यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा देने वाले राजकुमार दांगी के पिता भुजबल सिंह ने पूर्व वित्तमंत्री राघवजी को क्लीनचिट देते हुए अपने ही बेटे को ब्लैकमेलर बताया है। विदिशा जिले के कुरवाई के राजकुमार दांगी द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद राघवजी को मंत्री पद की कुर्सी गंवाना पड़ी थी। शनिवार की रात को राजकुमार के पिता भुजबल सिंह दांगी कुछ लोगों के साथ अचानक राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र पहुंचे जहां उन्होंने एक आवेदन देकर कहा कि उनका बेटा आदतन शिकायतें करता रहता है, वह इसके एवज में रुपये भी वसूलता है। उन्होंने दो घटनाओं का हवाला भी दिया है, जिसमें राजकुमार ने इसी तरह के आरोप लगाए थे।
भुजबल का कहना है कि उनका बेटा मानसिक रुप से बीमार है और पिछले एक माह से लापता है। उन्होंने राघवजी को पूरी तरह से निर्दोश करार दिया। उन्होंने कहा कि राघवजी ने राजकुमार को बेटे की तरह रखा। पुलिस ने भुजबल का आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। यहां बता दें कि हबीबगंज थाने में शिकायत देने के बाद से राजकुमार लापता है। पुलिस उसे खोज रही है, मगर तीन दिनों बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें