पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 08 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 8 जुलाई 2013

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 08 जुलाई )

श्रीकांत दीक्षित बने जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री
  • प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा ने सौंपा नियुक्ति पत्र, कांग्रेसियों में हर्ष की लहर



पन्ना/ पन्ना जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भास्कर दीक्षित के पुऋ श्रीकांत दीक्षित (पप्पू) को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा ने जिला कांग्रेस कमेटी का महामंत्री नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र सौंपते समय उपाध्यक्ष श्री नीखरा ने का कि यह अत्यंत सौभाग्य की बात है कि हमने श्रीकांत के पिता स्वर्गीय भास्कर दीक्षित को जिला युवक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाये जाने का नियुक्ति पत्र सौंपा था और अपने हाथों से उनके पुत्र को नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। उन्होने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिये पूरी ताकत व निष्ठा के साथ कार्य करते हुए अपने परिवार की जन्मजात कांग्रेस विचारधारा को आगे बढ़ाते हुये पार्टी के लिये आगामी आने वाले चुनाव में अपनी अहम जिम्मेदारी का निर्वहन करें; श्री दीक्षित को ऐन चुनाव के मौके पर महामंत्री बनाये जाने पर निश्चित तौर पर कई राजनैतिक मायने निकाले जा रहे हैं। उनकी नियुक्ति से जिले के कांग्रेसियों में हर्ष की लहर व्याप्त हो गयी है। श्री दीक्षित को महामंत्री बनाये जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डाॅ. घनश्याम शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, महामंत्री सुनील अवस्थी, रम्मूमणि यादव, वी.एन. जोशी, पीयूष शुक्ला, संजय शर्मा, पार्षद नपा विवेक द्विवेदी, शहीद खान, सतीष सिंह यादव, कुरेशा राईन, शशि सक्सेना, मुन्ता बाई प्रजापति, फिरोज खान, रामसनेही गौंड़ शामिल हैं।

वर्षाजनित रोगों से बचाव की करें तत्काल व्यवस्था-कलेक्टर
  • पेंशन प्रकरण लंबित तो नही मिलेगी वेतन-कलेक्टर


पन्ना 08 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्षाजनित रोगों तथा मलेरिया से बचाव के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तत्काल व्यवस्था करें। सडे-गले फल-सब्जी एवं खाद्य पदार्थो की जांच तथा नष्ट करने का कार्य लगातार कराएं। अस्थिवाधित विकलांगों तथा सिलीकोसिस बीमारी से पीडितों के लिए जिला अस्पताल में निःशुल्क जांच उपचार शिविर आयोजित करें। पहाडीखेरा तथा बृजपुर में बाजार के दिन डाक्टर की ड्यिूटी लगाएं। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के अस्पतालों की सतत निगरानी करें। वहां उपचार दवा वितरण तथा साफ- सफाई की समीक्षा करें। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कडी कार्यवाही करें। सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को मच्छर नियंत्रण के लिए फागिंग मशीन के नियमित उपयोग के निर्देश दिए गए थे। इसका पालन न करने वालों पर होगी कठोर कार्यवाही। कलेक्टर ने कहा कि पेंशन, वैकलाॅग भर्ती तथा अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों पर तत्परता से कार्यवाही करें। पेंशन प्रकरणों के लंबित रहने पर संबंधित कार्यालय प्रमुख का वेतन देयक कोषालय अधिकारी मंजूर न करें। उन्होंने सिविल सर्जन को जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देेते हुए कहा कि अस्पताल में व्यवस्थाएं पहले से बेहतर हुई हैं लेकिन अभी काफी प्रयास की आवश्यकता है। साफ-सफाई तथा डाक्टरों की तैनाती पर विशेष ध्यान दें। मुख्य नगरपालिका अधिकारी पन्ना अस्पताल परिसर के कचरे का तत्काल उठाव कराएं। 

उन्होंने पोषण आहार के वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि आंगनवाडी केन्द्रों में नाश्ते का वितरण संतोषजनक नही है। केन्द्रों में मंगल दिवसों का भी आयोजन ठीक से नही किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी इसमें सुधार कराएं। शालाओं तथा आंगनवाडी केन्द्रों में दर्ज बच्चों की तुलना में उपस्थिति बहुत कम है। गणवेश एवं साइकिल का वितरण भी अभी तक नही हुआ है। इसकी राशि शीघ्र जारी कर इनका वितरण कराएं। पंच-परमेश्वर योजना से स्वीकृत निर्माण कार्यो को पूरा कराने पर विशेष ध्यान दें। समग्र स्वच्छता अभियान के तहत बनाए जा रहे शौचालयों के निर्माण की प्रगति संतोषजनक नही है। सभी प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में निर्मित शौचालयों में पानी के पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। जिससे इनका उपयोग किया जा सके। बैठक में समय अवधि पत्रों, जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ तथा जन सुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में पोषण आहार के वितरण, मध्यान्ह भोजन योजना, हाउसिंग बोर्ड के निर्माण कार्यो की प्रगति, वनाधिकार अधिनियम के तहत भू-अधिकार पत्रों के वितरण तथा धर्मस्व शाखा से स्वीकृत निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में अति वर्षा एवं बाढ के संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे, वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता, वन मण्डलाधिकारी आर.सी. विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

परियोजना अधिकारी ने किया 6 छात्रावासों का निरीक्षण 

पन्ना 08 जुलाई 13/छात्रावास की व्यवस्थाओं के सुधार के लिए कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया के निर्देश के अनुसार सभी छात्रावासों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। परियोजना अधिकारी आदिवासी विकास परियोजना पवई पी.के. श्रीवास्तव ने गत दिवस 6 छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने इसके साथ-साथ आश्रम शाला भोपार तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं शालाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में भोजन तैयार करने की व्यवस्था ठीक नही पाई गई। सभी छात्रावासों में दर्ज संख्या की तुलना में विद्यार्थियों की उपस्थिति बहुत कम रही। संबंधित अधीक्षकों को व्यवस्था में सुधार के संबंध में निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि छात्रावासों में पुरानी सामग्री भण्डारित पाई गई। अनुपयोगी सामग्री को तत्काल निस्प्रयोजित करने के निर्देश अधीक्षकों को दिए गए। छात्रावास ककरी कछार का भवन निर्माण कार्य तीन वर्षो से अधूरा है। इसकी निर्माण एजेन्सी लघु उद्योग निगम को कई बार पत्र देने के बावजूद कार्य में प्रगति नही हो रही है। कल्दा, श्यामगिरि तथा मेन्हा में गत 20 दिनों से बिजली की आपूर्ति बाधित है। भितरी मुटमुरू में नवीन शाला भवन स्वीकृत है। भूमि प्राप्त न होने के कारण इसका निर्माण कार्य प्रारंभ नही किया जा सका है। छात्रावास भवन गुरजी, बिरवाही एवं मेन्हा सुधार योग्य हैं। इस संबंध में अधीक्षकों को निर्देश दिए गए। माध्यमिक शाला दिया मंटोला में शिक्षक तीन दिवस से तथा माध्यमिक शाला खबरी में एक शिक्षक 17 जून से 5 जुलाई तक लगातार अनुपस्थित पाए गए। इनमें मध्यान्ह भोजन का भी वितरण नही किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता न होने के कारण कल्दा में टीकाकरण का कार्य नही हो रहा है। कल्दा, गुरजी तथा श्यामगिरि में मध्यान्ह भोजन का वितरण पाया गया। महगंवा बारहो में शाला भवन का निर्माण कार्य अधूरा है। मेन्हा, भोपार तथा मोहारी में निःशुल्क किताबों का वितरण कराया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं शौचालय साफ-सुथरा रखने के संबंध में निर्देश दिए गए। 

जिले में अब तक 391.3 मि.मी. वर्षा दर्ज

पन्ना 08 जुलाई 13/जिले मेें एक जून से अब तक 391.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस संबंध में अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि तहसील पन्ना में 450.8 मि.मी., गुनौर में 327.0 मि.मी., पवई में 292.0 मि.मी, शाहनगर में 384.0 मि.मी. एवं अजयगढ़ में 502.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि मेें जिले में 152.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिसमें तहसील पन्ना में 97.0 मि.मी., गुनौर में 172.0 मि.मी., पवई में 128.4 मि.मी., शाहनगर में 195.8 मि.मी. एवं अजयगढ़ में 170.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। गत वर्षा की तुलना में अब तक लगभग 4 गुना वर्षा हो चुकी है। जिले में 8 जुलाई को 3.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 12.0 मि.मी. औसत वर्षा पवई तहसील में दर्ज की गई। 

मुख्यमंत्री ने दी उपचार सहायता 

पन्ना 08 जुलाई 13/मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने गंभीर रूप से बीमार श्री सुधाकर दीक्षित को उपचार के लिए 75 हजार रूपये की सहायता दी है। यह राशि स्वैच्छानुदान मद से मंजूर की गई है। उपचार के लिए स्वीकृत राशि संबंधित अस्पताल को जारी कर दी गई है। 

हर स्वीकृत खदान का कराएं सीमांकन-कलेक्टर 

पन्ना 08 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पर्यावरण समिति की बैठक में खदानों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। समिति ने नवीन स्वीकृत 5 रेत खदानों के पर्यावरण स्वीकृत प्रस्तावों को मंजूरी दी। बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी स्वीकृत रेत, पत्थर तथा अन्य गौण खनिजों की खदानांे का सीमांकन अनिवार्य रूप से कराएं। जीपीएस द्वारा खदान का क्षेत्रफल निर्धारित करके उसके चारों ओर पक्के सीमा चिन्ह अंकित कराएं। पत्थर की खदानों की धूल से सिलकोसिस बीमारी का खतरा उसमें कार्य करने वाले मजदूरों को बना रहता है। इसे रोकने के लिए पत्थर खदानों में धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी के छिडकाव एवं मजदूरों को शासन द्वारा स्वीकृत मास्क का उपयोग सुनिश्चित कराएं। जो मजदूर सिलकोसिस से पीडित हो गए हैं उनके बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में निःशुल्क शिविर का आयोजन कराएं।  बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नये खदानों के अनुबंध एवं पर्यावरण मंजूरी के लिए कई बिन्दू निर्धारित किए गए हैं। इन सभी बिन्दुओं पर पूरी कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। खनिज विभाग के ई खनिज साफ्टवेयर के अनुसार खदानों के अनुबंध कराएं। बैठक में जिला खनिज अधिकारी के.पी. दिनकर ने बताया कि खदानों से अनुबंध के लिए कई शर्ते निर्धारित की गई है। इनका पूरी तरह से पालन करने वाले प्रस्ताव ही प्रस्तुत किए गए हैं। बैठक में वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता तथा वन मण्डलाधिकारी आर.सी. विश्वकर्मा ने खदानों के संबंध में वन विभाग की नीति तथा पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी। बैठक में सभी एसडीएम उपस्थित रहे। 

बांध की जांच का इश्तहार जारी 

पन्ना 08 जुलाई 13/गत दिवस अधिक वर्षा के कारण भितरी मुटमुरू बांध फूटने की दुर्घटना हुई। इसकी जांच के लिए एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्री बालिम्बे ने इस संबंध में बताया कि बांध फूटने के कारण तथा निर्माण कार्य के तकनीकी पक्षों की जांच की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति को बांध टूटने के संबंध में कोई जानकारी देनी हो तो वह 15 जुलाई 2013 तक कार्यालयीन समय में अपर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। जानकारी लिखित दस्तावेजी तथा मौखिक साक्ष्य के रूप में दी जा सकती है। 

तीर्थदर्शन यात्रा 21 जुलाई को जाएगी पुरी

पन्ना 08 जुलाई 13/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पन्ना जिले के लिए आगामी तीर्थ यात्रा 21 जुलाई को जगन्नाथ पुरी जाएगी। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर के.के. त्रिपाठी ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के गरीब परिवारों के सदस्यांे को निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। यात्रा का लाभ उठाने के लिए अपने तहसील कार्यालय में पात्र व्यक्ति तत्काल आवेदन करंे। जगन्नाथपुरी यात्रा के लिए 260 स्थान पन्ना जिले के लिए निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश देते हुए कहा है कि पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र 14 जुलाई तक प्राप्त करके उसकी सूची जिला कार्यालय को प्रस्तुत करें। निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त होने पर लाटरी निकाल कर यात्रियों का चयन किया जाएगा। 

कोई टिप्पणी नहीं: