्यालयों में आयोजित होंगी ।
रोजगार मेला 17 जून को
टीकमगढ़, 14 जून 2013 । जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के. सिंह ने बताया कि रोजगार कार्यालय के माध्यम से कौशल विकास केन्द्र, जतारा विकासखण्ड- जतारा में 17 जून 2013 को आयोजित किया जायेगा । मेले में विभिन्न प्रायवेट कंपनियों द्वारा सेल्स मेनेजर, सेक्यूरिटी गार्ड, प्रशिक्षु, फील्ड वर्कर आदि पदों हेतु साक्षात्कार लेकर चयन किया जायेगा । साथ ही केरियर काउंसलिंग कर मार्गदर्शन दिया जायेगा । उन्होंने बताया कि जिले के 8वीं से स्नातक पास युवक/युवतियां इस मेले में अपने दस्तावेज अंकसूची, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, वोटर कार्ड आदि लेकर साक्षात्कार में शामिल होकर मेले का लाभ प्राप्त कर सकते है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें