मिस्र में चल रहे संकट को खत्म करने के प्रयास के तहत मंगलवार को अंतरिम राष्ट्रपति अदली मंसूर ने देश में अगले साल की शुरूआत में ताजा चुनाव कराने का वादा किया। दूसरी ओर उदारवादी अर्थशास्त्री हाजिम अल बबलावी को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।
इस बीच, अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के समर्थकों और सैनिकों के बीच भीषण संघर्ष में 51 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति के प्रचक्ता अहमद अल मुसलमानी ने बताया कि अदली मंसूर ने देश के पूर्व वित्त मंत्री बबलावी को प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। आईएईए के पूर्व प्रमुख मोहम्मद अल बरदई को विदेश मामलों के लिए उप राष्ट्रपति बनाया गया है।
अदली मंसूर ने कल रात एक संवैधानिक अधिघोषणा जारी की, जिसमें उन्होंने खुद को कानून बनाने की सीमित शक्तियां दीं तथा संसदीय और राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक समय सारणी की रूपरेखा पेश की। मंसूर की यह अपेक्षित अधिघोषणा मौजूदा संक्रमण काल के अंत तक प्रभावी रहेगी। संक्रमण काल कल रात को हुई संवैधानिक घोषणा के बाद से शुरू हो गया और राष्ट्रपति चुनाव के बाद समाप्त होगा।
आदेश में कहा गया है कि संसदीय चुनाव संक्रमणकाल के दौरान होगें और राष्ट्रपति चुनाव से पहले होंगे। इसका अर्थ है कि फरवरी महीने की शुरूआत में यह चुनाव हो सकता है। अंतरिम राष्ट्रपति का यह कदम स्पष्ट रूप से विद्रोह के समर्थकों से अपील के लिये था लेकिन शायद ही यह मुर्सी समर्थकों को रास आए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें