भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रभारी अमित शाह के इस बयान पर कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाया जाएगा, पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जीशान हैदर ने कहा कि भाजपा को जब चुनाव नजदीक आते हैं तभी क्यों भगवान राम और राम मंदिर बनाने की बात याद आती है? प्रवक्ता ने कहा कि विगत वर्षो में केन्द्र में 6 वर्षो तक जब भाजपा की सरकार थी और उसी वक्त प्रदेश में भी इनकी ही सरकार थी, उस वक्त भाजपा और उनके नेताओं को राम मंदिर की याद क्यों नहीं आई। लेकिन लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख इनको एक बार फिर भगवान राम और राम मंदिर की याद सताने लगी है।
प्रवक्ता ने कहा कि राम मंदिर का मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है ऐसे में मंदिर निर्माण की बात करना न्यायालय की अवमानना भी है। लेकिन भाजपा ने सदैव धर्म और जाति के नाम पर देश की जनता को गुमराह करने का ही कार्य किया है और वोट के लिए देश में साम्प्रदायिकता फैलाकर देश की एकता-अखण्डता को नुकसान पहुंचाने का कुत्सित प्रयास किया है। हैदर ने कहा कि आज इस देश का हर नागरिक इस बात को भली भांति जानता है कि भाजपा सिर्फ वोट की राजनीति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए चुनाव से पहले इस तरह के मुद्दों को हवा देती है और धर्म के नाम पर राजनीति करती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें