भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अमित शाह ने शनिवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन किया और देश को कांग्रेस से मुक्त करने का वरदान मांगा। शाह की अगुवाई में अयोध्या के कारसेवकपुरम में बैठक चल रही है। रामलला के बाद हनुमानगढ़ी के दर्शन कर भाजपा के अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वह सीधे कारसेवकपुरम गए। शाह शनिवार सुबह लखनऊ से सीधे अयोध्या पहुंचे। रामलला का दर्शन करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि देश में सुशासन लाने के लिए अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जरूरी है। उन्होंने रामलला के दर्शन कर देश को कांग्रेस से मुक्ति दिलाने का वरदान मांगा।
शाह शनिवार शाम को ही अयोध्या से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। रविवार को गोरखनाथ धाम मंदिर में दर्शन के बाद वह गोरक्षापीठ के महंत और भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। शाह गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्र प्रचारक शिव नारायण से मुलाकात करने के अतिरिक्त प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी भेंट की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें