कोसी में लंबित हैं दो हजार चार सौ एफआईआर! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 4 जुलाई 2013

कोसी में लंबित हैं दो हजार चार सौ एफआईआर!

  • - कोसी क्षेत्र में लम्बी होती जा रही है वारंटियों की फेहरिस्त, प्रशासन बेफिक्र


कुमार गौरव, सहरसा: थानों में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अनुसंधान व पर्यवेक्षण समय से नहीं हो पाने के कारण कोसी प्रमंडल के तीनों जिले में दो हजार चार सौ से अधिक मामला लटका हुआ है। आंकड़ों पर गौर करें तो सहरसा जिले में मई माह में 64 विशेष व 156 अविशेष, सुपौल जिला में 101 विशेष व 171 अविशेष जबकि मधेपुरा जिला में 98 विशेष व 127 अविशेष मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए। लेकिन, जिस गति से थानों में प्राथमिकी दर्ज हो रही है उसके अनुरुप मामलों का अनुसंधान नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि लंबित मुकदमों का अंबार लगता जा रहा है। सूत्रों की मानें तो सहरसा प्रमंडल में जमीन से जुड़े मामले अधिक सामने आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस अक्सर जमीन मुद्दे को ही हाथोंहाथ लेती है। 

पूर्व से लंबित मामलों की अगर बात करें तो सहरसा जिला में सबसे अधिक करीब 1100 मामले, सुपौल में 750 जबकि मधेपुरा में 600 मामले अनुसंधान व पर्यवेक्षण नहीं होेने की वजह से लंबित पड़े हैं। इनमें से 1800 मामले विशेष हैं एवं 600 मामले अविशेष श्रेणी के हैं। इसके अलावा सहरसा जिला में तीन सौ वारंट व 40 कुर्की, सुपौल में 200 वारंट व 30 कुर्की जबकि मधेपुरा जिला में 800 वारंट व 35 कुर्की का तामिला लंबित है। प्राथमिकी की संख्या में लगातार इजापफा होने के बावजूद अनुसंधान की सुस्त गति पर अधिकारी कहते हैं कि एक-एक अनुसंधानकर्ता के पास दर्जनों केस है। गश्ती से लेकर ओडी ड्यूटी करने के अलावा अन्य कार्य हैं जिस कारण अनुसंधान में विलंब होता है। थानों में मुकदमा के अनुपात में पुलिस अधिकारी की कमी रहना भी विलंब का कारण है। हालांकि इस बाबत कई बार लिखित तौर पर आला अधिकारियों व सरकार को सूचित भी किया गया लेकिन अब तक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है जबकि पुलिसकर्मियों के अभाव में तीनों जिले में सही तरीके से गश्ती भी नहीं लगाई जाती है और यही वजह है कि कोसी प्रमंडल एक बार फिर अपराधियों की चपेट में आता दिख रहा है। अभी कुछ दिनों से माओवादियों की धमक कोसी के दियारा क्षेत्र में गूंजने लगी है। ऐसे में जहां पुलिस प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें जमने लगी हैं वहीं आमजनों में भी खौफ का साया मंडराने लगा है।

अनुसंधान में तेजी लाने का दिया गया है निर्देश: लंबित कांडों को निष्पादित करने का निर्देश दिया गया हैै। अनुसंधान में तेजी लाने व वारंटी की गिरफतारी हेतु अभियान चलाने का भी निर्देश तीनों जिले के एसपी को दिया गया है- संजय सिंह, डीआईजी, कोसी रेंज।

कोई टिप्पणी नहीं: