पाकिस्तान मामलों की व्यापक जानकारी रखने वाले राजनयिक टी सी ए राघवन पाकिस्तान में नए भारतीय उच्चायुक्त का कार्यभार संभालने के सोमवार को इस्लामाबाद पहुंच गए। करीब एक दशक पहले इस्लामाबाद में भारतीय उप उच्चायुक्त रह चुके राघवन ने सड़क मार्ग से वाघा सीमा से देश में प्रवेश किया।
वह शरत सभरवाल का स्थान लेंगे जिन्हें पिछले साल सेवानिवृत्ति के चरण में पहुंचने के बाद कई बार सेवा विस्तार दिया गया। सभरवाल इस माह के शुरुआत में भारत लौट गए। पाकिस्तान में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान राघवन ने शिवशंकर मेनन के तहत काम किया था जो बाद में विदेश सचिव बन गए।
1982 बैच के आईएफएस अधिकारी राघवन को पाकिस्तान मामलों का व्यापक अनुभव है और पाकिस्तान के बुद्धिजीवी तथा राजनीतिक वर्ग में काफी सम्मान है। सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त पद की अपनी नियुक्ति से पूर्व राघवन विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान मामलों संबंधी विभाग के प्रमुख थे।
पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि राघवन को अपना पहचान पत्र पेश करने के लिए अभी कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी निजी यात्रा पर देश से बाहर हैं।
यदि जरदारी करीब छह सप्ताह में अपना कार्यकाल समाप्त होने तक विदेश में रहने का विकल्प चुनते हैं तो यह इंतजार और लंबा हो सकता है। द न्यूज डेली ने अपने सूत्रों के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है। यदि जरदारी सितंबर तक पाकिस्तान नहीं लौटते हैं तो राघवन को अपने पहचानपत्र पेश करने के लिए नए राष्ट्रपति के चुनाव तक इंतजार करना पड़ेगा।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें