छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 09 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 9 जुलाई 2013

छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 09 जुलाई )

वित्तीय पत्रक 15 जुलाई तक जमा करने के निर्देश

छतरपुर/09 जुलाई/म0प्र0 सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 58-1 एवं नियम 50 के तहत जिले में स्थित सहकारी संस्थाओं की वित्तीय वर्ष 2012-13 अवधि की संपरीक्षा हेतु वित्तीय पत्रक जमा करने के निर्देश दिये गये हैं। वित्तीय पत्रक पूर्ण रूप से भरने के उपरांत 15 जुलाई 2013 तक सहायक आयुक्त, सहकारी संस्थायें, छतरपुर के कार्यालय में जमा कराये जा सकते हैं। इस संबंध में ज्यादा जानकारी सहायक आयुक्त के मोबाइल नंबर 09929913888 पर सम्पर्क करके अथवा जिले के समस्त विकासखण्डों में पदस्थ सहकारिता विस्तार अधिकारी से सम्पर्क करके ली जा सकती है। 

अपराधी वहीद की गिरफ्तारी पर 2 हजार रूपये का पुरष्कार घोषित

छतरपुर/09 जुलाई/पुलिस अधीक्षक श्री शियास ए ने बड़ी कुंजरहटी, छतरपुर निवासी अपराधी वहीद उर्फ जगीरा तनय हनीफ उर्फ खलीफा उम्र 30 वर्ष की गिरफ्तारी पर 2 हजार रूपये की ईनामी राशि घोषित की है। थाना सिटी कोतवाली के अंतर्गत विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी वहीद की गिरफ्तारी हेतु हर मुमकिन प्रयास किये गये, किंतु गिरफ्तारी संभव न हो पाने के कारण नगद ईनाम की घोषणा की गई है। किसी व्यक्ति, कर्मचारी अथवा अधिकारी द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने पर अथवा गिरफ्तारी की सटीक सूचना देने पर पुरष्कृत किया जा सकेगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। 

संविदा शिक्षकों का इंडक्शन प्रशिक्षण आज से

छतरपुर/09 जुलाई/जिले में संविदा शाला शिक्षक वर्ग 2 एवं 3 के नवनियुक्त शिक्षकों को इंडक्शन प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार लवकुशनगर, बारीगढ़, बक्स्वाहा एवं बड़ामलहरा विकासखण्ड के संविदा शाला शिक्षक वर्ग 3 के शिक्षकों को 10 जुलाई से 19 जुलाई तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, नौगांव में प्रशिक्षण दिया जायेगा, जबकि इसी अवधि में ईशानगर, छतरपुर, नौगांव, राजनगर एवं बिजावर विकासखण्ड के संविदा शाला शिक्षक वर्ग 3 के प्रशिणार्थियों को जीसीएम काॅन्वेंट स्कूल, नौगांव में इंडक्शन प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार समस्त विकासखण्डों के नवनियुक्त संविदा शाला शिक्षक वर्ग 2 के प्रशिक्षणार्थियों को 20 जुलाई से 29 जुलाई तक जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान, नौगांव में प्रशिक्षण दिया जायेगा। नवनियुक्त संविदा शिक्षकों को वांछित दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि में प्रशिक्षण केंद्र पर उपस्थित होना होगा। 

राज्य महिला आयोग की बैंच द्वारा 17 प्रकरणों की सुनवाई

छतरपुर/09 जुलाई/म0प्र0 राज्य महिला आयोग द्वारा सर्किट हाउस छतरपुर में संयुक्त बैंच का आयोजन किया गया। आयोग की राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सदस्य सुश्री कविता भेरूलाल पाटीदार एवं श्रीमती शशि सिन्हो द्वारा संयुक्त बैंच में 17 प्रकरणों की सुनवायी की। संयुक्त बैंच के समक्ष कुल 20 प्रकरण रखे जाना थे, इन प्रकरणों में दहेज प्रताड़ना के 6, घरेलू हिंसा के 3, पारिवारिक विवाद के 2, बलात्कार के 5 एवं बलात्कार का प्रयास, दहेज हत्या, अपहरण एवं आत्महत्या का दुष्प्रेरण का एक-एक प्रकरण शामिल था। संयुक्त बैंच ने सबसे पहले थाना बक्स्वाहा के आवेदक रामकली बाई यादव एवं अनावेदक करण यादव, प्यारेलाला, बाबूलाल के घरेलू अत्याचार प्रकरण में सुनवाई करते हुये आवश्यक समझाईश दी। इसके बाद आवेदक रजनी पुष्पक एवं दीपक शुक्ला के बीच पारिवारिक विवाद के प्रकरण में आवश्यक समझाईश दी। संयुक्त बैंच द्वारा आवेदक श्रीनगर, महोबा निवासी देवीदीन सेन एवं अनावेदक ग्राम सुकवां जिला छतरपुर निवासी सुरेश सेन के दहेज हत्या के मामले में भी सुनवाई की गई। संयुक्त बैंच द्वारा संबंधित प्रकरणों के थाना प्रभारियों से विवेचना रिपोर्ट मांगी गयी। प्रकरण में राममिलन द्वारा आयोग के समक्ष उपस्थित होकर अपनी बहन सरोज के गुम हो जाने अथवा अपहरण किये जाने की शिकायत की गई, जिस पर बैंच द्वारा तत्काल थाना प्रभारी को तलब कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। रामकली बाई द्वारा अपनी जमीन पर करण यादव द्वारा कब्जा करने की शिकायत की गई थी, जिस पर आयोग द्वारा उपस्थित राजस्व अधिकारी को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।       आवेदिका विवेचना पाण्डेय द्वारा पुलिस आरक्षक रघुराज सिंह लोधी के विरूद्ध अश्लील हरकत किये जाने की शिकायत की गई, जिस पर बैंच द्वारा इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इस प्रकार 12 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया एवं शेष प्रचलन में हैं। सुनवाई के दौरान 5 नये आवेदन भी प्रस्तुत हुये। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती सुरभि तिवारी, तहसीलदार श्री विनोद सोनकिया, परियोजना अधिकारी महिला महिला एवं बाल विकास विभाग श्री ए एस शिवहरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अमित शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

फसल बोनी का कार्य पूरा करने की सलाह

छतरपुर/09 जुलाई/उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, छतरपुर द्वारा जिले में पर्याप्त वर्षा होने एवं खाद व बीज की पर्याप्त व्यवस्था होने के कारण फसल बोवनी का कार्य शीघ्र पूर्ण करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त सलाह अनुसार बीज एवं उर्वरक की मात्रा का उपयोग करने, उन्नत किस्म के बीजों का प्रयोग करने तथा बीज उपचार कराने के लिये भी निर्देशित किया गया है। 

कृषक पुरष्कार हेतु आवेदन आमंत्रित

छतरपुर/09 जुलाई/कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को उनके द्वारा अपनायी जा रही कृषि तकनीक, उपज एवं उत्पादकता के आधार पर सर्वोत्तम कृषक पुरष्कार देने हेतु आवेदन मांगे गये हैं। योजना के अंतर्गत विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरष्कार तथा जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक समूह पुरष्कार प्रदान किये जायेंगे। आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी के लिये वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है। 

कलेक्टर ने निवारी में राशन दुकान का निरीक्षण किया

छतरपुर/09 जुलाई/कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर ने आज अन्न उत्सव के दौरान नजदीकी ग्राम निवारी पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकान का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने पाया कि राशनकार्डधारी हितग्राहियों को शासन के निर्देशानुसार गेहूं एवं आयोडीन युक्त नमक बांटा जा रहा है। उन्होंने कुछ हितग्राहियों से पूछताक्ष की, जिस पर बताया गया कि 1 रूपये प्रतिकिलो गेहूं एवं आयोडीन युक्त नमक मिल रहा है। इस पर कलेक्टर संतुष्ट नजर आये। वहीं निकट ही उपस्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा पाया गया। राशन दुकान के विक्रेता किशुदास रावत ने बताया कि आज नजदीकी ग्राम खोंप में टीकाकरण का दिन है, इसलिये उपस्वास्थ्य केंद्र का ताला लगा हुआ है। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री निरंकार पाठक उपस्थित थे। 

कलेक्टर ने गढ़ीमलहरा में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया 
  • अध्यक्ष पद के उपनिर्वाचन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


छतरपुर/09 जुलाई/नगर पंचायत गढ़ीमलहरा में अध्यक्ष पद का उपनिर्वाचन आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होगा। इसके लिये गढ़ीमलहरा के 15 वार्डों में 15 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतगणना 26 जुलाई को की जायेगी। उक्त उपनिर्वाचन की समस्त व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुये कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर ने गढ़ीमलहरा पहुंचकर मतदान केंद्रों का जायजा लिया। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान आवश्यक व्यवस्थायें पहले से ही सुनिश्चित् करने के निर्देश दिये। उन्होंने पर्याप्त फर्नीचर, प्रकाश, पानी, छाया आदि के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने गढ़ीमलहरा के शासकीय हाईस्कूल में मतदान केंद्र भवनों के निरीक्षण के दौरान बच्चों से पुस्तकें एवं मध्यान्ह भोजन वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को शीघ्र ही एबीएल पाठ्यक्रम की पुस्तकें वितरित कराने के लिये कहा।

कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने नगर पंचायत के मैरिज हाउस में प्रस्तावित मतगणना स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने मतगणना कराये जाने के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने सबसे पहले गढ़ीमलहरा नगर पंचायत, कार्यालय में पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार श्री आर एल बागरी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार श्री जे के एस गुर्जर तथा सीएमओ श्री एस के खरे से उप निर्वाचन की तैयारी के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मतदान एवं मतगणना दलों के गठन तथा स्ट्रांग रूम के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री निरंकार पाठक भी उपस्थित थे। 


वार्ड क्रमांक 17 में पार्षद पद का उपनिर्वाचन आज कलेक्टर ने लिया मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा

छतरपुर/09 जुलाई/शहर के वार्ड क्रमांक 17 में पार्षद पद का उपनिर्वाचन 10 जुलाई को सम्पन्न होगा। इसके लिये शहर में वार्ड क्रमांक 17 एवं वार्ड क्रमांक 13 में एक-एक मतदान केंद्र बनाया गया है। इन मतदान केंद्रों पर प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान सम्पन्न होगा। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने इस उपनिर्वाचन की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुये वार्ड क्रमांक 13 के शासकीय प्राथमिक पाठशाला भवन एवं वार्ड क्रमांक 17 के सामुदायिक भवन में स्थिम मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों की साफ-सफाई कराने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने पर्याप्त फर्नीचर, प्रकाश एवं पानी की व्यवस्था के निर्देश दिये। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री निरंकार पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजुद थे। 


शांति समिति की बैठक आज

छतरपुर/09 जुलाई/शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से 10 जुलाई को सायं 5 बजे पुलिस लाइन छतरपुर के कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर द्वारा की जायेगी। बैठक में सभी संबंधितों से समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है। 

पीसीपीएनडीटी की बैठक आज

छतरपुर/09 जुलाई/एसडीएम श्रीमती सुरभि तिवारी की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के जिला प्रशिक्षण केंद्र में 10 जुलाई को पीसीपीएनडीटी की बैठक आहूत की गई है। सीएमएचओ डा. के के चतुर्वेदी ने सायं 4 बजे से आयोजित होने वाली इस बैठक में संबंधितों से उपस्थित रहने के लिये अपील की है। 

कोई टिप्पणी नहीं: