आज समीक्षा बैठक लेंगे संभागायुक्त श्री माथुर
छतरपुर/11 जुलाई/सागर संभागायुक्त श्री आर के माथुर 12 जुलाई को सायं 3 बजे से जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकास कार्यों एवं जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इस संबंध में कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के लिये निर्देश दिये गये हैं।
दो ठेकेदारों का अनुबंध समाप्त
छतरपुर/11 जुलाई/ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के परियोजना प्रबंधक क्रमांक 2 श्री एस पी अहिरवार द्वारा समय सीमा एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने के कारण जिले के दो ठेकेदारों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। इनमें मे0नारायण बिल्टअप एवं दनादन कंस्ट्रक्शन का अनुबंध समाप्त किया गया है। विदित हो कि बुंदेलखण्ड पैकेज अंतर्गत स्टाॅपडेमों के निर्माण हेतु इन ठेकेदारों ने निविदा प्राप्त कर विगत दो वर्ष पूर्व से कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में पूर्ण न करने तथा समय-समय पर नोटिस जारी करने के बावजूद भी अनुबंध अनुसार कार्यवाही न करने के कारण अनुबंध विच्छेद की कार्यवाही की गई है। अब उक्त ठेकेदारों द्वारा नहीं किये गये कार्यों की पुनः निविदा आमंत्रित कर अन्य पात्र ठेकेदारों से कार्य कराया जायेगा। साथ ही जितने प्रतिशत् अधिक दरें स्वीकृत होंगी, उतनी राशि इन ठेकेदारों की जमा धनराशि अथवा सम्पत्ति से वसूली की जायेगी।
जिले में 438.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज
छतरपुर/11 जुलाई/जिले में इस वर्ष अब तक 438.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में स्थापित वर्षा मापी केन्द्रों में आंकी गई वर्षा के रिकार्ड के अनुसार एक जून से आज दिनांक तक बड़ामलहरा केन्द्र पर सर्वाधिक 557 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में स्थापित विभिन्न वर्षा केन्द्रों में 1 जून से आज दिनांक तक दर्ज रिकार्ड के अनुसार छतरपुर केन्द्र में 422.4 मिमी, लवकुशनगर में 493 मिमी, बिजावर में 364.5 मिमी, नौगांव में 449.3 मिमी, राजनगर में 411.1 मिमी, गौरिहार में 392.2 मिमी एवं बक्स्वाहा में 419 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।
मतगणना आज
छतरपुर/11 जुलाई/नगर पालिका, छतरपुर के वार्ड क्रमांक 17 में पार्षद पद के उपनिर्वाचन पश्चात् मतगणना का कार्य 12 जुलाई को प्रातः 9 बजे से किया जायेगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा पूर्व में टंकण त्रुटिवश नगर पालिका कार्यालय, छतरपुर के सभाकक्ष में मतगणना कार्य सम्पन्न होने की जानकारी दी गई थी, किंतु अब मतगणना का कार्य नगर पालिका कार्यालय छतरपुर में सम्पन्न होगा।
जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक 13 को
छतरपुर/11 जुलाई/सांसद श्री वीरेन्द्र खटीक की अध्यक्षता में जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक 13 जुलाई को दोपहर 1 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में गत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के साथ ही कृषि एवं सहकारिता विभाग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। अन्य विषय अध्यक्ष की अनुमति से भी रखे जा सकेंगे। नियत तिथि एवं समय पर बैठक में शामिल होने हेतु कलेक्टर एवं सचिव जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति डाॅ. मसूद अख्तर ने सभी संबंधितों से अपील की है।
तहसील कार्यालय बिजावर में कंट्रोल रूम स्थापित
छतरपुर/11 जुलाई/कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर के निर्देशानुसार अतिवर्षा की स्थिति को ध्यान में रखकर बिजावर तहसील कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07608-253617 पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। एसडीएम श्री बी के पाण्डेय द्वारा कंट्रोल रूम हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों की 3 पालियों में ड्यूटी तय की गई है, जिसके तहत प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की पाली में पंचायत समन्वय अधिकारी घुवराम दुबे को प्रभारी अधिकारी बनाया जाकर बृजभान सिंह यादव एवं इस्लाम खान की ड्यूटी तय की गई है। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे की पाली में पंचायत समन्वय अधिकारी नूर मोहम्मद के साथ धनीराम तिवारी एवं मुन्नीलाल कोंदर की ड्यूटी निर्धारित की गई है। रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे की पाली में आरएईओ द्वारका प्रसाद चैबे के साथ खेमराज नारनोरे एवं बल्लू रैकवार जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उक्त अधिकारी-कर्मचारी तहसील के अंतर्गत नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित होने पर पंजी में सूचना दर्ज करने के उपरांत मोबाइल नंबरों 9425363462, 9981577823 एवं 9407060533 पर तत्काल सूचित करेंगे तथा जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07682-248546 पर भी सूचित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
लूट के आरोपी को सात साल की कठोर कैद
- 25 हजार के ईनामी बदमाश बच्चू ढीमर को सजा
छतरपुर। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश श्री डीके पालीवाल की अदालत ने लूट के आरोपी को दोषी ठहराते हुये सात साल के कठोर कारावास के साथ पाॅच हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। एडवोकेट लखन राजपूत ने बताया कि फरियादी रामनरेश सिंह परिहार निवासी खजुराहो प्राथमिक पाठशाला बेहता में शिक्षक है। रामनरेश शासकीय कार्य से जनशिक्षा अभियान की मीटिंग में 04 जनवरी 2011 को लवकुशनगर आया था। मीटिंग समाप्त होने के बाद रामनरेश अपनी मोटर साइकिल टीवीएस एमपी 16 एमबी 1735 से वापिस लोट रहा था। जैसे ही रामनरेश गिरधौरी-खपटया तिगैला के पास लवकुशनगर मार्ग पर पहुॅचा पीछे से एक मोटर साइकिल में आरोपी बच्चू ढीमर अपने दो साथी स्वदेश उर्फ बबलू और बाबू चमार के साथ आया। बदमाशों ने रामनरेशन के ऊपर कट्टा अड़ा दिया। कट्टे की नोक पर रामनरेश की मोटर साइकिल, मोबाइल और बेग जिसमें शासकीय रिकाॅर्ड रखा था लूट कर ले गये। घटना की शिकायत थाना लवकुशनगर में करने पर तीनों बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। लवकुशनगर के तत्कालीन थाना प्रभारी जेपीएस परिहार ने मामले की विवेचना कर मामले को अदालत को सौंप दिया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश श्री डीके पालीवाल की अदालत ने बच्चू ढीमर पुत्र नन्दराम ढीमर निवासी कुठकुलवा मोहल्ला महोबा उत्तर प्रदेश को उक्त लूट की वारदात का दोषी करार दिया। और आईपीसी की धारा 394/397 में सात साल के कठोर कारावास के साथ पाॅच हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
पूर्व में बच्चू ढीमर उत्तर प्रदेश पुलिस की अभिरक्षा में छतरपुर जिला अदालत पेशी करने आया था। जहाॅ से बच्चू पुलिस अभिरक्ष से फरार हो गया था। बच्चू ढीमर के फरार होने की दशा में अदालत ने लूट के शेष दो आरोपी स्वदेश और बाबू को दोषी पाकर सात सात साल के कठोर कैद की सजा सुनाई थी। बाद में पुलिस ने बच्चू को पकड़कर अदालत के सामने पेश किया था। आरोपी बच्चू ढीमर खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में लूट, डकैती के मामले दर्ज हैं। बच्चू के आपराधिक प्रकृति के होने से पुलिस ने बच्चू के ऊपर 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें