ममनून चुने गए पाकिस्तान के नये राष्ट्रपति - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 31 जुलाई 2013

ममनून चुने गए पाकिस्तान के नये राष्ट्रपति

manmoon-hussain
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के उम्मीदवार ममनून हुसैन मंगलवार को पाकिस्तान के 12वें राष्ट्रपति चुने गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक वह पदस्थ राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी द्वारा पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद इस्तीफा देने के अगले दिन नौ सितंबर को राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालेंगे। मंगलवार को हुए चुनाव में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के हुसैन और क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उम्मीदवार वाजिहुद्दीन अहमद के बीच मुकाबला था।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त फकरुद्दीन जी.इब्राहिम ने एक प्रेस वार्ता के दौरान यहां कहा, "हुसैन को 432 मत मिले जबकि न्यायमूर्ति वाजिहुद्दीन को 77 मत प्राप्त हुए, इसलिए हुसैन पाकिस्तान के 12वें राष्ट्रपति चुने गए हैं।" इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक चली।  चुनाव में संसद के 887 सांसदों और चार प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 878 मतों को वैध जबकि नौ मतों को अवैध माना गया। मतदाताओं ने इस्लामाबाद स्थित संसद भवन और पंजाब, सिंध, बलुचिस्तान और खैबर-पख्तुनख्वा की विधानसभाओं में मतदान में हिस्सा लिया। 

इस बीच, पीएमएल-एन की याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चुनाव की तारीख छह अगस्त से 30 जुलाई तय किए जाने पर मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और इसके तीन सहयोगियों ने चुनाव का बहिष्कार किया। पीपीपी ने चुनाव की तारीख बदलने पर प्रचार का पर्याप्त समय न मिलने की शिकायत की। पीएमएल-एन ने रमजान के आखिरी दिनों में कई विधायकों के धार्मिक कार्यो के मद्देनजर सऊदी अरब में होने का हवाला देते हुए राष्ट्रपति चुनाव के मतदान की तारीख में बदलाव की मांग की थी। पाकिस्तान में रमजान नौ अगस्त 2013 को पूरा होने की संभावना है। 

कोई टिप्पणी नहीं: