मोदी के इशारे पर अखबारों को रिझाने में जुटे शाह, प्रदेश की मीडिया में घुसपैठ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 6 जुलाई 2013

मोदी के इशारे पर अखबारों को रिझाने में जुटे शाह, प्रदेश की मीडिया में घुसपैठ

गुजरात में मीडिया मैनेजमेंट का हुनर दिखा चुके नरेंद्र मोदी के सिपहसलार और भाजपा के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी अमित शाह ने अब उत्तर प्रदेश में भी मोदी के इशारे पर अखबारों के दफ्तरों का चक्कर काटना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि मोदी के इशारे पर ही शाह मीडिया को साधने में जुटे हुए हैं। अयोध्या में होने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महत्वपूर्ण बैठक से पहले शाह ने शुक्रवार को राजधानी के कई नामी अखबारों के दफ्तरों पर जाकर संपादकों से मुलाकात की।  माना जा रहा है कि शाह की यह सारी कवायद मोदी के इशारे पर हो रही है ताकि उनकी बैठकों और उत्तर प्रदेश में पार्टी की रणनीति को लेकर सकारात्मक कवरेज हो सके।

अयोध्या में शनिवार को होने वाली बैठक से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार की दोपहर शाह राजधानी लखनऊ पहुंचे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, शाह ने पहले से ही यह कार्यक्रम तय कर रखा था कि वह इस दौरे की शुरुआत चुनिंदा अखबारों के संपादकों के साथ मुलाकात से करेंगे, लिहाजा दोपहर में राजधानी पहुंचते ही वह मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं की टीम के साथ लखनऊ की मीडिया को साधने निकल पड़े। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता खुलकर तो कुछ नहीं बता रहे हैं लेकिन नेताओं के मुंह से इतना जरूर निकल रहा है कि पार्टी प्रभारी होने के नाते शाह चाहे जो करें, लेकिन अखबारों के दफ्तरों का चक्कर लगाने के बजाय संगठन पर ध्यान देते तो ज्यादा बेहतर होता।

भाजपा के एक नेता ने कहा, "अखबारों के दफ्तरों में जाकर संपादकों से मिलना, अच्छी परंपरा की शुरुआत नहीं है। इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाएगा। अखबारों के दफ्तर के चक्कर लगाने से पार्टी को कुछ नहीं मिलेगा। शाह को संगठन पर ध्यान देना चाहिए।" पार्टी के कुछ पदाधिकारियों के भीतर इस बात की खुशी भी दिखाई दी कि आखिर मोदी का मीडिया मैनेजमेंट यहां भी देखने को मिल रहा है लेकिन आने वाले समय में इसका कितना लाभ मिलेगा, इसका जवाब इन पदाधिकारियों के पास भी नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं: