छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों हुए बड़े नक्सली हमले में शामिल एक संदिग्ध नक्सली को भाटापारा के मोपर गांव के ग्रामीणों ने धर दबोचा और उसे बंधक बना लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। दावा किया गया है कि इसी व्यक्ति ने कांग्रेसी नेता विद्याचरण शुक्ल पर गोली चलाई थी। ग्रामीणों की गिरफ्त में आए नक्सली का नाम मंगलूराम है, जबकि फरार दो अन्य संदिग्ध नक्सली के नाम दलसाय और धरमू है। ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार की रात करीब 11 बजे गांव में घूम रहे कुछ लोगों पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की, लेकिन संदिग्ध नक्सलियों ने जवाब देने में टालमटोल की। ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया और बंधक बना लिया। इस दौरान नक्सलियों के दो अन्य साथी फरार हो गए।
गिरफ्तार संदिग्ध नक्सली ने पुलिस को बताया कि दरभा घाटी हमले में वह भी शामिल था। उसने यह भी बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल पर गोली उसी ने चलाई थी। नक्सली ने बताया कि दरभा घाटी में हुए हमले में कुछ 35 महिलाएं शामिल थीं। भाटापारा के एसडीओपी ने कथित नक्सली के पकड़े जाने की पुष्टि की है, पर यह नक्सली हमले में शामिल था या नहीं, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
उल्लेखनीय है कि 25 मई को दरभा घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर जबर्दस्त हमला कर किया था जिसमें कांग्रेस नेता नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा, वीसी शुक्ल, राजनांदगांव के पूर्व विधायक उदय मुदलियार और स्थानीय नेता गोपी माधवानी समेत 30 लोगों की की मौत हो गई थी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें