चुनाव की तैयारी तत्परता से करें - अपर कलेक्टर
पन्ना 15 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय अवधि पत्रों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य को तत्परता के साथ करें। मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन 25 जुलाई तक प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गत विधान सभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत कम रहा है। उन क्षेत्रों में अभियान चलाकर मतदान करने के लिए लोगों में जागरूकता लाएं। जिन मतदान केन्द्रों में महिला मतदाताओं की दर्ज संख्या कम है। उन मतदान केन्द्र क्षेत्र में आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुडवाने की कार्यवाही करें। इस कार्य में आंगनवाडी कार्यकर्ता के साथ आशा कार्यकर्ता ग्राम स्तर में पदस्थ महिला कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाए। राजस्व अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी भ्रमण के दौरान ग्रामीण अंचलों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण शीघ्र कराएं। मुख्यमंत्री जी का जनदर्शन कार्यक्रम आगामी आने वाले समय में कभी भी हो सकता है। अधिकारीगण भ्रमण के दौरान मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यो में लगे श्रमिकों की मजदूरी के भुगतान, मध्यान्ह भोजन, आंगनवाडी केन्द्रों के माध्यम से पोषण आहार, टीकाकरण, विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं शिक्षकों की स्थिति का भी जायजा लें। किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर प्रतिवेदन जिला कार्यालय को प्रेषित करें। इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री बालिम्बे ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में भ्रमण के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से वितरण होने वाली सामग्री का वितरण सही ढंग से हो रहा है या नही इसकी जांच करें। जिन उचित मूल्य दुकानों में सेल्समैन किसी कारणवश नही हैं उन दुकानों में सेल्समैन की व्यवस्था कर तत्काल सामग्री वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी प्रकार वर्षाजनित बीमारियों की रोकथाम के संबंध में की जा रही कार्यवाही पर सतत निगरानी रखी जाए। बैठक में बंगाली परिवारों को पट््टे वितरण, वनाधिकार अधिनियम से पट्टों के वितरण, आवास मिशन, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, इंदिरा आवास योजना, पंच-परमेश्वर योजना तथा सामाजिक सुरक्षा अभियान की डाटा फीडिंग एवं सत्यापन की समीक्षा की गई। बैठक में समय अवधि पत्रों तथा जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के पत्रों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर के साथ सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
नई 33 के.व्ही. लाईन सुधार हेतु विद्युत रहेगी अवरूद्ध
पन्ना 15 जुलाई 13/पन्ना शहर के विद्युत व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए ए.आर.पी.डी.आर.पी. योजना के अन्तर्गत नयी 33 के.व्ही. लाईन का कार्य किया जाना है। म0प्र0पू0क्षे0वि0वि0कं0लि0 संभाग पन्ना कार्यपालन यंत्री ने बताया है कि रमखिरिया फीडर में 14 एवं 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक, टी-2 फीडर पन्ना शहर में 16 एवं 18 जुलाई को प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा 132/33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र पन्ना से निकलने वाले सम्पूर्ण फीडर में 17 जुलाई को प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक पन्ना शहर उपकेन्द्रों/ग्रामों में विद्युत प्रदाय अवरूद्ध रहेगा।
महिलाएं हर क्षेत्र में प्रगति करें-विशेष न्यायाधीश
महिला सशक्तिकरण कार्यशाला सम्पन्न
पन्ना 15 जुलाई 13/जनपद पंचायत पन्ना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिला सशक्तिकरण कार्यशाला तथा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री के.के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में महिलाओं के कल्याण संबंधित कानूनी एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद जनपद कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि विशेष न्यायाधीश श्री महादेव जी ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में प्रगति करें। महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक कानूनी प्रावधान बनाए गए हैं। परिवार में किसी भी तरह का उत्पीडन होने पर घरेलु हिंसा निषेध अधिनियम है। इसी तरह दहेज निषेध तथा अन्य कानून बनाए गए हैं। इन सब की जानकारी लेकर महिलाएं हर क्षेत्र में प्रगति करें। कानूनी जानकारी होने पर ही इसका लाभ उठा पाएंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीजेएम श्री ए.के. मिश्रा ने कहा कि विधि ने महिलाओं को सशक्तिकृत बनाया है। पुराने समय से भारत में महिलाएं देवी की तरह पूज्य रही हैं। वर्तमान में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कानून के साथ मानसिकता में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में न्यायाधीश अरविन्द शर्मा ने कहा कि कन्या को जन्म लेकर जीवन पर्यान्त कानूनों के संरक्षण में रहना पडता है। सामाजिक कुरीतियों तथा परम्परा के कारण उत्पन्न समस्याओं के लिए कानूनी प्रावधान बनाए गए हैं। कानून में उस कन्या के लिए भी अधिनियम बना है जिसे जन्म लेने के पहले ही मारने के प्रयास किए जाते हैं। इसी तरह घर में यौन शोषण शिकार होने पर, ससुराल में प्रताडित होने पर कार्यालयों में कामकाजी महिलाओं को कठिनाई होेने पर इस रोकने के लिए कानून बनाए गए हैं। समाज की व्यवस्था में इस तरह के परिवर्तन की इन कानूनों की जरूरत न पडे। शिविर में जिला विधिक सेवा अभिकरण न्यायाधीश श्री शर्मा ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क कानूनी सलाह दी जाती है। महिलाओं के संरक्षण के लिए बने कानूनों की जानकारी हर महिला तक पहुंचना आवश्यक है। शासन ने महिलाओं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। शासन की आगे आए लाभ उठाए पुस्तिका में सभी योजनाओं की जानकारी दी गई है। जिससे महिलाएं लाभ उठाएं। इसे जनसम्पर्क कार्यालय से प्राप्त कर उसमें दी गई योजनाओं की जानकारी स्वयं प्राप्त कर अन्य महिलाओं को भी दें। कार्यक्रम में जिला सशक्तिकरण अधिकारी नयन सिंह ने महिला सशक्तिकरण के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर आंगनवाडी केन्द्र तक विधिक साक्षरता शिविर की जानकारी पहुंचाई जाएगी। स्वयं सेवी संस्था मानसी के प्रतिनिधि श्री सुदीप श्रीवास्तव ने महिला सशक्तिकरण में स्वयं सेवी संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवी संस्थाएं शासन की योजनाओं को आमजनता तक पहुंचाने तथा आमजनता की कठिनाईयों को शासन पहुंचाने में सराहनीय प्रयास कर रही हैं। सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्वयं सेवी संस्थाओं के सदस्य एवं अन्य संबंधितजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार आशीष बोस द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के बी.एल. विश्नोई द्वारा उपस्थितों के प्रति आभार प्रदर्शित किया गया।
निर्माण कार्य हेतु 2 लाख की राशि जारी
पन्ना 15 जुलाई 13/विधान सभा क्षेत्र पन्ना विधायक श्रीयुत श्रीकान्त की अनुशंसा पर एक निर्माण कार्य हेतु 2 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। जिला योजना अधिकारी पन्ना ने बताया है कि ग्राम पंचायत शाहपुरा के ग्राम गुरूदीन पुरवा में प्राथमिक शाला के पास सी.सी. रोड निर्माण हेतु 2 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है।
जिले में अब तक 480.2 मि.मी. वर्षा दर्ज
पन्ना 15 जुलाई 13/जिले मेें एक जून से अब तक 480.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस संबंध में अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि तहसील पन्ना में 505.2 मि.मी., गुनौर में 409.0 मि.मी., पवई में 441.0 मि.मी, शाहनगर में 433.2 मि.मी. एवं अजयगढ़ में 612.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि मेें जिले में 193.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिसमें तहसील पन्ना में 144.0 मि.मी., गुनौर में 211.0 मि.मी., पवई में 186.0 मि.मी., शाहनगर में 214.0 मि.मी. एवं अजयगढ़ में 212.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। गत वर्षा की तुलना में अब तक लगभग 3 गुना वर्षा हो चुकी है। जिले में 15 जुलाई को 19.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 48.0 मि.मी. औसत वर्षा पवई तहसील में दर्ज की गई।
आंगनवाडी सहायिका पद से पृथक
पन्ना 15 जुलाई 13/जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा पन्ना बी.एल. विश्नोई द्वारा आकस्मिक रूप से हरदी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाडी केन्द्र हरदी की सहायिका श्रीमती भूरी बाई गत 6 माहों से बगैर किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाई गई। उसके इस कृत्य के आंगनवाडी सहायिका के पद से पृथक कर दिया गया है।
आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका का सात दिन का मानदेय काटा गया
पन्ना 15 जुलाई 13/जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा पन्ना बी.एल. विश्नोई द्वारा बताया कि आकस्मिक रूप से निरीक्षण किया गया। आंगनवाडी केन्द्र रामपुर में निरीक्षण के दौरान बन्द पाया गया। जिससे आंगनवाडी की सेवाओं से हितग्राही वंचित रखे जा रहे थे। इसके कारण आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती सुशीला मिश्र एवं सहायिका श्रीमती चन्द्रा बाई को जुलाई माह के मानदेय से 7 दिन से लेकर 7 दिन काटे जाने के साथ-साथ दोनों कर्मियों को अंतिम चेतावनी दी गई कि आंगनवाडी केन्द्र संचालन में किसी तरह की अव्यवस्था/अनियमितता पाए जाने पर बगैर किसी नोटिस के पद से पृथक कर दिया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें