राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्वर्णमृग हैं, जो जनता को लुभा रहा है और भरमा रहा है। पटना के राजद कार्यालय में मौका तो था पार्टी के 17वें स्थापना दिवस समारोह का परंतु लालू ने नीतीश और भाजपा को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार का पतन अब शुरू हो चुका है और इस मौके पर वे सरकार के खिलाफ जंग का एलान करते हैं।
लालू ने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि चाहे जो परिस्थिति आए घबराना नहीं है। उन्होंने इशारों ही इशारों में उनके न्यायालय से जुड़े मुकदमे की चर्चा किए बिना कहा कि कोई भी हमला हो परंतु विचलित नहीं होना है। उन्होंने बगहा पुलिस गोलीकांड के लिए नीतीश को दोषी बताते हुए तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की।
उन्होंने पार्टी के 40 शीर्ष नेताओं के नेतृत्व में अलग-अलग टीम बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि ये टीम जनता के बीच नीतीश सरकार और भाजपा और आरएसएस की गठजोड़ की सच्चाई बताएगी। इसके पूर्व लालू प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर स्थापना दिवस समारोह का उद्घटन किया। इस मौके पर पार्टी के विधायक, सांसद और नेता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें