पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 30 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 30 जुलाई 2013

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 30 जुलाई )

चुनाव के लिए बोटिंग मशीनों की हो रही जांच

पन्ना 30 जुलाई 13/निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी विधान सभा चुनाव के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्रों में निर्धारित मतदान केन्द्रों में मतदान के लिए इलैक्ट्रानिक बोटिंग मशीनें तैयार की जा रही हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कम्पनी के हैदराबाद से आए इंजीनियर बोटिंग मशीनों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद इन मशीनों को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सील बन्द किया जाएगा। निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने पर इन मशीनों का रेण्डमाईजेशन करके इन्हें मत पत्र लगाकर मतदान के लिए भेजा जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे की देखरेख में मशीनों की जांच पालीटेक्निक महाविद्यालय में की जा रही है। प्रतिदिन लगभग 200 मशीनों की जांच की जाती है। जांच के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मशीनें सील बन्द की जा रही हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मशीनों को कई बार चलाकर उसमें जनप्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों के द्वारा कल्पनिक मतदान किया जाता है। मतदान के दौरान इन्जीनियर मशीनों की तकनीकी जांच करते हैं। जांच का कार्य 30 जुलाई से 10 अगस्त तक किया जाएगा। प्रत्येक मशीन की कन्ट्रोल यूनिट तथा बेलेट यूनिट को बार-बार चलाकर पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही उन्हें सील बन्द किया जाता है। मशीनों की जांच की कार्यवाही ईसीआईएल हैदराबाद के इन्जीनियर केशव, ए. द्वारिकानाथ, एन. विनोद रेड्डी तथा सेल कुमार द्वारा की जा रही है। मशीनों की जांच के समय भारतीय जनता पार्टी के श्री उपेन्द्र मिश्रा तथा बहुजन समाज पार्टी के श्री महेन्द्र वर्मा सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

विधायक पन्ना ने वाद्य यंत्रों के लिए दी 76 हजार की सहायता

पन्ना 30 जुलाई 13/जनसम्पर्क निधि अनुदान से प्रभारी मंत्री जी की अनुशंसा पर विधायक पन्ना ने 14 कार्यो के लिए सहायता राशि मंजूर की है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने बताया कि जनसम्पर्क निधि से विधान सभा क्षेत्र पन्ना में कुल 76 हजार रूपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। इसमें कृष्णा कीर्तन मण्डल ग्राम भखुरी, राग मण्डल ग्राम महुआटोल, कीर्तन मण्डल गुमानगंज, सतगुरू मण्डल ग्राम सिरस्वाहा, बाबा मस्ताना कीर्तन मण्डल पुराना पन्ना, ओम कीर्तन मण्डल कटरा बाजार पन्ना, हठीले अनुमान जी कीर्तन मण्डल रानीगंज पन्ना, ठाकुर बाबा कीर्तन मण्डल ग्राम बरहोकुदकपुर को 5-5 हजार रूपये की राशि वाद्य यंत्र क्रय करने के लिए मंजूर किए गए हैं। इसी तरह श्री हनुमान कीर्तन मण्डल ग्राम शहपुर, पंचज्योति कीर्तन मण्डल ग्राम गहरा तथा परम महिला कीर्तन मण्डल साइंस काॅलेज पन्ना को भी 5-5 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है। श्री बिहारी जू कीर्तन मण्डल ग्राम लुहरहाई, श्री राधाकृष्ण कला मण्डल ग्राम अहिरगवां कैम्प तथा श्री सारंगधर मंदिर कीर्तन मण्डल ग्राम पंचायत अहिरगवां को 7-7 हजार रूपये की राशि वाद्य यंत्र क्रय करने के लिए दी गई है। उन्हांेने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवंटित राशि के उपयोग निर्धारित मापदण्डों के अनुसार सुनिश्चित करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 

विकेन्द्रीकृत योजना के लिए दल गठित

पन्ना 30 जुलाई 13/शासन द्वारा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आमजनता की मांग तथा अपेक्षा के अनुरूप इनकी वार्षिक कार्ययोजना तैयार की जाती है। इसके लिए विकेन्द्रीकृत जिला योजना 2014-15 का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। प्रारूप तैयार करने के लिए कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने जिला स्तरीय दल का गठन किया है। दल में सभी प्रमुख विभागों के कार्यालय प्रमुख शामिल किए गए हैं। यह दल नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों तथा जनपद पंचायतों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा करके जिले की वार्षिक कार्ययोजना तैयार करेेगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया कि विकेन्द्रीकृत योजना के लिए कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय दल मंे मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, वन मण्डलाधिकारी, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एंव बाल विकास तथा जिला प्रबंधक डीपीआईपी परियोजना को शामिल किया गया है। दल मंे विद्युत मण्डल, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा पीएचई के कार्यपालन यंत्रियों को भी शामिल किया गया है। दल में उप संचालक कृषि, उप संचालक पंचायत, जिला योजना अधिकारी, सहायक संचालक उद्यानकी, उप संचालक पशु पालन, सहायक संचालक मछली पालन, महाप्रबंधक उद्योग, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण, खाद्य अधिकारी, सहायक पंजीयक सहकारी समितियां तथा खेल अधिकारी को भी शामिल किया गया है। प्राचार्य छत्रसाल काॅलेज, कन्या महाविद्यालय एवं तकनीकी शिक्षा, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद के साथ-साथ हाथकरघा, ग्रामोद्योग, ऊर्जा विकास निगम एवं रेशम विभाग के अधिकारियों को भी दल में शामिल किया गया है। 

तीर्थदर्शन यात्रा 7 अगस्त को जाएगी द्वारिका 

पन्ना 30 जुलाई 13/मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के गरीब वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थयात्रा कराई जाती है। पन्ना जिले के 147 तीर्थयात्रियों के लिए विशेष तीर्थदर्शन ट्रेन 7 अगस्त को सतना रेलवे स्टेशन से द्वारिकाधीश के लिए रवाना होगी। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर के.के. त्रिपाठी ने बताया कि तीर्थ यात्रा में भोजन, आवास, नास्ता, चाय आदि की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। प्रत्येक गरीब वृद्धजनों को इस योजना से केवल एक बार तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। सभी एसडीएम तथा तहसीलदार पात्र व्यक्तियों का आवेदन पत्र प्राप्त करके सूची तत्काल कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करें। पटवारियों तथा ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से तीर्थ यात्रा की तिथियों का प्रचार-प्रसार करके पात्र वृद्धजनों के आवेदन पत्र प्राप्त करें। गत तीन यात्राओं में पवई, शाहनगर, गुनौर, रैपुरा, अमानगंज तथा सिमरिया तहसील के तीर्थयात्रियों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। इन तहसीलों के तहसीलदार पात्र वृद्धजनों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें तीर्थयात्रा से लाभान्वित कराएं। उन्होंने आमजनता से भी इस योजना से लाभ उठाने की अपील की है। 

मीडिया कार्यशाला अब एक अगस्त को

पन्ना 30 जुलाई 13/पेड न्यूज तथा माता का दूध अमृत समान विषय पर मीडिया कार्यशाला अब एक अगस्त को दोपहर 11.30 बजे से आईपीडीपी सभागार पन्ना में आयोजित की जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बी.एल. विश्नोई ने इलेक्ट्रानिक एवं प्रिंट मीडिया के जिला प्रतिनिधियों से कार्यशाला में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है। 

कृषि राज्यमंत्री ने 11 को दी उपचार सहायता

पन्ना 30 जुलाई 13/राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल एवं पर्यटन श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने स्वैच्छानुदान मद से 11 पीडितों को उपचार के लिए 81 हजार रूपये की सहायता दी है। इस संबंध में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया है कि दिनेश नामदेव चन्द्रनगर, रामदयाल सोनी मढियाकला को 5-5 हजार रूपये की उपचार सहायता मंजूर की गई है। कढोरी पटेल मोहन्द्रा, रामशरण पटेल मोहन्द्रा, लल्लू ढीमर मोहन्द्रा, बली पटेल मोहन्द्रा, दुखीराम काछी मोहन्द्रा तथा योगेन्द्र कुमार तिवारी मोहन्द्रा को 10-10 हजार रूपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। इसी तरह तांतू निवासी मझगवां सरकार को तीन हजार एवं स्वामीदीन दहायत निवासी मझगवा सरकार तथा रामकरण दहायत निवासी सरवारा को 4-4 हजार रूपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। उन्होंने संबंधित तहसीलदारों को स्वीकृत के तत्काल वितरण के निर्देश दिए हैं। 

जनसुनवाई में कलेक्टर ने दी तीन को सहायता 
 
पन्ना 30 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया द्वारा 145 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने तीन पीडितों को उपचार के लिए रेडक्रास द्वारा तत्काल सहायता राशि मंजूर की। उन्होंने श्री जयप्रकाश लखेरा टिकुरिया मोहल्ला पन्ना दो 2500 रूपये, श्री राजकुमार मिश्रा भवानीपुर को 3 हजार रूपये तथा श्रीमती पार्वती खंगार निवासी रानीगंज पन्ना को 2 हजार रूपये उपचार सहायता के रूप में मंजूर किए। कलेक्टर ने इन्हें राज्य बीमारी सहायता से तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजनता से प्राप्त पेंशन, आवास हेतु भूमि, गरीबी रेखा की सूची में नाम जोडने, प्रसूति सहायता, सीमांकन, मजदूरी भुगतान, उपचार सहायता, विद्युत कनेक्शन, बैंक से भुगतान, सहित विभिन्न आवेदन पत्रों पर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों को 10 दिवस में निराकृत कर उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।  

लापरवाह कार्यकर्ता पद से पृथक
 
पन्ना 30 जुलाई 13/गत दिवस परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास द्वारा आंगनवाडी केन्द्र विक्रमपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र में कई अनियमितताएं पाई गई। केन्द्र में पोषण आहार का वितरण अनियमित पाया गया। आंगनवाडी कार्यकर्ता द्वारा कुपोषित बच्चों की ठीक से देखभाल नही की जा रही। आंगनवाडी का रिकार्ड भी ठीक से संधारित नही पाया गया। जिसके कारण जिला कार्यक्रम अधिकारी बी.एल. विश्नोई ने आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती सुशीला गौड को पद से पृथक करने के आदेश दिए हैं। 

विधिक साक्षरता शिविर आज
 
पन्ना 30 जुलाई 13/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 31 जुलाई को दोपहर 2 बजे से छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों, मूल अधिकारों तथा प्रमुख कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। 

जिला स्तरीय गोपाल प्रतियोगिता एक अगस्त से 
 
पन्ना 30 जुलाई 13/देशी नस्ल के गौवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए शासन द्वारा गोपाल पुरस्कार योजना आरंभ की गई है। इसके तहत जिलेभर में विकासखण्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। जिला स्तरीय गोपाल प्रतियोगिता एक तथा दो अगस्त को जिला पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित की जा रही है। इस संबंध पशुपालन अधिकारी डाॅ. एच.सी. जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में अधिकतम दूध देने वाली भारतीय नस्ल की 10 गायों का चयन कर लिया गया है। इनमें सर्वाधिक दूध देने वाली गाय को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रूपये तथा तीसरा पुरस्कार 15 हजार रूपये दिया जाएगा। उन्नत गौपालकों को 5-5 हजार रूपये के सात सान्त्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं: