कांग्रेस, राजद के समर्थन से सरकार बनाएगी झामुमो - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 6 जुलाई 2013

कांग्रेस, राजद के समर्थन से सरकार बनाएगी झामुमो

झारखंड में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की मदद से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है। शुक्रवार को इस आशय की घोषणा की गई। राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री और झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में कहा कि कांग्रेस ने झामुमो सरकार को सहयोग करने का वादा किया है। उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2014 में होने वाले आम चुनाव में राज्य में कांग्रेस और झामुमो मिलकर लड़ेंगे। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद के साथ समझौता करने के लिए हेमंत सोरेन चार दिनों से नई दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।  कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राज्य की 14 लोकसभा सीटों में कांग्रेस 10 पर प्रत्याशी उतारेगी, जबकि झामुमो शेष चार पर लड़ेगी। 

राजद ने भी झामुमो सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने पटना में कहा, "हमने झारखंड में झामुमो नीत सरकार को समर्थन देने का फैसला लिया है।" उन्होंने कहा, "हेमंत सोरेन नई सरकार का नेतृत्व करेंगे। राष्ट्रपति शासन का अंत होना चाहिए और एक लोकप्रिय सरकार बननी चाहिए।

झामुमो ने 82 सदस्यीय विधानसभा में 42 विधायकों के समर्थन होने का दावा किया है। झामुमो, कांग्रेस और राजद के क्रमश: 18, 13 और पांच विधायक हैं। झामुमो ने कहा है कि उसे सात और विधायकों जो या तो निर्दलीय हैं या फिर छोटी पार्टियों के हैं, का भी समर्थन मिलेगा। एक निर्दलीय विधायक बंधू टिर्की ने कहा कि चार निर्दलीय विधायकों ने झामुमो को अपना समर्थन दिया है।

राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है जिसकी छह माह की अवधि 18 जुलाई को खत्म होने जा रही है। यदि झामुमो राज्य में सरकार बनाने में कामयाब रहती है तो वर्ष 2000 में बिहार से अलग होने के बाद यह नौवीं सरकार होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: