नवागत कलेक्टर ने किया कार्यालयों का निरीक्षण दिये आवश्यक निर्देश
टीकमगढ़, 20 जून 2013 । जिले के नवागत कलेक्टर डाॅ.सुदाम खाडे ने आज प्रातः संयुक्त कार्यालय परिसर में स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया । साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये । इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री अतेन्द्र गुर्जर, लोक सेवा प्रदाय गारंटी के जिला मैनेजर श्री के.आर.झा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे । डाॅ. खाडे ने सर्वप्रथम लोक सेवा प्रदाय गारंटी कार्यालय का निरीक्षण किया तथा जिले में कार्यरत केन्द्रों की जानकारी ली साथ ही उन्होंने विभिन्न केन्द्रों में लंबित शिकायतों की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ शाखा एवं वित्त शाखा का निरीक्षण किया तथा वहाँ कार्यरत स्टाफ की जानकारी ली । डाॅ. खाडे ने निर्वाचन कार्यालय में पहुँच कर विस्तार से जानकारी ली । उन्होंने जिले की सभी विधानसभाओं में दर्ज मतदाताओं एवं मतदान केन्द्रों की जानकारी ली । साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि आयोग द्वारा प्रेषित निर्देशों का समय सीमा में पालन सुनिश्चिित किया जाये । इस दौरान डाॅ. खाडे ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. गुप्ता से जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली । उन्होंने जिले में मातृ-मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यू-दर की भी जानकारी ली तथा उसे कम करने के प्रयासों के बारे में भी जाना । डाॅ. खाडे ने जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव सिंह से जिले में संचालित महिला एवं बाल विकास संबंधी कार्यों की जानकारी ली । उन्होंने जिले में दर्ज लाड़ली लक्ष्मी, कुपोषित बच्चों उनके उपचार आदि पर विस्तार से जानकारी ली । इसी क्रम में डाॅ. खाडे़ ने जिला कोषालय एवं जिला पेन्शन कार्यालय का निरीक्षण किया और लंबित पेंशन प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली । उन्होंने निर्देशित किया कि पी.पी.ओ. सेवानिवृत्ति के दिन ही मिल जाये यह सुनिश्चिित किया जाये । इसके पश्चात डाॅ. खाडे ने जिला जनसंपर्क कार्यालय, जन सेवा केन्द्र, आदिम जाति कल्याण कार्यालय, खाद्य , खनिज, अधीक्षक भू-अभिलेख, मत्स्य, नगरीय निकाय, डी.पी.आई.पी. सहित परिसर में स्थित सभी कार्यालयों का निरीक्षण किया ।
शिक्षा ऋण मेला 22 को
टीकमगढ़, 20 जून 2013 । मुख्य प्रबंधक जिला आग्रणि बैंक टीकमगढ़ ने बताया कि संस्थागत वित्त, भोपाल के निर्देशानुसार संयुक्त बैंकर्स द्वारा शिक्षा ऋण मेला 22 जून 2013 को आयोजित किया गया है । यह मेला जिला पंचायत सभा गृह टीकमगढ़ में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया हैं । समस्त छात्र/छात्रओं से अपील की गई है कि जो उच्च शिक्षा/तकनीकि शिक्षा में आगे पढ़ना चाहते है वे मेले का लाभ उठायें ।
नवोदय की 9वीं प्रवेश परीक्षा 23 को
टीकमगढ़, 20 जून 2013 । जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं की प्रवेश परीक्षा 23 जून को होगी । प्राचार्य श्री क.ेक.े कटियार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए 299 फार्म पात्र पाए गए हैं । स्कूल में कक्षा 9वीं में 8 सीटें खाली हैं । जिसमें 4 छात्र और 4 छात्राओं के प्रवेश होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा में बैठने वाले सभी छात्र-छात्राएँ आगामी 20 जून तक स्कूल के कार्यालयीन समय में अपने प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना हेतु आवेदन आमंत्रित
टीकमगढ़, 20 जून 2013 । महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया है कि म.प्र. पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, भोपाल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक वर्ग स्वरोजगार योजनान्तर्गत वर्ष 2013-14 के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं । ऋण की अधिकतम सीमा 10 लाख रूपये होगी। जो युवक/युवतियाँ स्वयं का उद्योग, सेवा या व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट/कार्ययोजना, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड/स्थाई निवास प्रमाण पत्र/वोटर कार्ड (मतदाता पहचान पत्र)/पासपोर्ट/ड्राईविंग लाईसेंस, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, वर्तमान दरों के मशीनरी कोटेशन के साथ दो-दो सेट जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, टीकमगढ़ में जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं । हितग्राहियों का चयन प्रथम आओ- प्रथम पाओ के आधार पर किया जायेगा ।
कटे-फटे होठों एवं तालू का निःशुल्क आॅपरेशन
टीकमगढ़, 20 जून 2013 । जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजीव सिंह ने बताया है कि सी.एच.एल.अपोलो, इंदौर के चिकित्सकों द्वारा टीकमगढ़ में कटे-फटे होठों एवं तालू का निःशुल्क आॅपरेशन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि यह आॅपरेशन 21 एवं 22 जून 2013 को डाॅ.बी.के.राय अस्पताल में किया जाना है । इस संबंध में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सिंह से उनके मोबाईल नंबर 9425136317 पर या जनसेवा केन्द्र में दूरभाष क्र. 07683-242242 पर संपर्क किया जा सकता है । जिन बच्चों को यह समस्या है उनके माता-पिता या अभिभावक डाॅ.बी.के.राय अस्पताल, जिला चिकित्सालय के पास, टीकमगढ़ में सीधे भी संपर्क कर सकते हैं ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें