बिहार विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होने रहा है। दो अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में कुल छह बैठकें होंगी। मानसून सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है। बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासमत हासिल करने के लिए 19 जून को संपन्न हुए विशेष सत्र के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्य विपक्षी पार्टी की भूमिका में होगी। भाजपा के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मशरख की घटना को लेकर उनकी पार्टी विधानसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव लाएगी।
इधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक दल के मुख्य सचेतक सम्राट चौधरी के अनुसार राजद, कांग्रेस और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एकजुट होकर बगहा गोलीकांड, महाबोधि मंदिर पर आतंकवादी हमला और मशरख में मध्याह्न भोजन खाने से 23 बच्चों की मौत के मामले को प्रमुखता से उठाएगी।
सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) भी विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले सवालों का जवाब देने के लिए रणनीति तय कर रहा है। पूर्व में मोदी विपक्ष के हमलों का जवाब देते थे, लेकिन अब मोदी की पार्टी के नेता सरकार को घेरते दिखेंगे, जबकि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव विपक्षी पार्टियों के हमले का जवाब देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें