सर्व शिक्षा अभियान के कार्य पूर्ण नहीं करने पर
78 ग्राम पंचायतों के सरपंचों के विरूध्द धारा 40 की कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने सर्व शिक्षा अभियान के निर्माण कार्य पूर्ण नहीं करने पर 78 ग्राम पंचायतों के सरपंचों के विरूध्द म.प्र. पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्यवाही कर पद से हटाने के निर्देश दिये है। बालाघाट, वारासिवनी, बैहर, लांजी एवं कटंगी के एस.डी.एम. को ग्राम पंचायतों की सूची सौंप कर वहां के सरपंचों के विरूध्द शीघ्र धारा 40 की कार्यवाही करने कहा गया है। कलेक्टर द्वारा गत दिवस सर्व शिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत टिटवा ने प्राथमिक शाला कछुरना, ग्राम पंचायत पेंडरई ने प्रा.शा. पेंडरई एवं कन्हड़गांव, ग्राम पंचायत सेरवी ने प्रा.शा. खामी, ग्राम पंचायत सकरी ने प्रा.शा. देवसर्रा, ग्राम पंचायत परसवाड़ा ने प्रा.शा. रतनारा, ग्राम पंचायत बड़गांव एवं ग्राम पंचायत पिपरझरी ने अतिरिक्त कक्ष का कार्य अब तक पूर्ण नहीं किया है। इसी प्रकार लांजी विकासखंड की ग्राम पंचायत रमपुरा द्वारा प्रा.शा. सोगलपुर व मा.शा. रमपुरा, ग्राम पंचायत कुम्हारीकला, लाड़सा, सुनारककोड़ी, ओटेकसा, डोरली, सिरेगांव, बेनगांव तथा ग्राम पंचायत रिसेवाड़ा द्वारा प्रा.शा. जामुनटोला व ग्राम पंचायत कुम्हारीखुर्द द्वारा प्रा.शा. जिवनारा का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। इन सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों के विरूध्द म.प्र. पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्यवाही कर पद से हटाने के निर्देश दिये गये है। सर्व शिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों को पूर्ण नहीं करने के कारण लालबर्रा विकासखंड की ग्राम पंचायत गारापुरी, धरपीवाड़ा, कनकी, पांढरवानी, मांझापुर, वारासिवनी विकासखंड की ग्राम पंचायत बोटेझरी, आलेझरी, थानेगांव, पदमपुर, चंगेरा, नांदगांव, मदनपुर, कासपुर, एकोड़ी, सिकन्द्र, नरोड़ी, भांडी, खैरलांजी विकासखंड की ग्राम पंचायत किन्ही, भजियादंड, गजपुर, येरवाघाट, मिरगपुर, भौरगढ़, बेनी व खरखड़ी, कटंगी विकासखंड की ग्राम पंचायत कालीमाटी, महकेपार, दिग्धा, पौनिया, कोसुम्बा, बैहर विकासखंड की ग्राम पंचायत आमगहन, बम्हनी, खजरा, बिठली, राम्हेपुर, किनारदा, कंदई, परसवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत खरपड़िया, परसवाड़ा, उड़दना, सुकड़ी, नाटा, ठेमा, पोंगारझोड़ी, धनवार, लीलामेटा, मोहगांव(प.) तथा बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत अचानकपुर, देवगांव, सुरवाही, चिचगांव, कचनारी, कनिया, मछुरदा, देवगांव(म.), जगला व बलगांव के सरपंच के विरूध्द म.प्र. पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है। नगर पालिका मलाजखंड एवं नगर पंचायत बैहर द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के चार कार्यों को पूर्ण नहीं किया गया है। बैहर के एस.डी.एम. को इनके विरूध्द भी सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।
25 जुलाई को जिला पेंशन फोरम की बैठक
आगामी 25 जुलाई को जिला पेंशन फोरम की बैठक का आयोजन किया गया है। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक दोपहर 3 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रारंभ होगी। सभी विभागों के कार्यालय प्रमुखों को अपने कार्यालय के 30 जून 2013 की स्थिति में लंबित पेंशन प्रकरणों एवं आगामी दो वर्षो अर्थात 30 जून 2015 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये है। इस बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में भी चर्चा की जायेगी।
उत्तराखंड प्राकृतिक आपदा से प्रभावित
- लोगों की मदद के लिए दिया जायेगा एक दिन का वेतन
उत्तराखंड में पिछले जून माह में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए म.प्र. सरकार द्वारा भारतीय स्टेट बैंक की वल्लभ भवन भोपाल शाखा में मुख्यमंत्री सहायता कोष(उत्तराखंड बाढ़ राहत) के नाम से बचत खाता खोला गया है। इस संकट की घड़ी में स्वेच्छा से मदद करने वाले दानदाताओं चैक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से बैंक खाता क्रमांक 33074105684 में राशि जमा करने की अपील की गई है। दान स्वरूप दी गई राशि आयकर की धारा 80-जी. के अंतर्गत करमुक्त होगी। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने सभी विभागों के कर्मचारियों से अपना एक दिन का वेतन इस सहायता कोष में जमा कराने की अपील की है। सभी विभागों के आहरण संवितरण अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने कार्यालय के कर्मचारियों से उनके एक दिन का मूल वेतन एकजाई संकलित कर राशि का बैंक ड्राफ्ट मुख्यमंत्री सहायता कोष(उत्तराखंड बाढ़ राहत) में सात दिनों के भीतर जमा करायें। एक दिन का वेतन देने वाले कर्मचारियों की सूची राशि सहित कलेक्ट्रेट की नाजरात शाखा में जमा कराने कहा गया है।
हाईटेक जनसुनवाई में समस्यायें लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
- कलेक्टर ने सुनी समस्यायें
आम जनता की समस्याओं को सुनने एवं उनके त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। आज 9 जुलाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दूरदराज के क्षेत्रों से लागे आये थे। कलेक्टर श्री बी.चन्द्रशेखर ने आवेदकों की समस्याओं को सुनने के बाद उनके आवेदनों को संबंधित विभाग के पास समय सीमा में कार्यवाही के लिए प्रेषित कर दिया है।
बेसहारा बच्चों को छात्रावास में मिलेगा प्रवेश
जनसुनवाई में आज लांजी तहसील के ग्राम दिघोरी का एक छोटा बालक आनंद अपने पड़ोसी के साथ आया था। उसने बताया कि वे लोग चार बहन-भाई है। उनकी माता का 2005 में तथा पिता का 2007 में निधन हो गया है। माता-पिता का साया सिर से उठने के बाद वे बेसहारा हो गये है। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन सुनीता से पढ़ाई छोड़ दी है। वह स्वयं सातवीं कक्षा पास कर चुका है और उसका छोटा भाई कक्षा पांचवी में पढ़ रहा है। एक बहन भी पढ़ना चाहती है। लेकिन पढ़ाई का खर्च उठाने में वे लोग सक्षम नहीं है। बालक आनंद ने बताया कि उनका कोई रिश्तेदार भी नहीं है। किसी तरह खाने-पीने का इंतजाम हो जाता है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने बालक आनंद की समस्या को सुनने के बाद सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि वे आनंद सहित उसके छोटे भाई एवं एक बहन को छात्रावास में शीघ्र प्रवेश दिलायें।
आंगनवाड़ी सहायिका के लिए फर्जी अंकसूची एवं तलाकनामा का सहारा
जनसुनवाई में पूर्व में ही शिकायत प्राप्त हुई थी तिरोड़ी के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-08 में सहायिका के पद कविता नायर की नियुक्ति गलत तरीके हुई है। कलेक्टर द्वारा इसकी जांच करने के निर्देश दिये गये थे। जांच में पाया गया कि कविता नायर ने सहायिका के पद पर नियुक्ति के लिए कक्षा 5 वीं एवं 8 वीं की फर्जी अंकसूची लगाई है। इतना ही उसके द्वारा अपना फर्जी तलाकनामा भी प्रस्तुत किया गया है। कविता नायर द्वारा की गई इस धोखाधड़ी के कारण सहायिका के लिए पात्रता रखने वाली अन्य महिला को सहायिका के पद पर नियुक्ति से वंचित होना पड़ा है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने फर्जी अंक सूची प्रस्तुत कर सहायिका का पद हथियाने वाली कविता नायर के विरूध्द थाने में एफ.आई.आर. दर्ज करने के निर्देश दिये है।
पति ने कर लिया है दो शादी
आज जनसुनवाई में तिरोड़ी तहसील के ग्राम सावरगांव की शारदा लिल्हारे शिकायत लेकर आई थी उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है और उसकी सहमति के बगैर दो शादी और कर लिया है। शारदा ने बताया कि वह ग्राम सावरगांव की निवासी है, उसका विवाह सावरगांव के ही लखनलाल लिल्हारे के साथ हुआ था। विवाह के बाद उसे पति परेशान करने लगा और उससे मारपीट करने लगा। पति ने उसे 3 जनवरी 2009 को अपने घर से बाहर निकाल दिया। उसने 28 मार्च 2009 को एक बेटे का जन्म दिया, लेकिन उसके पति के घर से कोई भी उससे मिलने नहीं आया। उसका प्रकरण कटंगी में दिनेश मिश्रा के पास चल रहा है। दिनेश मिश्रा ने भी उसकी गरीबी का फायदा उठाया। अब उसके पास कोर्ट में केस लड़ने के लिए रुपये नहीं है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने शारदा की समस्या सुनने के बाद महिला सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे घरेलू हिंसा का प्रकरण दर्ज कर शारदा को विधिक सहायता उपलब्ध करायें।
नकुलदास को मिलेगा इंदिरा आवास योजना का लाभ
जनसुनवाई में बैहर तहसील के ग्राम बोदा का नि:शक्त व्यक्ति नकुलदास संत शिकायत लेकर आया था कि उसे शासन से 200 रु. की पेंशन मिलती है। वह विकलांग है और उसका घर टूट गया है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक सामाजिक न्याय को निर्देशित किया है कि वे नकुलदास को ट्राइसिकल दिलायें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से कहा गया है कि वे नकुलदास के लिए इंदिरा आवास योजना की 3 प्रतिशत राशि से नया आवास मंजूर करें।
टिटवा में हाई स्कूल खोलने की मांग
जनसुनवाई में ग्राम टिटवा के ग्रामीण शिकायत लेकर आये थे कि टिटवा सहित ग्राम कटेगांव, कछुरना, हिरमूटोला, मानपूर के बच्चों को कक्षा 8 वीं के बाद पढ़ाई करने के लिए 13 किलोमीटर दूर समनापुर या 11 किलोमीटर दूर चरेगांव जाना पड़ता है। कई बच्चे तो हाई स्कूल नहीं होने के कारण 8 वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते है। अत: उनके ग्राम टिटवा में हाई स्कूल प्रारंभ किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस प्रकरण की जांच कर टिटवा में हाई स्कूल खोलने का प्रस्ताव शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिये है।
सरपंच ने कागज में बना दिया आवास
ग्राम झालीवाड़ा के राजेश मड़ावी जनसुनवाई में शिकायत लेकर आये थे कि उनके गांव में इंदिरा आवास योजना में 4 एवं होम स्टीड योजना में 20 हितग्राहियों के आवास मंजूर कराये गये थे। लेकिन सरपंच पुष्पा शरणागत द्वारा इनमें पांच आवासों को पूर्ण बताकर आवास की राशि का गबन किया गया है। सरपंच द्वारा मनोज पिता खोकचंद का आवास पूर्ण होना बताया गया है। जबकि इन नाम का कोई व्यक्ति गांव में रहता ही नहीं है। कलेक्टर श्री चन्द्रशेखर ने वारासिवनी के एस.डी.एम. को इस प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये है।
विकलांग पेंशन बंद करा दी गई
जनसुनवाई में ग्राम गर्रा-रामपायली का निवासी विकलांग लोकेश नगारची शिकायत लेकर आया था कि पहले उसे विकलांग पेंशन मिल रही थी। लेकिन आठ माह से उसे पेंशन नहीं मिल रही है। कलेक्टर ने वारासिवनी जनपद के मु.का.अ. को निर्देशित किया है कि लोकेश को आठ माह की पेंशन प्रदान करें। जनसुनवाई में कटंगी तहसील के ग्राम अर्जुनी चरणदास मेश्राम ट्राईसिकल दिलाने की मांग लेकर आये थे। जबकि इसी ग्राम की गीताबाई भूमिहीन होने के कारण आवास की मांग लेकर आई थी। कलेक्टर ने उप संचालक सामाजिक न्याय को निर्देशित किया है कि वे चरणदास को ट्राइसिकल दिलाये। जिला पंचायत के मु.का.अ. से कहा गया है कि वे गीताबाई को इंदिरा आवास योजना की 3 प्रतिशत राशि से आवास दिलायें।
पटवारी मांगता है 4 हजार रु.
जनसुनवाई में आज तिरोड़ी तहसील के ग्राम परसवाड़ाघाट के सखाराम गनवीर शिकायत लेकर आये थे कि पटवारी ललित बिसेन उनका नामांतरण का मामला हल नहीं कर रहा है और ऋण पुस्तिका के लिए 4 हजार रु.की मांग कर रहा है। कलेक्टर ने तिरोड़ी के तहसीलदार को निर्देशित किया है कि वे सखाराम के प्रकरण का शीघ्र निराकरण करें और रुपये मांगने वाले पटवारी के विरूध्द कार्यवाही करें।
वरिष्ठ अध्यापक का नियम विरूध्द हो रहा है संविलयन
जनसुनवाई में ग्राम चिकमारा के बस्तीराम ठाकरे कटंगी-तिरोड़ी ब्राडगेज के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग लेकर आये थे। लांजी तहसील के ग्राम सर्रा के ग्रामीण शिकायत लेकर आये थे कि वहां के सचिव महेश कुमार बांगरे ने शासकीय कार्य के लिए लाई गई सामग्री में से 2 क्विंटल लोहा और 20 बोरी सीमेंट अपने उपयोग में ले लिया है। थानेगांव की इंदुबाई शिकायत लेकर आई थी कि आम आदमी बीमा योजना का उसे अब तक लाभ नहीं मिला है। नवीन बोर्ड स्कूल बालाघाट की अध्यापक गायत्री पटले शिकायत लेकर आई थी नगर पालिका द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों से आये वरिष्ठ अध्यापकों का संविलयन किया जा रहा है। जिसके कारण उनके पदोन्नती का रास्ता बंद हो रहा है। अत: नगरीय क्षेत्रों के अध्यापकों की वरिष्ठ अध्यापक के पद पर पदोन्नती के बाद ही संविलयन की कार्यवाही की जाना चाहिए।
10 जुलाई से पायका खेल पुरस्कार राशि का वितरण
म.प्र. शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं भारत सरकार की पायका योजना के अंतर्गत गत वर्ष की पायका राशि का वितरण विकासखंड युवा समन्वयक के माध्यम से विकासखंड स्तर पर 10 जुलाई से प्रारंभ किया जा रहा है। खिलाड़ियों को वर्ष 2012-13 की विकासखंड स्तर पायका राशि एवं जिला स्तर की पुरस्कार राशि का वितरण खिलाड़ियों को किया जायेगा। जिला कराते प्रशिक्षक श्री सजिन्द्र कृष्णन ने बताया कि विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश:120 रु., 80 रु. व 60 रु. प्रदान किये जायेंगे। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: 150 रु., 100 रु. व 75 रु. की राशि प्रदान की जायेगी। सभी विजेता खिलाड़ियों को अपना परिचय पत्र एवं राशन कार्ड की छाया प्रति के साथ विकासखंड युवा समन्वयक से सम्पर्क करने कहा गया है। 10 जुलाई को मुलना स्टेडियम बालाघाट, 11 जुलाई को क्लब हाल वारासिवनी, 13 जुलाई को सामुदायिक भवन किरनापुर एवं 15 जुलाई को उत्कृष्ट विद्यालय हाल लांजी में पायका पुरस्कार राशि का वितरण किया जायेगा। विकासखंड परसवाड़ा, खैरलांजी, कटंगी एवं बिरसा में पायका पुरस्कार राशि का वितरण 22 जुलाई के बाद किया जायेगा।
10 जुलाई को तीन बजे से होगी राजस्व अधिकारियों की बैठक
10 जुलाई को जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया है। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी।
आंगनवाड़ी सहायिका की अनंतिम चयन सूची जारी
एकीकृत बाल विकास परियोजना कटंगी द्वारा नगरीय क्षेत्र कटंगी के वार्ड नं.-02 के केन्द्र क्रमांक 01 में सहायिका के रिक्त पद की पूर्ति के लिए चयनित आवेदकों की अनंतिम सूची वरियता क्रम के अनुसार जारी कर दी गई है। परियोजना अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र रानाडे ने बताया कि इस केन्द्र में सहायिका के लिए रीना सिंगारे को प्रथम, सूर्यकान्ता खरोले को द्वितीय तथा गौतमा सिंगारे को तृतीय वरियता प्रदान की गई है। इस अनंतिम चयन सूची पर यदि किसी व्यक्ति को आपत्ति हो तो वे अपने दावे आपत्ति आगामी 22 जुलाई 2013 तक बाल विकास परियोजना कार्यालय कटंगी में प्रस्तुत कर सकते है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें