कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह के बयान को खारिज करते हुए पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने शनिवार को कहा कि यह उनका निजी विचार था और पार्टी ने इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया है। दिग्विजय ने कहा था कि पार्टी 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए राहुल को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाएगी।
द्विवेदी ने संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, "अलग-अलग व्यक्तियों के अपने-अपने विचार हो सकते हैं, लेकिन इस तरह के मुद्दों पर अंतिम निर्णय पार्टी ही लेती है।" द्विवेदी के अनुसार, कांग्रेस ने इस वर्ष जनवरी में अपना रुख साफ कर दिया है कि पार्टी प्रचार और नेतृत्व के मुद्दे पर बाद में निर्णय लेगी। जनवरी में पार्टी की जयपुर बैठक में राहुल गांधी को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। द्विवेदी ने कहा, "इसके लिए कोई समय सीमा घोषित नहीं की गई थी।"
दिग्विजय ने हाल ही में कहा था कि पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले राहुल को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी। अतीत में राहुल भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि उनके प्रधानमंत्री बनने का मुद्दा उतना प्रासंगिक नहीं है और उनका ध्यान पार्टी को मजबूती प्रदान करने पर है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें