पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 16 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 16 जुलाई 2013

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 16 जुलाई )

परख कार्यक्रम 18 जुलाई को

पन्ना 16 जुलाई 13/मूलभूत सुविधाओं की निगरानी के परख कार्यक्रम की समीक्षा बैठक 18 जुलाई को प्रातः 11 बजे से कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में आयोजित की जा रही है। इसमें टेली कान्फ्रेन्सिग से मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसमें वर्षा की स्थिति, कृषि आदान, संक्रामक रोगों से बचाव, स्कूल चले हम अभियान की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने सभी संबंधित अधिकारियों से अद्यतन विभागीय जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। 

जनसुनवाई में आए 155 आवेदन
 
पन्ना 16 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों से प्राप्त 155 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। उन्होंने आमजनता से प्राप्त पेंशन, आवास हेतु भूमि, गरीबी रेखा की सूची में नाम जोडने, प्रसूति सहायता, सीमांकन, मजदूरी भुगतान, उपचार सहायता सहित विभिन्न आवेदन पत्रों पर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों को 10 दिवस में निराकृत कर उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सभी कार्यालय प्रमुख कार्यालय में पृथक से पंजी बनाकर जनसुनवाई के आवेदन पत्र दर्ज कराएं। इनके निराकरण की हर सप्ताह समीक्षा करते हुए निराकरण का प्रतिवेदन कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करें। 

राज्यमंत्री श्री सिंह का दौरा कार्यक्रम

पन्ना 16 जुलाई 13/राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल एवं युवक कल्याण तथा पर्यटन श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह 17 जुलाई को रात 9.30 बजे भोपाल से राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से प्रस्थान कर 18 जुलाई को प्रातः 5.50 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। श्री सिंह प्रातः 10 बजे से पर्यटन मंत्रियों के कार्यक्रम में भाग लेकर रात 8.15 बजे नई दिल्ली से यू.पी. सम्पर्क क्रांति ट्रेन से खजुराहो के लिए प्रस्थान करेंगे। वे 19 जुलाई को प्रातः 6.35 बजे खजुराहो पहुंचकर कार द्वारा पन्ना के लिए प्रस्थान करेंगे।                                      

विधिक साक्षरता शिविर आज

पन्ना 16 जुलाई 13/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 17 जुलाई को प्रातः 11 बजे से लिस्यु आनन्द विद्यालय पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के बाद शाला परिसर में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश श्री अरविन्द शर्मा ने बताया कि शिविर में बच्चों को महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, मूल अधिकार तथा मूल कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी।     
नवनियुक्त संविदा शिक्षकों का प्रशिक्षण 20 से 

पन्ना 16 जुलाई 13/राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देश के अनुसार नव नियुक्त संविदा शिक्षक वर्ग-2 का इन्डेक्सन प्रशिक्षण 20 जुलाई से 29 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट पन्ना में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जा रहा है। संस्था के प्राचार्य आर पी भटनागर ने सभी संकुल प्राचार्यो से नवनीत संविदा शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए शालाओं से कार्य  मुक्त करने का अनुरोध किया है।

उचित मूल्य की दुकानें प्रतिदिन खोलें - कलेक्टर

पन्ना 16 जुलाई 13/सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित उचित मूल्य की दुकानें प्रतिदिन खोलने के कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी एसडीएम उचित मूल्य दुकानों की नियमित निगरानी करें। दुकानों से अनाज तथा अन्य सामग्री के वितरण की सतत निगरानी करें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उचित मूल्य की दुकान अनिवार्य रूप से खोले। किन्तु यदि 3 किलो मीटर के भीतर राशन कार्ड धारकों के लिए कोई दुकान न हो तो दूसरी दुकान तत्काल खोलें। शहरी क्षेत्र में 5000 की जनसंख्या पर एक दुकान संचालित करने की व्यवस्था करें। सभी उचित मूल्य दुकानों को प्रातः 9 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दोपहर बाद 3 से शाम 7 बजे तक संचालित करें। शासकीय अवकाशों को छोडकर इनका नियमित संचालन कराएं। इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले सैल्समैनों पर कडी कार्यवाही करें।

निर्वाचन कार्य के समय मौत पर मिलेगा 5 लाख मुआवजा

पन्ना 16 जुलाई 13/निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार निर्वाचन कार्य के समय किसी चुनाव कर्मी की मौत होने पर उसके आश्रितों को 5 लाख की मुआवजा राशि दी जाएगी। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया कि मतदान के दौरान तैनात सभी मतदान कर्मियों को यह बीमा लाभ दिया जाएगा। निर्वाचन के दौरान किसी तरह की दुर्घटना अथवा हिंसक घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होने पर 2 लाख 50 हजार रूपये की सहायता राशि दी जाएगी। मतदान कर्मी के स्थाई रूप से विकलांग हो जाने पर उसे भी 5 लाख रूपये की सहायता दी जाएगी। बीमा सुरक्षा का यह लाभ लोक सभा तथा विधान सभा चुनाव के तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाएगा। 

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की अपील

पन्ना 16 जुलाई 13/मतदान प्रत्येक वयस्क व्यक्ति का अधिकार है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने कहा है कि 1 जनवरी 2013 की अर्हता तारीख को 18 वर्ष या अधिक आयु पूर्ण करने वाले छूटे हुये ब्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। मतदाता सुविधा केन्द्र तहसील कार्यालय तथा बीएलओ से सम्पर्क करके इसके लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए आॅनलाईन ई-रजिस्टेªषन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म0प्र0 की बेबसाईट के माध्यम से भी किया जा सकता है। सूची में नाम शामिल करने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने पर पात्र मतदाता का नाम शामिल करके उसे फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी किया जाएगा। इसी के आधार पर उसे मतदान का अवसर मिलेगा। 

डेरों की तलाशी में मिले वन प्राणियों के अवशेष

पन्ना 16 जुलाई 13/वन प्राणियों के अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए पन्ना टाईगर रिजर्व द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर बमीठा के पास घुमक्कड जाति के डेरों की तलाशी ली गई। तलाशी में रामस्वरूप आदिवासी निवासी लखनऊ के डेरे से वन प्राणियों के अवशेष, छोटे जाल, तीन चाकू, भाला तथा तरल पदार्थ की 7 शिशियां जप्त की गई। यह कार्यवाही पन्ना टाईगर रिजर्व तथा छतरपुर वन वन मण्डल द्वारा संयुक्त रूप से की गई। क्षेत्र संचालक आर. श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध वनप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। 

मेडागास्कर विधि से धान किसानों के लिए वरदान-उप संचालक

पन्ना 16 जुलाई 13/जिले के अधिकतर किसान धान की बोनी के लिये छिटका विधि तथा मचाई करके रोपा विधि का उपयोग करते हैं। इन दोनों विधियों की तुलना में मेडागास्कर विधि कम पानी, कम बीज और बिना खर पतवार के अधिक उत्पादन देती है। परम्परागत विधि से प्रति हेक्टेयर 15 से 20 क्विंटल धान का उत्पादन होता है। इसकी तुलना में मेडागास्कर विधि से 35 से 45 क्विंटल तक धान उत्पादन होता है। उप संचालक कृषि आर.एस. सोलंकी ने किसानों से धान रोपण की मेडागास्कर विधि अपनाने की अपील की है। उप संचालक ने बताया कि मेडागास्कर विधि से प्रति हेक्टेयर केवल 6 से 8 किलो बीज की जरूरत होती है। इसे विशेष तरह की नर्सरी में तैयार किया जाता है। नर्सरी में गहरी जुताई करके मिट्टी को भुरभुरा बनाकर 10 मीटर लम्बी तथा 5 से.मी.ऊॅची क्यारी बनायें। इसमें 50 किलो नाडेप खाद अथवा गोबर की खाद मिलाकर बीज डाल दें। इन्हें ढककर हल्की सिंचाई करें। धान रोपायी के लिये खेत में अच्छी तथा गहरी जुताई करके उसके खर पतवार नष्ट कर दें। पर्याप्त पानी लगाकर रोपाई के लिये खेत तैयार करें। इसमें 15 से 20 दिन की आयु के धान के पौधे रोपित करें। एक स्थान पर केवल एक पौधा लगायें। इन्हें एक कतार से 20-20 से.मी. की दूरी पर लगायें। कतार से कतार की दूरी भी 20 से.मीटर रखें। इसके लिये मार्कर हल का उपयोग करें। निश्चित दूरी पर एक-एक पौधा लगायें। पौधे से पौधे तथा कतार से कतार की दूरी 20 से.मी. अनिवार्य रूप से बनाकर रखें इससे पौधों को पर्याप्त हवा और नमी प्राप्त होगी। खर पतवार होने पर कतार के बीच से कोनाबीडर द्वारा आसानी से इसे निकालकर खाद बनायी जा सकती है। फसल में मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की मात्रा के अनुसार गोबर की खाद नाडेप की खाद तथा वर्मीपिट की खाद का उपयोग करें। कम मात्रा में यूरिया का उपयोग पौधे लगाने के 15 दिन तथा एक माह बाद किया जा सकता है। इस विधि से धान रोपण करने पर खेत में पानी भरने की जरूरत नहीं होती है लेकिन खेत में नमी बराबर बनीं रहे इसकी व्यवस्था करनी चाहिये। धान में कंसे निकलने के समय खेत को दो-चार दिनों के लिये सूखा छोड़ देना चाहिये। इसके बाद इसे पुनः पानी देकर नम कर दें। इस सम्बन्ध में निकट के कृषि विस्तार अधिकारी से भी पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।             
वर्षाजनित रोगों से बचाव की सलाह

पन्ना 16 जुलाई 13/जिले में बारिश प्रारम्भ हो गयी है। तेज वारिश से कई बार पेयजल स्त्रोत दूषित हो जाते हैं। इनके पानी के उपयोग से पीलिया, उल्टीदस्त जैसे संक्रामक रोग फैलते हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा0 जी.पी. सिंह ने आम जनता से दूषित पानी एवं खाद्य पदार्थ का उपयोग न करने तथा वर्षाजनित रोगों से बचाव की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि वातावरण में नमीं बढ़ जाने तथा अधिक तापमान के कारण रोगों के विषाणु अधिक सक्रिय हो जाते हेैं। दूषित पानी एवं भोजन के द्वारा इनका मनुष्यों में संक्रमण होता है। संक्रमण होने पर उल्टीदस्त हैजा, पेचिस, पीलिया,टायफाइड आदि रोगों का प्रकोप होता है। इससे बचाव के लिये साफ पानी का पीने में उपयोग करें। पेयजल स्त्रोत में ब्लीचिंग पावडर तथा लाल दवा डालकर पानी का शुद्धिकरण करें। भोजन में ताजे खाद्य पदार्थो, फल-सब्जी आदि उपयोग करें। पीने के पानी एवं खाद्य पदार्थो को ढककर रखें। भोजन बनाने तथा खाने से पहले एवं शौंच के बाद साबुन से अच्छी तरह से हाथ धोयें। संक्रामक रोगों का शिकार होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र अथवा चिकित्सालय जाकर डाक्टर से जाॅंच कराकर उचित दवायें लें।  बरसात का पानी घरों के आस-पास जमा न होने दंे। नालियों की नियमित सफाई कराते रहें। आस-पास जमा गन्दे पानी में मच्छर पनपते हैं। मच्छरों से बचाव के लिये सोते समय मच्छरदानी का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। बुखार से पीडि़त होने पर खून की जाॅच अवश्य करायें। जाॅच में मलेरिया पाये जाने पर पूरा उपचार करें। 

कोई टिप्पणी नहीं: