शिक्षा ही विकास के द्वार खोलेंगी-कलेक्टर
कलेक्टर ने शाहनगर क्षेत्र में किया कई शालाओं का निरीक्षण
पन्ना 12 जुलाई 13/प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के लिए कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया द्वारा शालाओं, आंगनवाडी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान, ग्रामवार केन्द्र का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस क्रम में कलेक्टर ने शाहनगर तहसील के ग्राम चैपरा, आमा, धरमपुरा, शाहनगर तथा पुरैना में कई निरीक्षण किए। उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था में सुधार, मध्यान्ह भोजन योजना को अधिक कारगर बनाने तथा पोषण आहार वितरण नियमित करने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होेंने ग्राम आरोग्य केन्द्र की व्यवस्थाएं बेहतर करने के भी निर्देश दिए। चैपरा तथा शाहनगर में शालाओं का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों से पठन-पाठन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास के द्वार खोलती है। पूरी लगन के साथ प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा में ज्ञान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ऊंचे से ऊंचा पद प्राप्त कर सकते हैं। शालाओं में पढाई में यदि कमी कर दी गई तो आगे सदैव कठिनाई आएगी। शाला में मध्यान्ह भोजन, गणवेश, साइकिल तथा निःशुल्क किताबें जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं इनका लाभ उठाएं। हर बच्चा नियमित रूप से स्कूल आए। प्राथमिक तथा माध्यमिक शाला चैपरा मेें दर्ज बच्चों की कम उपस्थिति एवं पठन-पाठन व्यवस्था संतोषजनक नही पाया गया। शालाओं में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति नही की गई है। जिससे पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो रहा है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को 7 दिन अवैतनिक करने तथा एक वेतनवृद्धि अवरूद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्र में भी बच्चों की कम उपस्थिति एवं व्यवस्था ठीक न होने पर पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास के 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। चैपरा में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य अधूरा रहने पर उन्होंने संबंधित निर्माण एजेन्सी को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। यही ग्राम आरोग्य केन्द्र में उन्होंने पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश खण्ड चिकित्सा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने शाहनगर में शालाओं तथा आंगनवाडी केन्द्र के बाद अनुसूचित जाति छात्रावास एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रावास में भी बच्चों की उपस्थिति कम पाई गई। यहां भोजन तैयार करने की व्यवस्था भी संतोषजनक नही पाई गई। उन्होंने अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम धरमपुरा में पंच-परमेश्वर योजना से निर्मित सी.सी. रोड का निरीक्षण किया। इसका निर्माण संतोषजनक पाया गया। पुरैना में प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से कई प्रश्न पूछकर पठन-पाठन व्यवस्था की जानकारी ली। प्राथमिक कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन का वितरण ठीक नही पाया गया। उन्होंने भोजन तैयार करने वाले समूह के अध्यक्ष एवं सचिव को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्र में दर्ज बच्चों के पोषण की स्थिति तथा टीकाकरण की जानकारी ली। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने पुरैना में 6 माह से ट्रांसफार्म खराब होने की बात कही। कलेक्टर ने तत्काल दूरभाष पर कार्यपालन यंत्री को दो दिवस में नया ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम शाहनगर अशोक ओहरी, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव पुष्प, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन बी.के. त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बी.के. विश्नोई उनके साथ रहे।
हर विकासखण्ड में बनेंगे पांच-पांच माॅडल ग्राम आरोग्य केन्द्र
समय पर पूरा उपचार देना चिकित्सक की सबसे बडी जिम्मेदारी-कलेक्टर
पन्ना 12 जुलाई 13/आईपीडीपी सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने स्वास्थ्य सेवाओं की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए कई सराहनीय प्रयास हुए हैं। इनके कई अच्छे परिणाम भी निकले हैं। हर रोगी को समय पर पूरा उपचार देना डाॅक्टरों की सबसे बडी जिम्मेदारी है। विभाग में संसाधनों की कमी नही है सचेत तथा संवेदनशील होकर रोगियों को उपचार सहायता उपलब्ध कराएं। शासन की सभी योजनाओं तथा कार्यक्रमों के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इनका पूरी तरह से पालन करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करें। प्रत्येक गांव में ग्राम आरोग्य केन्द्र की स्थापना की गई है। इनमें अभी केवल 9 दवाएं उपलब्ध हैं। हर खण्ड चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने विकासखण्ड में 5-5 माॅडल ग्राम आरोग्य केन्द्र बनाए। केन्द्र के बाहर दवाओं के नाम सुन्दर ढंग से प्रदर्शित करें। इसमें मिलने वाली उपचार सहायताओं को भी प्रदर्शित करें। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम आरोग्य केन्द्र में मलेरिया रोग की जांच के लिए रक्त पट्टी बनाने की व्यवस्था करें। आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा आशा मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के प्रयास करें। सभी गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन करें। जिससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान पूरे उपचार एवं टीकाकरण की सुविधा प्राप्त हो सके। खण्ड स्तर तथा ग्राम स्तर पर कई अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन निर्धारित पत्रकों में इनकी जानकारी प्रस्तुत न करने के कारण इनकी किसी को जानकारी नही है। सभी स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को सचेत करके स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मानीटरिंग कराएं। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल सहित प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कई निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इन्हें समय पर पूरा कराएं। बीएमओ अजयगढ एनआरसी भवन पर तत्काल अधिपत्य प्राप्त करें। इसके प्रवेश द्वार पर आवश्यक सुधार कार्य कार्यपालन यंत्री लोेक निर्माण तीन दिवस में पूरा कराएं। अजयगढ में 10 बिस्तरों के वार्ड एवं मोहन्द्रा में 10 बिस्तरों के वार्ड का निर्माण शीघ्र पूरा कराएं। बृजपुर, सलेहा, पवई तथा देवेन्द्रनगर स्वास्थ्य केन्द्रों के अधूरे कार्य शीघ्र पूरा कराएं। कलेक्टर ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरीकरण की पूरी कार्ययोजना तैयार करें। परिवार कल्याण कार्यक्रम के लिए ग्राम पंचायतवार लक्ष्यों का निर्धारण करके उनकी पूर्ति के लिए अभी से प्रयास करें। प्रत्येक लक्षित दम्पत्ति की जानकारी आशा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनवाडी कार्यकर्ता तथा पंचायत सचिव को अनिवार्य रूप से रहे। जुलाई माह में सभी विकासखण्डों में अंतर्विभागीय बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी। बैठक में जननी सुरक्षा योजना, मलेरिया नियंत्रण, मातृ तथा शिशु मृत्युदर नियंत्रण, संस्थागत प्रसव, जननी एक्सप्रेस योजना तथा जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं पोषण पुर्नवास केन्द्र की व्यवस्थाओं की समीक्ष की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जी.पी. सिंह, सिविल सर्जन डाॅ. राजेश श्रीवास्तव, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री आज करेंगे मार्ग सुविधा केन्द्र का भूमिपूजन
पन्ना 12 जुलाई 13/मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा गाम टांई में मार्ग सुविधा केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है। राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल एवं पर्यटन श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह 13 जुलाई को टांई में दोपहर 12 बजे से आयोजित समारोह में भूमिपूजन करेंगे। समारोह में सांसद श्री जितेन्द्र सिंह बुन्देला, अध्यक्ष मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम डाॅ. मोहन यादव, उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण श्री बाबूलाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुदामा बाई पटेल, अध्यक्ष नगर परिषद पवई श्रीमती विमला वर्मा तथा अध्यक्ष नगर परिषद अमानगंज श्रीमती अंजू मौर्य भी उपस्थित रहेंगी।
कलेक्टर ने उपजेल का किया आकस्मिक निरीक्षण
पन्ना 12 जुलाई 13/उपजेल पन्ना की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में बंदियों को दी जा रही सुविधाओं, जेल की भोजन व्यवस्था तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जेल में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप कडी सुरक्षा व्यवस्था रखें। जेल में किसी भी व्यक्ति को मोबाईल सेट के साथ प्रवेश न करने दें। यहां निगरानी के लिए लगाए गए सी.सी. टी.वी कैमरों से लगातार निगरानी करें। अतिरिक्त कैमरे लगा कर पूरे जेल में सी.सी. टी.वी. से निगरानी की व्यवस्था करें। उन्होंने मौके पर उपस्थित जेल अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि बंदियों से भेंट के लिए आने वाले परिजनों तथा अधिवक्ताओं से सम्मानजनक और अच्छा व्यवहार करें। जेल अधीक्षक तथा सभी जेल प्रहरी हमेशा शासन द्वारा निर्धारित ड्रेस में रहें। कलेक्टर ने विभिन्न बेरकों का निरीक्षण कर बंदियों से जेल में दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जेल का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के समय दिए गए निर्देशों पर तत्परता से कार्यवाही करें। उन्होंने जेल के लिए प्राप्त बजट आवंटन तथा उसके उपयोग की भी जानकारी ली। निरीक्षण के समय एसडीएम पन्ना ओ.पी. सोनी तथा जेल अधीक्षक योगेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे।
दूसरी किश्त के आहरण से रोक हटी
पन्ना 12 जुलाई 13/इंदिरा आवास योजना के अन्तर्गत विकासखण्ड गुनौर में कई हितग्राहियों द्वारा समय पर निर्माण कार्य नही किए जाने के कारण दूसरी किश्त की राशि जारी नही की गई थी। इस संबंध में लेखा अधिकारी जिला पंचायत श्री पाठक ने बताया है कि विकासखण्ड के 88 हितग्राहियों की द्वितीय किश्त के आहरण पर लगी रोक हटा ली गई है। इन हितग्राहियों के संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
युवा पुरस्कार के लिए आवेदन 25 तक
पन्ना 12 जुलाई 13/खेल एंव युवक कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार योजना लागू की गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग द्वारा लागू इस योजना के लिए 25 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। आवेदन पत्र जिला खेल एवं युवक कल्याण कार्यालय नजरबाग पन्ना को प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इस कार्यालय से सम्पर्क करके आवेदन पत्र के संबंध में अन्य जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।
रैगिंग का एक थप्पड कर देगा भविष्य बर्वाद- श्री शर्मा
पन्ना 12 जुलाई 13/विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा डिवाईन पब्लिक स्कूल पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री के.के. त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में बच्चों को मूल अधिकार, मूल कर्तव्य, प्रमुख संवैधानिक प्रावधानों, शिक्षा का अधिकार अधिनियम की जानकारी दी गई। शिविर का शुभारंभ करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश श्री अरविन्द शर्मा ने कहा कि शिक्षा संस्थाओं में सत्र के आरंभ में कई बार रैगिंग की घटनाएं होती हैं। रैगिंग को रोकने के लिए कठोर कानूनी प्रावधान किए गए हैं। किसी विद्यार्थी ने जोश में आकर रैगिंग करते हुए यदि किसी दूसरे विद्यार्थी को एक थप्पड लगा दिया तो वह 5 साल के लिए शिक्षण संस्था से बाहर कर दिया जाएगा। रैगिंग का एक थप्पड विद्यार्थियों का भविष्य चैपट कर देगा। रैगिंग जैसी बुराई से हर विद्यार्थी बच कर रहे। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी और हर नागरिक को संविधान की जानकारी होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की पुस्तिका प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि देश के संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार, कर्तव्य, राष्ट्र गीत, राष्ट्र गान, राष्ट्रीय ध्वज तथा राष्ट्रीय प्रतीक की सभी को जानकारी होना अनिवार्य है। कानून के प्रावधानों की जानकारी होने पर ही हम उसके उल्लंघन से बचेंगे। दो पहिया वाहन पर तीन व्यक्तियों का बैठना, उसे अनियंत्रित गति से चलाना भी अपराध है। किशोर अवस्था जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। इसमें हमने ज्ञान और अनुशासन का पाठ ठीक तरह से पढ लिया तो पूरा जीवन अच्छे से गुजर जाएगा। कई बच्चे इसी अवस्था में उचित मार्गदर्शन न मिल पाने तथा कुसंगत के कारण अपराध की ओर कदम बढा देते हैं। एक बार गलत राह में कदम जाने के बाद फिर संभलना बहुत कठिन होता है। उन्होंने कहा कि किताबों का सच्चा हितैषी और मार्गदर्शक बनाकर प्रत्येक विद्यार्थी ज्ञान प्राप्त करे। न्यायाधीश श्री शर्मा ने कहा कि सफलता के लिए कोई शार्टकट नही होता है। जीवन हमेशा कठिनाईयों से भरा है। जो संघर्ष करके आगे बढते हैं उन्हें ही सफलता प्राप्त होती है। सफलता प्राप्त करने के लिए बहुत बुद्धिमान होना आवश्यक नही है। पूरी लगन से प्रयास करने वाला साधारण विद्यार्थी भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर लेता है। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य श्री उपाध्याय से कहा कि कानून की जानकारी लेकर विद्यार्थी अपना जीवन बेहतर बनाएं। उन्होंने विधिक साक्षरता शिविर के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिवक्ता श्री तिवारी ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए आशीष बोस ने विधिक साक्षरता शिविर के उद्देश्यों, निःशुल्क कानूनी सहायता, बाल संरक्षण अधिनियम, अनिवार्य शिक्षा अधिनियम की जानकारी दी। शिविर में न्यायधीशगण तथा शाला के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें